App

क्या है वो 9 साल पुराना विवाद? जब एक्ट्रेस ने सुपरस्टार ममूटी की फिल्म पर उठाए थे सवाल; जिसका आज भी नहीं उनको कोई पछतावा

मलयालम सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस पार्वती तिरुवोथु एक बार फिल्म अपने 9 साल पुराने एक विवाद को लेकर सुर्खियों में, जिसको लेकर उन्होंने साफ कहा कि उनको इसका कोई पछतावा नहीं है. दरअसल, 9 साल पहले उन्होंने मलयालम सुपरस्टार ममूटी की एक फिल्म को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद उनको काफी ट्रोलिंग और धमकियां झेलनी पड़ी थीं. चलिए बताते हैं इस पूरे विवाद के बारे में.

क्या है वो 9 साल पुराना विवाद? जब एक्ट्रेस ने सुपरस्टार ममूटी की फिल्म पर उठाए थे सवाल; जिसका आज भी नहीं उनको कोई पछतावा
Image Credit: मलयालम एक्ट्रेस ने उठाए थे ममूटी की फिल्म पर सवाल

मलयालम सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस पार्वती तिरुवोथु आजकल फिर सुर्खियों में बनी हुई है. इस बार उनके खबरों में आने की वजह कोई नई फिल्म या वेब सीरीज नहीं, बल्कि करीब 9 साल पुराना एक बड़ा विवाद है. साल 2017 में घटी इस घटना ने पार्वती की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया था. उस समय इस मामले ने पूरे मलयालम फिल्म जगत में महिलाओं की सुरक्षा, उनके काम करने की जगह और बराबरी के हक को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी थी. आज इतने सालों बाद भी लोग इस मुद्दे पर खुलकर बात कर रहे हैं और पार्वती की हिम्मत की तारीफ हो रही है.

हाल ही में यूट्यूब शो ‘द ग्रीन रूम’ के दूसरे सीजन में रणजिनी हरिदास के साथ खास बातचीत में पार्वती ने अपने पुराने दौर को याद किया. इस दौरान उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा कि उन्हें आज भी अपने उस बयान पर कोई पछतावा नहीं है. इसी बयान की वजह से साल 2017 में उन्हें काफी ट्रोलिंग, धमकियों और इंडस्ट्री के अंदर लोगों के बॉयकॉट का सामना करना पड़ा था. पार्वती का मानना है कि उस वक्त जो कुछ भी हुआ, वो सिर्फ किसी एक फिल्म पर दी गई राय का असर नहीं था, बल्कि ये हमारे समाज और फिल्म इंडस्ट्री में फीमेल्स के लिए मौजूद भेदभाव वाली सोच को दिखाता है.

Kasaba (Mammootty Malayalam Movie)

आखिर था क्या वो 9 साल पुराना विवाद?

इस पूरे विवाद की शुरुआत साल 2017 में हुई थी. उस वक्त केरल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल चल रहा था और इसी दौरान वूमेन इन सिनेमा कलेक्टिव ने एक खास इवेंट रखा था. इस इवेंट के मंच से एक्ट्रेस पार्वती ने साल 2016 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कसाबा’ के एक सीन और उसके डायलॉग्स पर अपना गुस्सा जाहिर किया था. 

आपको बता दें कि इस फिल्म में मलयालम फिल्मों के सबसे बड़े स्टार ममूटी मेन रोल में थे. पार्वती ने साफ शब्दों में कहा था कि इतने बेहतरीन और बड़े एक्टर को ऐसे सीन करते देखना बहुत अजीब और निराश करने वाला है, जहां महिलाओं को नीचा दिखाया जा रहा है. उन्होंने फिल्म के उन डायलॉग्स को भी गलत बताया था जो महिलाओं के खिलाफ थे. 

असल में पार्वती ने ममूटी के खिलाफ पर्सनली कुछ भी गलत नहीं बोला था, लेकिन लोगों और मीडिया ने उनकी बात को इस तरह घुमा-फिरा कर दिखाया जैसे उन्होंने सीधे सुपरस्टार पर ही हमला बोल दिया हो. बस फिर क्या था, देखते ही देखते ये छोटी सी बात बहुत बड़े विवाद में बदल गई, जिसके बाद एक्ट्रेस को ट्रोलिंग, धमकियों और बॉयकॉट झेलना पड़ा.

सोशल मीडिया पर शुरू हुआ हमला

फिल्म को लेकर अपनी राय रखने की बस देर ही थी कि इंटरनेट पर पार्वती के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कुछ ही घंटों में हजारों यूजर्स ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया और ये बहस बहुत जल्द ही गंदी गालियों में बदल गई. मामले ने तब बेहद डरावना मोड़ ले लिया जब एक्ट्रेस को ऑनलाइन रेप और जान से मारने तक की धमकियां दी जाने लगीं. जब ये सब हरकतें बर्दाश्त से बाहर हो गईं. 

तो पार्वती ने चुप बैठने के बजाय पुलिस के पास जाने का फैसला किया और केस दर्ज करवाया. पुलिस ने भी इस मामले को काफी गंभीरता से लिया और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. उस दौर में इस पूरे विवाद ने देश भर में खूब सुर्खियां बटोरी थीं और इंटरनेट पर बिना सोचे-समझे किसी को भी टारगेट करने की इस खतरनाक आदत पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए थे.

Malayalam Actress Parvathy Thiruvothu

पार्वती ने क्यों कहा, ‘मुझे कोई पछतावा नहीं...’

‘द ग्रीन रूम’ सीजन 2 के दौरान पार्वती ने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल समय को याद किया जब उन्हें काफी विरोध झेलना पड़ा था. उन्होंने बताया कि शुरू में उन्हें ऐसा लगा जैसे ये सारा गुस्सा और नफरत केवल उनके खिलाफ है. हालांकि, धीरे-धीरे उन्हें ये बात समझ में आ गई कि ये पूरा विवाद किसी एक इंसान तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे की कहानी कुछ और ही थी. 

पार्वती का मानना है कि इस घटना ने हमारे समाज की गहरी पुरुष प्रधान सोच को सबके सामने ला दिया था. उन्होंने अपनी बात रखते हुए साफ शब्दों में कहा, ‘मैं तो सिर्फ एक बहाना बन गई थी, जिसके सहारे महिलाओं के लिए लोगों के मन में दबा हुआ गुस्सा और पुरानी सोच बाहर निकलकर आई’. 

इस बातचीत के दौरान पार्वती तिरुवोथु ने ये भी बताया कि उस खराब वक्त में फिल्म इंडस्ट्री के भी कई लोगों ने उनसे दूरी बना ली थी. काम के मामले में भी उन्हें अकेला छोड़ दिया गया था, लेकिन इन सारी परेशानियों ने उन्हें अंदर से मजबूत बनाया और अपने उसूलों पर डटे रहना सिखाया.

पार्वती का अकेलेपन से संघर्ष तक का सफर

विवाद के उस दौर में पार्वती को सिर्फ बाहर के लोगों की बातें ही नहीं सुननी पडीं, बल्कि वे अंदर से भी काफी अकेली पड गई थीं. इस बातचीत में उन्होंने खुलकर माना कि जिन करीबियों से उन्हें बुरे वक्त में साथ खडे होने की सबसे ज्यादा उम्मीद थी, उनमें से ज्यादातर लोगों ने चुप रहना ही बेहतर समझा या फिर उनसे दूरी बना ली. ये दौर उनके लिए मेंटल और इमोशनल बहुत ही थका देने वाला था.

हालांकि, इसी मुश्किल समय ने उन्हें अपनी मानसिक और शारीरिक सेहत की असली अहमियत भी समझाई. पार्वती का साफ मानना है कि जब आप किसी गलत बात के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो विरोध होना तय है, लेकिन डरकर चुप बैठ जाना किसी भी समस्या का हल नहीं होता. यही वजह है कि आज 9 साल बीत जाने के बाद भी पार्वती बिना किसी डर के अपनी पुरानी बात पर पूरी मजबूती से कायम हैं.

Mammootty Movie Kasaba

क्यों इतना इंपॉर्टेंट था ये मामला?

फिल्म के जानकारों का मानना है कि ‘कसाबा’ को लेकर हुआ ये विवाद सिर्फ एक फिल्म की बुराई या तारीफ तक सीमित नहीं था. पार्वती के उस एक बयान ने पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था. इसकी वजह से ही सिनेमा की दुनिया में काम करने वाली महिलाओं की असली हालत, पर्दे पर उनके किरदारों को दिखाने का तरीका और सेट पर बराबरी के हक जैसे गंभीर मुद्दे आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए.

ये वो समय था जब ‘वूमेन इन सिनेमा कलेक्टिव’ जैसी संस्थाएं शूटिंग के दौरान फीमेल स्टार्स की सिक्योरिटी और उन्हें बराबर मौके दिलाने के लिए अपनी आवाज उठा रही थीं. पार्वती की इस बेबाकी ने इस पूरे बदलाव को एक नई ताकत दी. हालांकि, इस बयान के बाद लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई थी. जहां एक तरफ कुछ लोगों ने पार्वती को जमकर निशाना बनाया और उनकी आलोचना की. वहीं, दूसरी तरफ एक बड़े वर्ग ने उनके इस कदम को फिल्म इंडस्ट्री में सुधार लाने की एक बहुत ही हिम्मत भरी शुरुआत बताया.

नेशनल अवॉर्ड विनर एक्ट्रेस हैं पार्वती तिरुवोथु

साउथ सिनेमा की सबसे बेहतरीन और संजीदा एक्ट्रेस की बात होती है तो पार्वती तिरुवोथु का नाम सबसे पहले आता है. पार्वती ने अपने करियर में हमेशा ऐसे किरदार चुने, जो सीधा लोगों के दिल को छू जाते हैं. उन्होंने ‘टेक ऑफ’, ‘चार्ली’, ‘बैंगलोर डेज’, ‘मारीयान’ और ‘उयरे’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम करके अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. सिर्फ साउथ ही नहीं बल्कि बॉलीवुड फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ में भी इरफान खान के साथ उनकी जोडी और काम को खूब पसंद किया गया था.

अपनी शानदार एक्टिंग के दम पर वे नेशनल फिल्म अवार्ड समेत कई बडे पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं. बीते कुछ समय में पार्वती तिरुवोथु ‘उल्लोझुक्कु’, ‘थंगलान’ और ‘हर’ जैसी फेमस और सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुकी हैं और हर बार की तरह तारीफें बटोरी हैं. इसके अलावा उनकी मलयालम फिल्में ‘प्रधमा दृष्ट्या कुट्टक्कर’ और ‘आई, नोबडी’ भी खूब सुर्खियों में रहीं. सच कहें तो पार्वती तिरुवोथु हर रोल में जान फूंक देती हैं. इतना ही नहीं, काफी बड़ी गिनती में उनकी फैन फॉलोइंग भी है. 

Malayalam Actress Parvathy Thiruvothu

अब ऋतिक के प्रोडक्शन में आएंगी नजर

अगर काम की बात करें तो पार्वती बहुत जल्द ही बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन के प्रोडक्शन हाउस HRX फिल्म्स के पहले बड़े प्रोजेक्ट ‘द स्टॉर्म’ में नजर आने वाली हैं. ये एक जबरदस्त थ्रिलर ड्रामा वेब सीरीज है, जिसे खास तौर पर प्राइम वीडियो के लिए बनाया जा रहा है. मशहूर डायरेक्टर अजीतपाल सिंह इस सीरीज को डायरेक्ट कर रहे हैं और इसकी पूरी कहानी मुंबई शहर के इर्द-गिर्द घूमती है.

इस प्रोजेक्ट को लेकर फैंस के बीच अभी से काफी क्रेज देखने को मिल रहा है. खास बात ये है कि इस सीरीज में पार्वती के साथ आलाया एफ, सृष्टि श्रीवास्तव, रमा शर्मा और सबा आजाद जैसी बेहतरीन एक्ट्रेसेस भी बहुत ही अहम किरदारों में नजर आएंगी. इतने सारे दमदार कलाकारों के एक साथ आने से इस सीरीज को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं और दर्शक अब बेसब्री से इसके रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं.

9 साल बाद भी कायम है वही रुख

फिल्म इंडस्ट्री की चमचमाती दुनिया में ये बात अक्सर देखने को मिलती है कि जब भी कोई बड़ा बवाल होता है, तो कुछ साल बीतने के बाद बड़े-बड़े सितारे अपनी ही कही बातों से मुकर जाते हैं या फिर तरह-तरह की सफाई देने लगते हैं, लेकिन एक्ट्रेस पार्वती तिरुवोथु इस मामले में बाकी लोगों से बिल्कुल अलग नजर आती हैं. उन्होंने ये बात एकदम साफ कही कि उन्होंने पहले जो कुछ भी कहा था, उस पर उन्हें जरा भी पछतावा नहीं है.

पार्वती का मानना है कि उनकी ये लड़ाई किसी एक हीरो या किसी एक फिल्म के खिलाफ कभी नहीं थी, बल्कि ये तो सिनेमा में महिलाओं की इज्जत और उनके बराबरी के हक को लेकर थी. यही वजह है कि आज इतने सालों बाद भी जब फिल्म ‘कसाबा’ से जुड़े उस पुराने विवाद की बात निकलती है, तो पार्वती बिना किसी डर या हिचकिचाहट के आज भी अपनी उसी पुरानी बात पर पूरी मजबूती के साथ खड़ी नजर आती हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More