App

दिल्ली में नहीं चलेगी गेस्ट हाउस संचालकों की मनमर्जी! 4th फ्लोर पर बैन, PNG अनिवार्य और 12 जोन में सर्वे; समझें MCD के नए नियम

MCD ने दिल्ली में गेस्ट हाउस और लॉजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों के लिए नियम कड़े कर दिए हैं. चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस चलाने की परमिशन नहीं दी गई है.

दिल्ली में नहीं चलेगी गेस्ट हाउस संचालकों की मनमर्जी! 4th फ्लोर पर बैन, PNG अनिवार्य और 12 जोन में सर्वे; समझें MCD के नए नियम
Image Credit: दिल्ली में नहीं चलेगी गेस्ट हाउस संचालकों की मनमर्जी! (AI IMAGE)

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने गेस्ट हाउस और लॉजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. निगम ने ऐसे प्रतिष्ठानों में चौथी मंजिल (4th Floor) या उससे ऊपर संचालन करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. इस फैसले का मकसद ऊंची मंजिलों पर संचालित हो रहे गेस्ट हाउस और लॉजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और संभावित हादसों को रोकना है.

जान लें ये जरूरी नियम

  • 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस के लिए दिल्ली फायर सर्विस का वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट (FSC) अनिवार्य होगा. 
  • बिना वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के गेस्ट हाउस चलाना या प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त होने के बाद उसका नवीनीकरण नहीं कराना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा. 
  • 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों को फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट से छूट दी गई है, लेकिन वहां भी आग से बचाव के इंतजाम जरूरी होंगे. 
  • सभी प्रतिष्ठानों में फायर एक्सटिंग्विशर काम करने की स्थिति में होने चाहिए और इमरजेंसी में बाहर निकलने के रास्ते पूरी तरह खुले रखने होंगे.

रसोई और डाइनिंग एरिया के लिए भी नए नियम

  • गेस्ट हाउस में किचन और डाइनिंग एरिया चलाने के लिए अलग से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा. 
  • किचन का इस्तेमाल केवल वहां ठहरे हुए मेहमानों को खाना उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकेगा. 
  • डाइनिंग एरिया में बैठने की क्षमता गेस्ट हाउस में स्वीकृत बेड की कुल संख्या से अधिक नहीं हो सकती. 
  • जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) उपलब्ध है, वहां गेस्ट हाउस को PNG का इस्तेमाल करना होगा.

दिल्ली के सभी 12 जोन में होगा सर्वे

MCD का जनस्वास्थ्य विभाग दिल्ली के सभी 12 जोन में गेस्ट हाउस और लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों का सर्वे कराएगा. एक महीने के भीतर सर्वे रिपोर्ट निगम मुख्यालय को सौंपनी होगी. हेल्थ लाइसेंस इंस्पेक्टर वार्ड स्तर पर जाकर प्रतिष्ठानों की जांच करेंगे. जांच में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस, फायर सेफ्टी व्यवस्था, बिल्डिंग बायलॉज और अन्य नियमों के पालन की पड़ताल होगी. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर MCD संबंधित गेस्ट हाउस को सील कर सकता है. गंभीर मामलों में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस रद्द किया जा सकता है. बिजली और पानी का कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है.

रिपोर्ट: देवेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More