SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Netflix की डॉक्यूमेंट्री पर सुकेश चंद्रशेखर का कानूनी वार! Love, Scam Aur Dhokha को भेजा लीगल नोटिस

नेटफ्लिक्स पर सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' जल्द ही रिलीज होने वाली है. लेकिन उससे पहले इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. सुकेश द्वारा इसकी रिलीज रोकने और शर्तें मानने की मांग को लेकर मेकर्स और नेटफ्लिक्स को नोटिस भेजा गया है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 27, 2026, 13:52 IST | Updated: Nov 27, 2026, 14:24 IST
Join

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सच्ची घटनाओं और अपराधों पर बेस्ड डॉक्यूमेंट्रीज को लेकर अक्सर विवाद खड़े हो जाते हैं, खासकर जब मामला अदालत में चल रहा हो. अब सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ी अपकमिंग डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' को लेकर नई कानूनी हलचल सामने आई है, जिसमें रिलीज को रोकने और कई शर्तें मानने की मांग के साथ मेकर्स और नेटफ्लिक्स को नोटिस भेजा गया है. सुकेश चंद्रशेखर के कानूनी रिप्रेजेंटेटिव अनंतम लीगल की ओर से एडवोकेट अनंत मलिक ने ये नोटिस जारी किया है, जिसमें निर्माताओं और नेटफ्लिक्स को जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है.

इस नोटिस में ये मांग की गई है कि 18 दिसंबर को स्ट्रीम होने वाली इस डॉक्यूमेंट्री की रिलीज तब तक होल्ड पर रखी जाए, जब तक उन आपराधिक मुकदमों में अभियोजन पक्ष के एविडेंस दर्ज नहीं हो जाते, जिन पर ये प्रोजेक्ट बनाया गया है. नोटिस में कहा गया कि डॉक्यूमेंट्री में जिन आरोपों का जिक्र है, वो अदालत की कार्यवाही का हिस्सा हैं.

डॉक्यूमेंट्री में नहीं दिखाया सुकेश का पक्ष

कथित 200 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन और तिहाड़ जेल के भीतर की घटनाओं से जुड़ा मामला राउज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल अदालत (MCOCA) में विचाराधीन है, जहां एविडेंस दर्ज किए जा रहे हैं और अगली सुनवाई 30 नवंबर तय है. ये भी दावा किया गया है कि निर्माताओं ने सुकेश का पक्ष जानने के लिए उनसे कॉन्टैक्ट नहीं किया, इसे 'पब्लिक ट्रायल' करार दिया गया है और कहा गया है कि एक मामले को छोड़कर, जिसकी अपील लंबित है, उन्हें किसी दूसरे केश में दोषी नहीं ठहराया गया है.

पोस्टर से एक शब्द हटाने की शर्तें

कानूनी नोटिस के जरिए केवल रिलीज टालने तक ही बात सीमित नहीं रखी गई है, बल्कि डॉक्यूमेंट्री की प्री-स्क्रीनिंग कराने की मांग भी की गई है. इसके साथ ही लिखित आश्वासन मांगा गया है कि लिस्टेड केस में प्रॉसिक्यूशन एविडेंस पूरे होने से पहले फिल्म या उसका ट्रेलर जारी नहीं किया जाएगा और उन प्रमोशनल वीडियोज और फोटो को हटाने को कहा गया है जिनमें उन्हें 'कॉनमैन' बताया गया है, जबकि फिलहाल निर्माताओं और नेटफ्लिक्स की तरफ से कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है.

दो साल की रिसर्च, 18 दिसंबर की प्रीमियर डेट

नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को इस डॉक्यूमेंट्री की अनाउंसमेंट करते हुए इसे ऐसे व्यक्ति की कहानी बताया था जिस पर बड़े लेवल पर धोखाधड़ी की साजिश रचने के आरोप हैं. बताया गया है कि इसे तैयार करने में दो सालों की रिसर्च की गई है ताकि सुकेश की बैकग्राउंड और तिहाड़ जेल के भीतर से इतने बड़े लेवल पर कथित गतिविधियों के ऑपरेशन को समझा जा सके और मौमिता सेन और नियंता शेखर के निर्देशन तथा चांदनी अहलावत डबास के निर्माण में बनी ये डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर, 2026 को स्ट्रीम होने वाली है.

200 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन का मामला, अपील का पहलू

सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी केस का सूत्रधार होने का आरोप है, जिसमें कहा गया कि रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान उन्होंने सीनियर सरकारी ऑफिसर का रूप बनाकर 2020-21 में रैनबैक्सी के एक्स-प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से पति को जेल से बाहर निकलवाने के नाम पर बड़ी रकम वसूली. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद मकोका के तहत आरोपपत्र दायर हुआ था, इस मामले में 8 साल कारावास की सजा सुनाई गई थी और फैसले के खिलाफ अपील जारी है.

अदालत के फैसले, ओटीटी रिलीज के बीच की खींचतान

ये पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब एक तरफ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कॉन्ट्रोवर्शियल मामलों को विस्तार से दिखाने की होड़ है और दूसरी तरफ विचाराधीन मुकदमों के दौरान निष्पक्ष सुनवाई और छवि से जुड़े सवाल उठते रहते हैं. आने वाले दिनों में ये देखना दिलचस्प होगा कि 18 दिसंबर, 2026 की तय तारीख से पहले इस कानूनी नोटिस का क्या असर पड़ता है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES