SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'बादशाह' की बादशाहत कायम: चार्ली चैपलिन-लियोनार्डो डिकैप्रियो संग शाहरुख खान का नाम, 100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स की लिस्ट वायरल

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. वैरायटी मैगजीन की '100 ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ ऑल टाइम' की लिस्ट में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय बन गए हैं. जानें इस लिस्ट में शाहरुख किस नंबर पर हैं और उनके साथ कौन-कौन से हॉलीवुड दिग्गज शामिल हैं.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 19, 2026, 08:39 IST | Updated: Nov 19, 2026, 08:54 IST
Image Credit: दुनिया के 100 सबसे बड़े फिल्म सितारों में शाहरुख खान ने बनाई अपनी खास जगह (AI Image, variety)
Join

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का स्टारडम सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया उनकी दीवानी है. अब इस बात पर एक और बड़ी मुहर लग गई है. मशहूर इंटरनेशनल मैगजीन 'वैरायटी' ने दुनिया के अब तक के 100 सबसे महान फिल्म सितारों की एक खास लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में जगह बनाने वाले शाहरुख खान इकलौते भारतीय एक्टर हैं. 92वें नंबर पर अपनी जगह बनाकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सिनेमा की दुनिया में उनका कद कितना बड़ा है.

हॉलीवुड के दिग्गजों के साथ जुड़ा नाम

वैरायटी की इस प्रेस्टीजियस लिस्ट में दुनिया भर के उन सितारों को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपनी एक्टिंग और स्टारडम से सिनेमा का इतिहास बदल दिया. शाहरुख खान का नाम इस लिस्ट में मर्लिन मुनरो, चार्ली चैपलिन, मार्लन ब्रैंडो, टॉम क्रूज, मेरिल स्ट्रीप और लियोनार्डो डिकैप्रियो जैसे दिग्गज हॉलीवुड आइकन्स के साथ जुड़ा है. इस लिस्ट में मर्लिन मुनरो पहले नंबर पर हैं, जबकि हम्फ्री बोगार्ट दूसरे और चार्ली चैपलिन तीसरे स्थान पर हैं. टॉम क्रूज को आठवां और लियोनार्डो डिकैप्रियो को 38वां नंबर मिला है. ऐसे बड़े नामों के बीच अकेले भारतीय के तौर पर शाहरुख का होना हर इंडियन फैन के लिए गर्व की बात है.

 

 

चार दशक का सफर और 90 से ज्यादा फिल्में

वैरायटी मैगजीन ने शाहरुख खान की तारीफ करते हुए लिखा है कि 60 की उम्र के पड़ाव पर पहुंच चुके बॉलीवुड के इस महानायक ने पिछले चार दशकों में 90 से ज्यादा फिल्मों के जरिए दर्शकों को अपना दीवाना बनाए रखा है. दुनिया की सबसे तेजी से बदलने वाली फिल्म इंडस्ट्री में इतने लंबे समय तक टॉप पर बने रहना कोई आसान काम नहीं है. वैरायटी मैगजीन के मुताबिक, शाहरुख की सबसे बड़ी ताकत उनका शानदार शोमैनशिप, जबरदस्त ड्रामा और गजब की कॉमिक टाइमिंग है. इसी अनोखे अंदाज ने उन्हें स्टारडम के हर दौर में सबसे आगे रखा है.

विलेन से लेकर रोमांस और एक्शन किंग बनने की कहानी

शाहरुख खान के करियर का ग्राफ किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. वैरायटी की रिपोर्ट में उनके करियर के हर मोड़ का जिक्र किया गया है. साल 1993 में 'बाजीगर' और 'डर' जैसी फिल्मों में एक रिस्की विलेन का रोल निभाकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी. इसके बाद उनके करिश्माई अंदाज और लुक्स ने उन्हें रोमांस का बादशाह बना दिया. 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' और ग्लोबल हिट रही 'देवदास' जैसी फिल्मों ने दुनिया भर के दर्शकों का दिल जीत लिया. वैरायटी ने खास तौर पर 'देवदास' को शाहरुख की 'मस्ट सी' यानी जरूर देखी जाने वाली फिल्म बताया है.

अपने तख्त पर आज भी कायम हैं किंग खान

रोमांटिक हीरो की इमेज बनाने के बाद भी शाहरुख कभी एक ही तरह के रोल में बंधकर नहीं रहे. उन्होंने कॉमेडी और अलग-अलग तरह के किरदारों में भी हाथ आजमाया. वहीं, पिछले कुछ सालों में उन्होंने खुद को एक दमदार एक्शन स्टार के रूप में पूरी तरह बदल लिया है. पठान और जवान जैसी फिल्मों की कामयाबी इसका सबसे बड़ा सबूत है. वैरायटी ने अपनी रिपोर्ट के आखिर में बेहद शानदार बात लिखी है कि फैंस प्यार से उन्हें 'किंग खान' कहते हैं, और आज भी वह अपने इस तख्त पर बेहद आराम और शान से विराजमान हैं. सोशल मीडिया पर जैसे ही यह खबर सामने आई, फैंस खुशी से झूम उठे और किंग खान को बधाई देने लगे.

यह भी पढ़ें: 'हर भारतीय के खून में राम हैं...' जावेद अख्तर के बयान पर छिड़ा घमासान, मुस्लिम नेता बोले- नाम बदलकर 'राम पाल' रख लो

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES