SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Sanjay Gupta Death : 'कांटे' डायरेक्टर के अचानक निधन से टूटा सेलेब्स का दिल, सोनू सूद-तूषार और हर्षवर्धन राणे ने बयां किया दर्द

फिल्म निर्माता संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर. 2026 की रात मुंबई स्थित अपने घर में बाथरूम में गिरने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण निधन हो गया. उनके अचनाक निधन से सोनू सूद, हर्षवर्धन राणे, राहुल ढोलकिया और तुषार कपूर सहित पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 31, 2026, 01:28 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 01:56 PM IST
Image Credit: डायरेक्टर संजय गुप्ता डेथ
Join

31 अक्टूबर, 2026 बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. 'कांटे', 'जंग', 'शूटआउट एट वडाला' और 'काबिल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के मशहूर डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन हो गया है. 30 अक्टूबर को मुंबई स्थित अपने घर पर उन्होंने आखिरी सांस ली. शनिवार, 31 अक्टूबर की सुबह जैसे ही उनके गुजर जाने की खबर सामने आई, पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. शुरुआती खबरों के अनुसार, शुक्रवार रात वो अपने घर के बाथरूम में गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और अगली सुबह उनकी मौत का पता चला. हालांकि कब, कैसे और क्या हुआ इसकी पूरी जानकारी का अभी इंतजार है, लेकिन फिल्ममेकर अशोक पंडित ने साफ किया है कि सिर में चोट लगने की वजह से ही संजय गुप्ता का घर पर निधन हुआ.

संजय गुप्ता के अचानक इस दुनिया से चले जाने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर फैली, बॉलीवुड सेलिब्रिटीज और फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया. साल 2013 में आई क्राइम एक्शन फिल्म 'शूटआउट एट वडाला' में उनके साथ काम कर चुके एक्टर सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा, 'हमेशा आपकी याद आएगी, संजय भाई. सेट पर साथ बिताए हमारे समय की यादें हमेशा मेरे दिल के करीब रहेंगी.'

हर्षवर्धन राणे का इमोशनल नोट

फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स' में संजय गुप्ता के निर्देशन में काम कर चुके एक्टर हर्षवर्धन राणे ने भी सेट से पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने एक बेहद इमोशनल नोट शेयर और लिखा, 'मैं सोच भी नहीं सकता कि अनु मैम और बच्चे किस दौर से गुजर रहे होंगे, वो अपने परिवार से प्यार करते थे और नॉन-स्टॉप फिल्में बनाते थे. जब हम मिरांडा ब्रदर्स की शूटिंग करते थे, तो वो मुझे और मीजान को हर समय गोवा में खाने के लिए बाहर ले जाते थे, मैं सेट पर और सेट के बाहर उनसे ज्यादा खुश इंसान कभी नहीं मिला. दिल टूट गया.'

राहुल ढोलकिया ने 'कांटे' को बताया फेवरेट फिल्म

शाहरुख खान की मूवी 'रईस' के डायरेक्टर राहुल ढोलकिया ने भी दिवंगत फिल्ममेकर को याद करते हुए एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. इस दुखद खबर से हैरान राहुल ने लिखा, 'शॉकिंग. #संजयगुप्ता- उनसे एक बार मिला था, बहुत पहले, वो काफी स्टाइलिश फिल्म मेकर थे, शायद पहले थे जिन्होंने एक्टर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स को फिल्म का आइडिया बताने के लिए ट्रेलर और प्रोमो दिखाए थे. उनकी फिल्मों में से, कांटे मेरी पसंदीदा है और सिगरेट के धुएं.. हमेशा पार्टी में पसंदीदा थी. बहुत जल्दी चले गए गुप्त्स!'

'उन्होंने जिंदगी को खुलकर जीना सिखाया'

एक्टर तुषार कपूर ने संजय गुप्ता के साथ दो पॉपुलर फिल्मों 'शूटआउट एट लोखंडवाला' (2007) और 'शूटआउट एट वडाला' (2013) में काम किया था. साल 1991 के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स एनकाउंटर पर बेस्ड फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' को संजय गुप्ता और एकता कपूर ने मिलकर प्रोड्यूस किया था. अपने डायरेक्टर के जाने से दुखी तुषार कपूर ने लिखा, 'सुबह उठकर मेरे प्यारे डायरेक्टर संजय के अचानक निधन की दुखद खबर मिली... जिदगी बहुत अनप्रिडिक्टेबल है, हालांकि इस आदमी ने जिंदगी को पूरी तरह से जीने का सबक सिखाया! उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. RIP, सर!'

सोशल मीडिया पर फैंस ने दी श्रद्धांजलि 

संजय गुप्ता को इंडियन सिनेमा में अपनी खास स्टाइल और अलग तरह की एक्शन-क्राइम थ्रिलर फिल्में बनाने के लिए हमेशा याद किया जाएगा. उनका अचानक यूं चले जाना उनके फैंस और पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा झटका है. सोशल मीडिया पर हर कोई इस स्टाइलिश डायरेक्टर को श्रद्धांजलि दे रहा है और ईश्वर से उनके परिवार को ये कठिन दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना कर रहा है.

 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES