सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा और सनी देओल के बेटे राजवीर की शादी की खबरों का सच आया सामने
सारा तेंदुलकर और राजवीर देओल की शादी की अफवाहों पर बड़ा अपडेट आया है. सारा के करीबी सूत्र ने साफ किया है कि दोनों कभी मिले ही नहीं हैं और सारा फिलहाल सिंगल हैं.
सोशल मीडिया पर इन दिनों स्टार किड्स को लेकर तरह-तरह की खबरें उड़ती रहती हैं. सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर और सनी देओल के बेटे राजवीर देओल की शादी को लेकर भी खूब चर्चाएं हुईं. हालांकि, अब इन खबरों की सच्चाई सामने आ गई है और साफ हो गया है कि इंटरनेट पर चल रही ये बातें सिर्फ अफवाह हैं.
इंटरनेट पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर और एक्टर सनी देओल के बेटे राजवीर देओल शादी करने वाले हैं. इस खबर ने फैंस का ध्यान खींचा, लेकिन अब इस मामले में बड़ा अपडेट आया है. सारा के करीबी सूत्र के हवाले से टीओआई ने जानकारी दी है कि इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और दोनों के बीच ऐसी कोई बात नहीं चल रही है.
कभी मिले ही नहीं हैं सारा और राजवीर
सारा से जुड़े एक करीबी सूत्र ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि शादी की इन बातों में रत्ती भर भी दम नहीं है. टीओआई की खबर के मुताबिक, सारा और राजवीर ने आज तक एक-दूसरे से मुलाकात भी नहीं की है. यह भी बताया गया कि सारा फिलहाल सिंगल हैं और अपने काम पर फोकस कर रही हैं. ऐसी बेवजह की बातें सिर्फ परेशानी बढ़ाती हैं और सारा खुद इन अफवाहों पर कोई सीधा जवाब नहीं देंगी क्योंकि वह शांत और गरिमापूर्ण रुख बनाए रखना पसंद करती हैं.
भाई अर्जुन की शादी को बताया था 'ट्रायल राउंड'
शादी की चर्चाओं के बीच सारा तेंदुलकर का एक पुराना इंटरव्यू भी लोगों को याद आ रहा है, जिसमें उन्होंने शादी को लेकर अपनी सोच साझा की थी. उन्होंने कहा था कि उनके भाई अर्जुन तेंदुलकर की शादी उनके लिए एक तरह का 'ट्रायल राउंड' रही है. सारा के मुताबिक, उस अनुभव से उन्हें यह समझने में मदद मिली कि उन्हें अपनी शादी में क्या चाहिए और क्या नहीं.
अपने सपनों की शादी को लेकर सारा ने पहले बताया था कि बचपन में वह खुद को पेस्टल रंग के जोड़े में देखती थीं और एक बड़ा व भव्य आयोजन चाहती थीं. लेकिन समय के साथ उनकी पसंद बदली है और अब उन्हें एक सादा व करीबी लोगों के बीच होने वाला फंक्शन ज्यादा अच्छा लगता है. उन्होंने यह भी कहा था कि वह पारंपरिक लाल रंग या फिर अपनी राशि के हिसाब से हरे रंग का आउटफिट भी चुन सकती हैं, क्योंकि वह खुद को लेकर अक्सर दुविधा में रहती हैं.
नई पीढ़ी को लेकर सारा की क्या है राय?
रिश्तों को लेकर सारा की राय काफी साफ रही है. उन्होंने एक बार कहा था कि कई बार सगाई या शादी से पहले लोगों को अपने पार्टनर या उनके परिवार का असली स्वभाव दिखता है, ऐसे में शादी से पहले ही अलग हो जाने का फैसला गलत नहीं है. उनके मुताबिक, पहले की पीढ़ी के लोग खुद के लिए खड़े होने से हिचकिचाते थे, जबकि नई पीढ़ी गलत चीजों के खिलाफ कदम उठाने में ज्यादा कॉन्फिडेंट है. वहीं, जीवनसाथी में किन खूबियों को देखती हैं, इस पर उन्होंने अपने माता-पिता सचिन और अंजलि तेंदुलकर के रिश्ते का उदाहरण दिया था, जिनकी शादी 1995 में हुई थी और जिन्हें एक मजबूत जोड़ी के रूप में देखा जाता है.