'बेशरम रंग', 'खुदा जाने' और 'शेर खुल गए' जैसे सुपरहिट गानों के लिए फेमस सिंगर शिल्पा राव के साथ मुंबई के एक बड़े बॉलीवुड म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने उन्हें और उनके चाहने वालों को हैरान कर दिया. अपनी जादुई आवाज से लोगों के दिलों पर राज करने वाली शिल्पा जब स्टेज पर परफॉर्मेंस दे रही थीं, तब उनके साथ किया गया व्यवहार इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है. इस इवेंट में कई कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस दी, लेकिन शिल्पा राव का शो जिस तरह से अचानक और बिना किसी अनाउंसमेंट के बीच में रोका गया, उसने म्यूजिक इंडस्ट्री में एक नई बहस छेड़ दी है.
इस म्यूजिक प्रोजेक्ट में सब कुछ ठीक चल रहा था, तभी अचानक शिल्पा राव का परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दिया गया. खबरों के मुताबिक, जब वो ऑडियंस से मुखातिब होने और अपना सेट पूरा करने की तैयारी कर रही थीं, तभी उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया. इतना ही नहीं, माइक और स्टेज की लाइटें दोबारा चालू होने के इंतजार में उन्हें करीब 15-20 मिनट तक स्टेज पर ही खड़े रहना पड़ा.
शिल्पा राव के इस कॉन्सर्ट में मौजूद फैंस लगातार उनका नाम पुकार रहे थे और चाहते थे कि वो अपनी परफॉर्मेंस जारी रखें, लेकिन आयोजकों की तरफ से उन्हें कोई एक्स्ट्रा टाइम नहीं दिया गया. इस घटना के बाद एक और बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या स्टेज पर जेंडर बायस यानी पक्षपात किया गया? खबरों के अनुसार, इस इवेंट में परफॉर्म कर रहे दूसरे मेल सिंगर्स को स्टेज पर पूरा और जरूरी समय दिया गया, जबकि शिल्पा राव को उनके हिस्से का समय भी पूरा नहीं करने दिया गया. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है.
ऑडियंस से ढंग से रूबरू न हो पाने और शो के इस तरह अचानक बंद होने से दुखी होकर शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया. उन्होंने अपने मैसेज में लिखा, 'मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा सा टुकड़ा टूट गया. इतनी खूबसूरत चीज को हमसे इस तरह छीन लेना बहुत दुख देता है. लेकिन जब म्यूजिक बंद हुआ, तब भी तुमने नहीं... तुम्हारी आवाजों में जो प्यार था, मैं महसूस कर सकती थी.' सिंगर ने अपने फैंस के अटूट प्यार के लिए उनका शुक्रिया अदा किया और वादा किया कि वो जल्द ही एक बार फिर मुंबई लौटेंगी और अपनी इस अधूरी परफॉर्मेंस को पूरा करेंगीं.
लाइव कॉन्सर्ट के दौरान कलाकारों के साथ इस तरह के बर्ताव की ये कोई पहली घटना नहीं है. हाल ही में दिग्गज सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद भी सुर्खियों में रहा था, जहां उत्तराखंड के एक कैबिनेट मंत्री ने टूरिज्म मेले में मंच पर ही उन्हें डांट दिया था और उनकी सिंगिंग पर सवाल उठाए. उस घटना के बाद मीका सिंह और गुरदीप मेहंदी ने कड़ा विरोध जताया था. अब शिल्पा राव के साथ मुंबई में हुई इस घटना ने एक बार फिर से ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या देश के बड़े मंचों पर कलाकारों को उनका बनता हुआ सम्मान और सुरक्षा मिल पा रही है या नहीं.