)
बॉलीवुड की कई बडी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाने वाले एक्टर शरद कपूर इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ काम कर चुके शरद ने कुछ समय पहले ही फिल्म इंडस्ट्री के बडे लोगों से काम और मदद की गुहार लगाई थी. अब उनकी हेल्थ को लेकर एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है. शरद की करीबी दोस्त और एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फैंस को ये जानकारी दी है कि एक्टर का इलाज शुरू कर दिया गया है और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने को कहा है.
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में हेमा चौधरी ने शरद की मेडिकल कंडीशन के बारे में डिटेस में बताया है. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की देखरेख में शरद कपूर के कई जरूरी मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं. इनमें से कुछ टेस्ट की रिपोर्ट आ चुकी है, जबकि बाकी रिपोर्ट्स का अभी इंतजार किया जा रहा है. हेमा ने वीडियो में बताया, ‘शरद के सभी ब्लड टेस्ट शुरू हो गए हैं. कुछ रिपोर्ट आज आई हैं, जबकि कुछ कल या परसों तक आएंगी. रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर आगे का इलाज तय करेंगे. उनका इलाज शुरू हो चुका है. डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सख्त सलाह दी है’.
हेमा ने आगे ये भी बताया कि बीते कुछ दिनों से शरद कपूर के आसपास मीडिया, फिल्म इंडस्ट्री के लोगों और चाहने वालों की चहल-पहल अचानक काफी बढ़ गई है. दरअसल, पिछले करीब 2 सालों से शरद ने लोगों से थोड़ी दूरी बनाकर रखी थी और वे किसी से ज्यादा मिलना-जुलना पसंद नहीं कर रहे थे. ऐसे में एकदम से मिल रही इस अटेंशन और लगातार आ रहे फोन कॉल्स की वजह से वे मेंटली थोड़ा परेशान हो रहे हैं. उनकी इसी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम एक हफ्ते तक किसी भी तरह की बातचीत और फोन कॉल से दूर रहने को कहा है, ताकि वे शांति से आराम कर सकें.
एक्टर की हेल्थ को ध्यान में रखते हुए हेमा ने उनका मोबाइल फोन बंद करके अपने पास रख लिया है. उन्होंने बताया, ‘उनका फोन बंद है और मेरे पास है. कम से कम एक हफ्ते तक वे किसी का फोन नहीं उठाएंगे, क्योंकि आज से उनका सीरियस ट्रीटमेंट शुरू हो चुका है’. साथ ही हेमा ने फैंस के लिए एक राहत भरी खबर भी शेयर की. उन्होंने बताया कि शरद ठीक से खाना खा रहे हैं और मन से खुश हैं. हाल ही में मशहूर सिंगर सोनू निगम ने उन्हें एक खास वॉयस मैसेज भेजा था, जिसे सुनकर शरद के चेहरे पर मुस्कान आ गई. हेमा ने बताया कि वे एक हफ्ते बाद फिर से उनकी हेल्थ अपडेट देंगी.
गौरतलब है कि शरद कपूर कुछ दिनों पहले उस वक्त अचानक ही चर्चा में आए थे, जब उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री के लोगों से काम के लिए मदद भी मांगी थी. उस दौरान शरद ने कहा था कि वे दोबारा से फिल्मों में एक्टिंग करना चाहते हैं. उनका मानना था कि उन्हें पैसों की मदद से कहीं ज्यादा काम और इंडस्ट्री के लोगों के साथ की जरूरत है. इस बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के मौजूदा संघर्ष और मेंटल स्ट्रेस का भी खुलकर जिक्र किया था, जिसके बाद से ही यूजर्स, फैंस और इंडस्ट्री के लोग लगातार उनके बारे में ही बात कर रहे हैं.
शरद कपूर के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने 90 और 2000 के दौर में कई यादगार और दमदार फिल्मों में काम किया है. शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की सुपरहिट फिल्म ‘जोश’ में उनके किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया था. इसके अलावा वे सुष्मिता सेन के साथ फिल्म ‘दस्तक’ में भी दिखे थे. शरद ने ‘लक्ष्य’ और ‘एलओसी कारगिल’ जैसी बडी मल्टीस्टारर फिल्मों में भी अपनी शानदार एक्टिंग की छाप छोडी है. हर किरदार में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई. अब उनके फैंस बस यही दुआ कर रहे हैं कि वे जल्द तरह ठीक होकर एक बार फिर बडे पर्दे पर धमाकेदार वापसी करें.