)
बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर की खराब सेहत और आर्थिक तंगी की खबरों ने हर किसी को हैरान कर दिया. अब उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. हेमा ने ही सबसे पहले एक वायरल वीडियो के जरिए दुनिया को शरद की इस बदहाली के बारे में बताया था. ‘बेजुबान ट्रस्ट’ नाम का डॉग शेल्टर चलाने वाली हेमा ने इस महीने की शुरुआत में शरद को बेहद दर्दनाक सिचुएशन में देखा था. एक पॉडकास्ट में बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब वे शरद के पड़ोस में कुछ कुत्तों को बचाने गई थीं, तब उनकी मुलाकात एक्टर से हुई थी. कमरे के अंदर शरद की हालत देखकर हेमा बुरी तरह से हिल गई थीं और उन्होंने इंडस्ट्री से मदद मांगने का फैसला किया.
‘बॉलीवुड कट अनकट’ पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान हेमा चौधरी ने बताया कि उन्होंने शरद के परिवार से भी संपर्क करने की बहुत कोशिश की थी. हालांकि, परिवार की तरफ से उन्हें कोई खास जवाब नहीं मिला. हेमा के मुताबिक, जब उन्होंने शरद के भाई को फोन किया तो उन्होंने बताया कि एक्टर उनके पास छोटे भाई को लेने आए थे. इसके बाद जब हेमा ने दोबारा भाई को कॉल करके कहा कि शरद को आपकी सख्त जरूरत है, तो उन्होंने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और वापस कॉल तक नहीं किया. हेमा को शक है कि इसके पीछे प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई विवाद या फिर कोई और पारिवारिक मामला हो सकता है, जिसकी वजह से परिवार ने उनसे दूरी बना ली है.

हेमा चौधरी ने बताया कि वे ये जानकर दंग रह गईं कि शरद ने अपनी रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतों को भी पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया था. उन्होंने दावा किया कि शरद पिछले करीब 2 सालों से न तो नहाए थे और न ही अपने बिस्तर से बाहर निकले थे. हेमा ने कहा, ‘तीन-चार लोग तो बस उनके मरने का इंतजार कर रहे थे. वे लगभग 99 परसेंट खत्म हो चुके थे, लेकिन कुत्तों की वजह से मैं उन तक पहुंच पाई. मैं हमेशा बेजुबानों की बात सुनती हूं. किसी ने उन्हें कॉल करके ये तक नहीं पूछा कि उन्होंने खाना खाया या नहीं, इसलिए वे धीरे-धीरे मौत की तरफ बढ़ रहे थे’. हेमा के मुताबिक, बिना किसी सहारे के ऐसे माहौल में किसी का भी जिंदा रहना लगभग नामुमकिन था.
पॉडकास्ट में शरद कपूर की पर्सनल लाइफ और उनके रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर चल रही अटकलों पर भी बाते हुईं. हेमा चौधरी ने साफ किया कि एक समय पर शरद की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की बेटी कोएल बसु से हुई थी, लेकिन किन्हीं वजहों से दोनों की शादी नहीं हो पाई. उन्होंने आगे बताया कि शरद इस वक्त भी एक रिश्ते में हैं, लेकिन उनकी पार्टनर की सिचुएशन ऐसी नहीं है कि वे उनकी देखभाल कर सकें. वहीं, शरद का एक बच्चा होने की अफवाहों पर हेमा ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि एक्टर ने उनसे वादा किया है कि सही समय आने पर वे खुद अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े राज सबके सामने रखेंगे.
हेमा चौधरी ने शरद की मौजूदा मेंटल स्टेट पर भी चिंता जाहिर की है. उनका मानना है कि शरद अभी इस हालत में नहीं हैं कि अपने करियर से जुड़े बड़े फैसले खुद ले सकें. हाल ही में शरद ने दावा किया था कि उन्होंने एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट साइन किया है. इस पर हेमा ने कहा कि वे एक्टर को झूठा नहीं मानतीं, लेकिन किसी भी फिल्म में काम करने से पहले उन्हें शारीरिक और मानसिक सहारे की सख्त जरूरत है. अच्छी बात ये है कि हेमा की अपील के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम आगे आए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू सूद, सलमान खान और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज सितारों ने शरद की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है.
शरद कपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने टीवी और बॉलीवुड दोनों जगह अपनी खास पहचान बनाई है. उन्होंने साल 1995 में मशहूर टीवी शो ‘स्वाभिमान’ से शुरुआत की थी. इसके बाद वह ‘दस्तक’ और शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जोश’ में नजर आए, जहां उनके काम की खूब तारीफ हुई. आगे चलकर उन्होंने ‘एलओसी कारगिल’, ‘लक्ष्य’, ‘वांटेड’ और ‘जय हो’ जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया. अपने करियर में उन्हें महेश भट्ट, मंसूर खान, जेपी दत्ता, फरहान अख्तर, प्रभु देवा और सोहेल खान जैसे नामी फिल्ममेकर्स के साथ काम करने का मौका मिला. वे आखिरी बार साल 2019 में जी5 पर रिलीज हुई रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘कैबरे’ में दिखाई दिए थे.