App

‘जो हम पर हमला करते हैं, डर उन्हें लगता है...’, 26/11 और पहलगाम के शहीदों को याद कर इमोशनल हुए शाहरुख खान

मुंबई के ग्लोबल पीस ऑनर्स इवेंट में शाहरुख खान ने शांति और भाईचारे पर बेहद इमोशनल बात कही. उन्होंने बताया कि नफरत को प्यार में बदलने के लिए छोटे बेटे अबराम को क्या सिखाया. इसके साथ ही शाहरुख ने 26/11 हमले और जवानों की शहादत को याद करते हुए एक खास कविता भी सुनाई.

‘जो हम पर हमला करते हैं, डर उन्हें लगता है...’, 26/11 और पहलगाम के शहीदों को याद कर इमोशनल हुए शाहरुख खान
Image Credit: ग्लोबल पीस ऑनर्स इवेंट में शाहरुख खान ने दिया शांति का संदेश

बॉलीवुड किंग शाहरुख खान शनिवार को मुंबई में ऑर्गेनाइज ग्लोबल पीस ऑनर्स इवेंट में शामिल हुए. इस खास मौके पर उन्होंने देश में शांति, एकता और आपसी भाईचारे को लेकर दिल छू लेने वाली बातें कहीं. शाहरुख ने कहा कि किसी भी समस्या का हल हिंसा नहीं, बल्कि बातचीत से निकलता है. इवेंट के दौरान उन्होंने उन मासूम लोगों को याद किया, जिन्होंने आतंकी हमलों में अपनी जान गंवाई है. इसके साथ ही देश की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले सुरक्षाबलों को भी उन्होंने सलाम किया. उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया.

अपनी स्पीच के दौरान शाहरुख खान ने अपने छोटे बेटे के साथ हुई एक प्यारी सी बातचीत का किस्सा भी वहां मौजूद लोगों के साथ साझा किया. उन्होंने बताया कि एक दिन उनके छोटे बेटे ने उनसे पूछा कि दुनिया से नफरत को प्यार में कैसे बदला जा सकता है. इस पर शाहरुख खान ने जवाब दिया, ‘मैंने उससे कहा कि ये बहुत आसान है. अगर हम सब मिलकर हिंसा की जगह बातचीत को चुनें, डर की जगह भरोसा रखें और मिलजुल कर रहें, तो हमेशा प्यार की ही जीत होगी’. उन्होंने कहा कि हर इंसान को दूसरे की बात समझने की कोशिश करनी चाहिए.

शांति की शुरुआत हमारे अपने दिल से होती है

शाहरुख ने आगे कहा कि समाज में शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक-दूसरे के नजरिए को समझें, भले ही उनके विचार आपस में न मिलते हों. उन्होंने कहा, ‘शांति की शुरुआत एक बहुत छोटी जगह यानी हमारे अपने दिल के अंदर से होती है. ये एक फैसला और जिम्मेदारी है जिसे हमें हर दिन निभाना है. आम आदमी की ताकत को कभी कम मत समझिए. हम सब सिंपल लोग हैं और हमें एक साथ आना होगा. आज एक छोटा सा वादा करते हैं कि हम किसी को भी अपनी वजह से कोई तकलीफ नहीं देंगे’.

आतंकी हमलों के शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

उन्होंने आगे कहा, ‘हमारा भारत देश शांति और सद्भावना की सबसे बड़ी मिसाल है’. इस मंच से शाहरुख खान ने मुंबई के 26/11 आतंकी हमले, पहलगाम हमले और हाल ही में हुए दिल्ली धमाकों में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया. उन्होंने इन हमलों में देश के लिए जान कुर्बान करने वाले बहादुर जवानों को भी नमन किया. शाहरुख ने कहा, ‘26/11 आतंकी हमले, पहलगाम हमले और हालिया दिल्ली धमाकों में जान गंवाने वाले मासूम लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि. इन हमलों में शहीद हुए हमारे बहादुर सुरक्षाबलों को मेरा सलाम है. आज मुझे देश के वीर सैनिकों और जवानों के सम्मान में चार खूबसूरत पंक्तियां सुनाने के लिए कहा गया है’.

जवानों के सम्मान में सुनाई दिल छू लेने वाली पंक्तियां

इसके बाद शाहरुख खान ने देश के सैनिकों की हिम्मत और उनके जज्बे को सलाम करते हुए बेहद शानदार पंक्तियां सुनाईं. उन्होंने कहा, ‘जब कोई तुमसे पूछे कि तुम क्या करते हो, तो गर्व से कहना कि मैं देश की रक्षा करता हूं. अगर कोई पूछे कि कितना कमाते हो, तो हल्का सा मुस्कुराना और कहना कि 140 करोड़ लोगों की दुआएं कमाता हूं. और अगर वो पलटकर फिर पूछे कि क्या तुम्हें कभी डर नहीं लगता? तो उनकी आंखों में आंखें डालकर कहना कि जो हम पर हमला करते हैं, डर उन्हें लगता है. आइए जाति और भेदभाव भुलाकर इंसानियत के रास्ते पर चलें ताकि हमारे वीरों की शहादत बेकार न जाए’.

इवेंट में शामिल हुईं देश की कई बड़ी हस्तियां

मुंबई में हुए इस बड़े और शानदार इवेंट का ऑर्गेनाइज दिव्यज फाउंडेशन की तरफ से किया गया था, जिसकी प्रमुख अमृता फडणवीस हैं. इस खास मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी खास तौर से मौजूद रहे. शाहरुख खान के अलावा खेल और सिनेमा जगत के कई बड़े सितारों ने भी इस इवेंट में शिरकत की. इवेंट में लीजेंडरी क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह, सुनील शेट्टी और विक्रांत मैसी भी नजर आए. सभी हस्तियों ने मिलकर देश में अमन और शांति का संदेश दिया और शहीदों के परिवारों के लिए अपना सम्मान जताया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More