रिलीज से पहले रचने जा रही इतिहास! राजामौली-महेश बाबू की ‘वाराणसी’ के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच मची होड़, करोड़ों में लग रही बोली; हिल गया पूरा तेलुगु सिनेमा
SS Rajamouli Varanasi Theatrical Rights: एसएस राजामौली और महेश बाबू की आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर एक ट्रेड मार्केट में भारी हलचल मचा रहा है. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के थियेट्रिकल राइट्स के लिए करोड़ों की बोली लग रही है. तीन बड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच मची इस होड़ ने ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड भी खतरे में डाल दिया है.
एसएस राजामौली और महेश बाबू की आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सिनेमा बाजार में जबरदस्त हलचल मची हुई है. फिल्म के थियेट्रिकल रिलीज में अभी काफी वक्त बाकी है, लेकिन इसके डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स को लेकर अभी से बड़े-बड़े खरीदार मैदान में कूद पड़े हैं. तेलुगु राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के राइट्स इस समय पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सबसे बड़ी चर्चा का विषय बने हुए हैं. तेलुगु ट्रेड से आ रही ताजा खबरों की मानें तो इन दोनों राज्यों के लिए मेकर्स को 275 करोड़ रुपये से भी ज्यादा के बड़े ऑफर मिल रहे हैं. अगर ये डील पक्की होती है, तो ये भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास रच देगी.
हालांकि, अभी तक इस डील को लेकर कोई भी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया गया है. ट्रेड के जानकारों का साफ कहना है कि 275 करोड़ से ऊपर का ये आंकड़ा फिलहाल खरीदारों की तरफ से दिया गया एक ऑफर है, इसे अंतिम बिजनेस डील नहीं मानना चाहिए. असल में इस फिल्म को लेकर डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच बातचीत काफी पहले ही शुरू हो चुकी थी. तेलुगु ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरूआती दौर में दिल राजू और मैत्री मूवी मेकर्स ने इसके निजाम इलाके के राइट्स में गहरी दिलचस्पी दिखाई थी. उस समय मैत्री मूवी मेकर्स ने काफी ऊंची बोली लगाकर बाकी लोगों को हैरान कर दिया था.
तेलुगु सिनेमा के 3 बड़े धुरंधर रेस में शामिल
सैकनिल्क की ओर से अब ताजा ट्रेड रिपोर्ट में ये सामने आया है कि केवल एक या दो नहीं, बल्कि तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के तीन सबसे बड़े डिस्ट्रीब्यूटर इस फिल्म को खरीदने की होड़ में लगे हैं. इनमें दिल राजू, मैत्री मूवी मेकर्स और सितारा एंटरटेनमेंट्स का नाम सबसे आगे चल रहा है. ये तीनों ही बड़े खिलाड़ी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के राइट्स अपनी झोली में डालने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं. हर कोई जानता है कि राजामौली और महेश बाबू का मेल पर्दे पर कितना बड़ा धमाका कर सकता है. यही वजह है कि कोई भी डिस्ट्रीब्यूटर इस सुनहरे मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहता है.
‘पुष्पा 2’ और ‘आरआरआर’ का रिकॉर्ड खतरे में
‘वाराणसी’ को लेकर जिस तरह के आंकड़े सामने आ रहे हैं, वैसे नंबर भारतीय सिनेमा के बाजार में बहुत कम देखने को मिलते हैं. अगर पुरानी बड़ी फिल्मों से इसकी तुलना करें, तो ये फर्क साफ नजर आता है. अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ के तेलुगु राइट्स करीब 215 करोड़ रुपये में बिकने की खबरें आई थीं. वहीं, राजामौली की अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ के राइट्स लगभग 190 करोड़ रुपये में बिके थे. अगर 215 करोड़ के मौजूदा बेंचमार्क से तुलना की जाए, तो ‘वाराणसी’ के लिए मिल रहा 275 करोड़ का ये ऑफर सीधे-सीधे 50 से 60 करोड़ रुपये ज्यादा की छलांग दिखाता है.
320 करोड़ के पार जा सकती है अंतिम डील
ट्रेड पंडितों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि मेकर्स आखिरकार किस कीमत पर ये डील फाइनल करेंगे. महीने की शुरुआत में आई कुछ रिपोर्ट्स का दावा था कि फिल्म के मेकर्स आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से इससे भी बड़ी रकम हासिल करने का मन बना रहे हैं. कयास तो यहां तक लगाए जा रहे हैं कि मेकर्स इस डील को 320 करोड़ रुपये या उससे भी ऊपर ले जाना चाहते हैं. हालांकि, ये आंकड़े अभी सिर्फ ट्रेड के अंदर चल रही चर्चाओं पर आधारित हैं. जब तक मेकर्स की तरफ से पक्का ठप्पा नहीं लगता, तब तक इसे फाइनल सेल नहीं कहा जा सकता.
ग्लोबल कहानी और सितारों की जबरदस्त फौज
अगले साल 2027 में रिलीज होने वाली इस फिल्म के लिए चल रही इतनी जबरदस्त बोली की असली वजह इससे जुड़ी भारी उम्मीदें हैं. ये पहला मौका है, जब एसएस राजामौली और सुपरस्टार महेश बाबू एक साथ किसी फिल्म के लिए काम कर रहे हैं. उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे पैन इंडिया और ग्लोबल स्टार्स भी लीड रोल में नजर आने वाले हैं. राजामौली पहले ही बता चुके हैं कि ‘वाराणसी’ की कहानी सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं है. ये कहानी वाराणसी की पावन धरती से लेकर अंटार्कटिका, अफ्रीका के जंगलों और प्राचीन रोम के दौर तक एक बेहद रोमांचक सफर तय करती नजर आएगी.