क्यों शत्रुघ्न सिन्हा ने 1 दिन पहले PM Modi को किया बर्थडे विश? बेहद खास है वजह; लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर बोले- ‘कैसा लगा आइडिया सरजी...?’
Shatrughan Sinha Wishes PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर पुरानी तस्वीरें शेयर कर बेहद खास अंदाज में बधाई दी. उन्होंने एडवांस में शुभकामनाएं देने की बड़ी वजह भी बताई, जिसे जानकर लोग हैरान हैं.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले बुधवार को सोशल मीडिया पर बधाई देकर सबको चौंका दिया. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पीएम मोदी के साथ अपनी दो पुरानी तस्वीरें शेयर कीं. इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक लंबा और दिल को छू लेने वाला पोस्ट भी लिखा. शत्रुघ्न सिन्हा ने साफ किया कि आखिर क्यों वे जन्मदिन से एक दिन पहले ही उन्हें विश कर रहे हैं? उनका ये पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं.
शत्रुघ्न सिन्हा ने बहुत ही मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘कल शुभकामनाओं की बाढ़ में मेरा मैसेज कहीं खो न जाए, इसलिए आपको एक दिन पहले ही एडवांस में बधाई दे रहा हूं. सरजी, आपको मेरा ये आइडिया कैसा लगा? हमारे दोस्त, समाज के सच्चे साथी और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई और ढेर सारी शुभकामनाएं. ईश्वर आपको बेहतरीन सेहत, खूब सारा प्यार, सच्ची खुशी, मानसिक शांति और एक बहुत लंबी व स्वस्थ जिंदगी का आशीर्वाद दें. भगवान आपका भला करे’. इसके साथ उन्होंने बर्थडे विशे का हैशटैग भी लगाया.
अटल सरकार में संभाली थी अहम जिम्मेदारी
शत्रुघ्न सिन्हा के राजनीतिक सफर की बात करें तो वे भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान यानी FTII के स्टूडेंट रहे हैं. उन्होंने 90s के दौर में राजनीति की दुनिया में कदम रखा था. शुरुआत में वे BJP में शामिल हुए और लंबे समय तक पार्टी से जुड़े रहे. इस दौरान उन्होंने पटना साहिब लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद के रूप में काम किया. पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और बाद में जहाजरानी मंत्री जैसे बड़े और अहम पदों पर रहे. उनका ये दौर राजनीति में काफी प्रभावशाली माना जाता था.
बदले राजनीतिक रास्ते और नई राह
समय बीतने के साथ शत्रुघ्न सिन्हा के राजनीतिक रास्ते बदलते चले गए. साल 2019 के आम चुनाव से ठीक पहले उन्होंने BJP का दामन छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की मेंबरशिप ले ली थी. कांग्रेस में कुछ समय बिताने के बाद वे ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी में शामिल हो गए. फिलहाल में वे TMC के साथ ही जुड़े हुए हैं. हालांकि, हाल ही में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को अपने मजबूत गढ़ में भारतीय जनता पार्टी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद पीएम मोदी के साथ शत्रुघ्न सिन्हा की ये पर्सनल बॉन्डिंग साफ नजर आती है.
76वें साल में एंट्री और सेवा कार्य
दूसरी तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर 2026 को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. वे मई 2014 से लगातार देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. पिछले 12 सालों के अपने कार्यकाल में उन्होंने देश के विकास और मॉर्डनाइजेशन के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान और देश भर में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट जैसे प्रोजेक्ट्स उनके नेतृत्व की मुख्य पहचान रहे हैं. उनके समर्थक और अलग-अलग सामाजिक संगठन हर साल उनके जन्मदिन को देश भर में जनसेवा, सामाजिक कल्याण और सेवा पखवाड़े के रूप में बड़े पैमाने पर मनाते हैं.
मतभेदों से ऊपर व्यक्तिगत रिश्ते
राजनीतिक तौर पर दोनों के रास्ते और विचार भले ही आज पूरी तरह अलग हों, लेकिन उनका पीएम मोदी को इस तरह से बर्थडे विश करना दिखाता है कि भारतीय लोकतंत्र में व्यक्तिगत संबंध हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर होते हैं. शत्रुघ्न सिन्हा का ये खास अंदाज बताता है कि दशकों पुरानी पहचान और आदर की भावना आज भी दोनों के बीच कायम है. सोशल मीडिया पर आम जनता और राजनीतिक गलियारों में इस संदेश की खूब चर्चा हो रही है. लोग इस बात की तारीफ कर रहे हैं कि मतभेदों के बावजूद वरिष्ठ नेताओं के बीच इस तरह का आपसी सम्मान और अपनापन जिंदा रहना चाहिए.