SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न कोई स्क्रिप्ट, न कोई कैमरा... बस गहरी नींद में अचानक शुरू हो जाता था इस एक्टर का अनोखा नाटक! छोटे भाई ने किया खुलासा

बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल और उनके भाई सनी कौशल की बॉन्डिंग किसी से छुपी नहीं है. दोनों भाई अक्सर एक दूसरे का मजाक बनाते हुए नजर आते हैं. इस बीच हाल ही में सनी ने अपने बड़े भाई विक्की से जुड़ा एक पुराना और दिलचस्प किस्सा सुनाया.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 15, 2026, 13:53 IST | Updated: Nov 15, 2026, 14:04 IST
Join

वर्सेटाइल एक्टर विक्की कौशल आज अपनी शानदार एक्टिंग और डांसिंग स्टाइल से लाखों दिलों पर राज कर रहे हैं. लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि एक्टिंग का ये कीड़ा उनके भीतर बचपन से ही मौजूद था, यहां तक कि गहरी नींद में भी वो बस इसी के बारे में सोचते थे. बचपन में विक्की को नींद में बातें करने की ऐसी अनोखी आदत थी कि घरवाले भी हैरान रह जाते थे कि आखिर ये सच में जाग रहे हैं या फिर सपनों की दुनिया में कोई सीन परफॉर्म कर रहे हैं.

विक्की की इस बेहद मजेदार और दिलचस्प आदत का खुलासा उनके छोटे भाई सनी कौशल ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के पहले सीजन में किया था. शो के दौरान बातचीत करते हुए सनी कौशल ने अपने बड़े भाई की बचपन की शरारतों और नींद में बोलने की आदत पर से पर्दा उठाया.

विक्की को देख माता-पिता भी रह गए हैरान

एक्टर और विक्की कौशल के छोटे भाई सनी ने बताया कि आम लोग जहां नींद में हल्का-फुल्का बड़बड़ाते हैं, वहीं विक्की सोते हुए भी पूरे हाव-भाव के साथ बातचीत करते थे. सनी के मुताबिक, कई बार ये अंदाजा लगाना नामुमकिन हो जाता था कि विक्की होश में हैं या गहरी नींद में है. उनकी हरकतें बिल्कुल किसी लाइव परफॉर्मेंस जैसी लगती थीं, जिसे देखकर माता-पिता और आसपास के लोग भी हैरान रह जाते थे.


जब गहरी नींद में सनी से चेक करवाया अपना 'एग्जाम पेपर'

सनी ने इस आदत से जुड़ा एक बेहद मजाकिया किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर शो में मौजूद हर शख्स हंसते-हंसते लोटपोट हो गया. सनी ने बताया कि एक रात दोनों भाई एक ही कमरे में सो रहे थे. विक्की करीब 45 मिनट पहले ही सो चुके थे और सनी सोने की तैयारी कर रहे थे.

उसी समय अचानक विक्की ने चादर हटाई और सनी से बोले, 'चेक करो.' जब सनी ने हैरानी से पूछा कि क्या चेक करना है, तो विक्की ने गहरी नींद में ही जवाब दिया, 'मेरा पेपर हो गया है, चेक करो.'  सनी समझ गए कि विक्की सो रहे हैं, इसलिए उन्होंने जगाने के बजाए उनकी हां में हां मिलाई, जिसके बाद विक्की चैन से फिर सो गए.

विक्की की इस हरकत से घर में मचा हंगामा

विक्की की इस स्लीप-टॉकिंग आदत का शिकार सिर्फ सनी ही नहीं, बल्कि उनकी मां भी हो चुकी हैं. शो के दौरान खुद विक्की ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि एक रात वो गहरी नींद में थे और अचानक हड़बड़ा कर उठ बैठे. उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि कोई उनकी मां का पर्स छीनकर भाग गया है. उनकी इस हरकत से घर में कुछ पल के लिए अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि ये सब उनके सपने का हिस्सा था.

विक्की कौशल  के करियर के बारे में

विक्की कौशल के करियर की बात करें तो, उन्होंने फिल्म 'मसान' से अपनी जबरदस्त पहचान बनाई थी. इसके बाद 'राजी', 'संजू' और 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के टॉप एक्टर्स की कतार में खड़ा कर दिया, जहां 'उरी' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला. 'सरदार उधम', 'सैम बहादुर' और 'छावा' जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवाने के बाद विक्की अब संजय लीला भंसाली की मच-अवेटेड फिल्म 'लव एंड वॉर' और 'महावतार' जैसी बड़े बजट की फिल्मों के जरिए लोगों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES