)
म्यूजिक की दुनिया में अपनी मखमली आवाज से अलग पहचान बनाने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली को इंडिया में शाहरुख खान की फिल्मों के गाने 'मितवा' और 'तेरे नैना' से खूब प्यार मिला है. हाल ही में उन्होंने अपने जीवन के एक बेहद मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है, जब वो मल्टीपल मायलोमा नाम की एक तरह के ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे. उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान कीमोथेरेपी से गुजरना पड़ा और लगभग एक साल तक वो लाइव परफ़ॉर्मेंस से दूर रहे. इस मुश्किल समय को याद करते हुए उन्होंने शेयर किया कि इस स्थिति ने केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों पर काफी असर डाला था.
मंगलवार, 17 नवंबर, 2026 को कराची में होस्ट हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शफकत ने अपनी सेहत और अपकमिंग म्यूजिक परफॉर्मेंस को लेकर खुलकर बात की है. इस दौरान उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनके परिवार ने कुछ दोस्तों से इस प्रॉब्लम के बारे में बात नहीं की थी क्योंकि पूरा ध्यान सही इलाज और ट्रटीमेंट ढूंढने पर था.
इस बारे में उन्होंने कहा, 'मुझे एक बुरा दौरा पड़ा था. ये कुछ ऐसा था जिसने मुझे, मेरे परिवार, दोस्तों और फैंस को हिलाकर रख दिया था. हम इसे अपने कुछ दोस्तों से छिपा रहे थे, क्योंकि हम अपनी प्रॉब्लम का ध्यान रखने में बिजी थे. मुझे जो प्रॉब्लम थी वो थी... वो मल्टीपल मायलोमा थी'.
शफकत अमानत अली के मुताबिक, इस बीमारी के लक्षणों का समय पर पता चल जाना राहत की बात थी. हालांकि सही इलाज तक पहुंचने से पहले कई डॉक्टरों से राय लेनी पड़ी और आखिर में कराची में एक स्पेशलिस्ट के अंडर ट्रीटमेंट शुरू हुआ. एक कलाकार के लिए अपने हुनर और ऑडियंस से दूर रहना सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक होता है.
शफकत ने बताया कि करीब एक साल तक बेड रेस्ट पर रहना उनके लिए बहुत मुश्किल समय रहा. क्योंकि उनकी पूरी लाइफ म्यूजिक और परफॉर्मेंस के आसपास ही चलती रही है. अपनी इस फीलिंग को शेयर करते हुए उन्होंने कहा, 'कलाकारों को परफॉर्म करना होता है. जब हम काम नहीं करते तो हमें अच्छा नहीं लगता. मेरे पास कोई और चारा नहीं था.' बीमारी का पता चलते ही उन्होंने प्रोफेशनल जिम्मेदारियों से कुछ समय के लिए दूरी बना ली.

कीमोथेरेपी का दौर पूरा करने के बाद शफकत ने लाहौर में एक कॉन्सर्ट से फिर से स्टेज पर कदम रखा. हालांकि, बीमारी और इलाज के असर के बीच ये परफॉर्मेंस फिजिकली काफी थकाने वाली थी. लेकिन इसी कदम ने उनकी म्यूजिक जर्नी को एक नई शुरुआत दी. लगभग एक साल के ब्रेक के बाद स्टेज पर लौटना उनके और उनके फैंस के लिए एक इमोशनल पल था, जिसने ये दिखाया कि कठिन समय के बावजूद म्यूजिक के लिए उनका समर्पण कायम रहा.
अब शफकत एक बार फिर लाइव परफॉर्मेंस के लिए तैयार हैं और उन्होंने कई शहरों में होने वाले कॉन्सर्ट की जानकारी शेयर की है. इसकी शुरुआत 28 नवंबर, 2026 को कराची के बीच लग्जरी होटल में होने वाले कार्यक्रम से होगी, जिसका आयोजन केनीज ग्रुप द्वारा किया जा रहा है. इसके बाद इस्लामाबाद और लाहौर में भी शो होस्ट किए जाएंगे. म्यूजिक डायरेक्टर अहसान बारी के अनुसार, इन परफॉर्मेंस में 16 म्यूजिशियन की टीम शामिल होगी, जिनमें गम्बी, कामरान जफर मन्नू और कीथ बेंजामिन जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.