'कबीर सिंह देखकर शादी होती तो भाग जातीं', कपिल के शो में मीरा ने खोली शाहिद कपूर की पोल; जमकर लगे ठहाके
कॉमेडियन कपिल शर्मा के फेमस शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो: सीजन 5' का लेटेस्ट प्रोमो रिलीज हो चुका है, जिसे देखने के बाद फैंस की एपिसोड को लेकर काफी एक्साइटमेंट बढ़ गई है. दिवाली स्पेशल एपिसोड में शाहिद कपूर, मीरा राजपूत कपूर और ईशान खट्टर नजर आएंगे. आइए प्रोमो पर नजर डालते हैं-
मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो: सीजन 5' के दिवाली स्पेशल एपिसोड में बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर अपनी पत्नी मीरा राजपूत और भाई ईशान खट्टर के साथ नजर आने वाले हैं. हाल ही में मेकर्स ने एक लेटेस्ट प्रोमो वीडियो शेयर किया है, जिसे देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट काफी ज्यादा बढ़ गई है. इस लेटेस्ट एपिसोड का पहला प्रोमो वीडियो बुधवार को नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. यह प्रोमो वीडियो एक मिनट 52 सेकंड का है, जिसे देखने के बाद आपको भी मजा आ जाएगा.
इस प्रोमो वीडियो में आपको शाहिद कपूर, मीरा राजपूत और ईशान खट्टर नजर आएंगे. प्रोमो में ये तीनों मेहमान जमकर जोक भी मारते नजर आएंगे. इस प्रोमो वीडियो की शुरुआत शाहिद, मीरा और ईशान की एंट्री के साथ होती है, जिसके बाद शाहिद कपूर और ईशान खट्टर ने 'झिंग झिंग झिंगाट' गाने पर डांस कर स्टेज ही हिला दिया. उन्होंने बेहद एनर्जी भरे अंदाज में डांस किया. दोनों की परफॉर्मेंस देखकर नवजोत सिंह सिद्धू भी काफी खुश हो जाते हैं और कहते हैं कि 'दो भाई दोनों तबाही.'
देखें शो का लेटेस्ट प्रोमो वीडियो
इस दौरान कपिल शर्मा ने मीरा से सवाल किया कि शायद यह आपका पहला टीवी अपीयरेंस है? इस पर मीरा राजपूत ने जवाब दिया कि हां. इस दौरान शाहिद ने अपनी फिल्म 'उड़ता पंजाब' के दौर का एक किस्सा शेयर किया. शाहिद ने बताया, 'उड़ता पंजाब जब पूरी की, तो आपको मालूम होगा कि एडिटिंग रूम में आपको बुलाकर फिल्म दिखाते हैं और ये मेरे साइड में बैठी हुई थी. फिल्म खत्म हुई, तो ये सोफे के उस तरफ बैठ गई.' जिसके बाद कपिल शर्मा बोलते हैं, 'कबीर सिंह देखकर शादी होती, फिर तो भाग जाती.'
यह भी पढ़ें- रणबीर की 'रामायण' में सनी देओल का इंतजार खत्म? पोस्ट-क्रेडिट सीन में मिलेगा बड़ा सरप्राइज, मिला ये हिंट
शाहिद ने सुनाया ईशान के साथ का बचपन का किस्सा
कपिल शर्मा के शो में शाहिद कपूर ने बचपन का किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि कैसे वे बचपन में ईशान के डायपर भी बदलते थे. उन्होंने कहा, 'बचपन में मैंने इसके डायपर भी बदले हैं. बुढ़ापे में ये कह रहा है कि मेरे बदल देगा.' इस बात पर ईशान खट्टर खूब हंसते हैं. इस प्रोमो वीडियो को देखने के बाद दर्शकों को काफी मजा आया. हर कोई इस एपिसोड की जमकर तारीफ कर रहा है.
अर्चना ने मीरा से किया सवाल
वहीं, इस प्रोमो के आखिर में अर्चना पूरन ने मीरा से सवाल किया कि क्या शाहिद बच्चों को बहुत प्यार करने वाले पिता हैं? इस पर मीरा ने जवाब दिया कि 'बहुत ज्यादा.' शाहिद बच्चों को बहुत प्यार करते है और बिगाड़ते भी हैं, लेकिन गलत चीजों में बिल्कुल नहीं.