)
अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत की शानदार और सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का सफर अपने तीसरे पार्ट के साथ पूरा हो चुका है. बीते 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘दृश्यम 3’ ने टिकट काउंटर पर ऐसा तूफान लाया कि हर कोई हैरान रह गया. थिएटर्स में इस सस्पेंस से भरपुर फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई करते हुए पुराने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले. अगर आप किसी वजह से सिनेमाघरों में जाकर इस फिल्म का मजा नहीं ले पाए थे, तो अब आपके पास सुनहरा मौका है. जल्द ही आप अपने परिवार के साथ घर बैठे इस बेहतरीन फिल्म को देख पाएंगे.
सिनेमाघरों में ऑडियंस ने ‘दृश्यम 3’ को हाथों-हाथ लिया और फिल्म ने हर तरफ से बंपर कमाई की. मशहूर ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 589.33 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस करते हुए धमाल मचा दिया. 2 अक्टूबर पर रिलीज हुई इस फिल्म को न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला. थिएटर्स में ऐतिहासिक सक्सेस हासिल करने के बाद अब मेकर्स ने इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उतारने का फैसला किया है. फैंस काफी समय से इसकी ऑनलाइन रिलीज का इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होने वाला है.

अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (Drishyam 3) इसी हफ्ते ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही है. ये फिल्म आने वाले शुक्रवार यानी 27 नवंबर 2026 को मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है. नेटफ्लिक्स ने अपने ऑफिशियल कैटलॉग में भी इस फिल्म को शामिल कर लिया है, जिससे फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है. थिएटर्स में भीड़ की वजह जो लोग इसे नहीं देख सके थे, वे अब अपने मोबाइल या टीवी स्क्रीन पर विजय सलगांवकर के मास्टरमाइंड प्लान का खेल देख सकते हैं. इस वीकेंड पर ये लोगों के एंटरटेनमेंट का बड़ा जरिया बनने वाली है.
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दृश्यम’ के हिंदी रीमेक के तौर पर हुई थी. पहले और दूसरे पार्ट में मेकर्स ने ओरिजनल कहानी को ही हिंदी ऑडियंस के हिसाब से पेश किया था, जिसे खूब पसंद किया गया. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धांसू कमाई की, लेकिन तीसरे पार्ट तक पहुंचते-पहुंचते हिंदी मेकर्स ने इसे एक बिल्कुल नया और अलग मुकाम दे दिया. एक तरफ जहां मलयालम सिनेमा में मोहनलाल की ‘दृश्यम’ के चौथे पार्ट का ऐलान हो चुका है. वहीं, दूसरी तरफ डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने ‘दृश्यम 3’ को तीसरे पार्ट में ही खत्म कर दिया.
फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने रिलीज से पहले दिए गए कई इंटरव्यूज में इस बात को साफ किया था कि ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (Drishyam 3) किसी भी साउथ फिल्म की रीमेक नहीं है. उन्होंने बताया था कि इस बार अजय देवगन और तब्बू की इस फिल्म की कहानी पूरी तरह से ओरिजिनल है, जिसे खुद अभिषेक पाठक ने लिखा है. उन्होंने मोहनलाल की फिल्म की पुरानी कड़ी को एक बिल्कुल अलग दिशा देते हुए विजय सलगांवकर की कहानी को उसके असली अंजाम तक पहुंचाया है. इस दमदार क्लाइमैक्स के साथ ही हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा सस्पेंस फ्रेंचाइजी हमेशा के लिए खत्म हो गई है.
‘दृश्यम’ सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसका जबरदस्त सस्पेंस और आखिरी मिनट तक बांधे रखने वाला स्क्रीनप्ले रहा है. तीसरे पार्ट में भी अजय देवगन ने अपनी खामोश नजरों, तेज दिमाग और मास्टरमाइंड प्लान से ऑडियंस का दिल जीत लेते हैं, जबकि तब्बू ने एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से किरदार में जान फूंक दी. बॉक्स ऑफिस पर 589 करोड़ से ज्यादा का आंकड़ा पार करने के बाद अब नेटफ्लिक्स पर भी इसके व्यूअरशिप के नए रिकॉर्ड बनाने की पूरी उम्मीद है. अगर आप क्राइम, सस्पेंस और थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, तो 27 नवंबर तारीख को अपने कैलेंडर में जरूर मार्क कर लें.