App

पहला 'साइनिंग अमाउंट': क्या सानिया मिर्जा का बेटा बनेगा अगला बॉलीवुड स्टार? फराह खान के ₹100 वाले वादे कहानी हुई वायरल

सानिया मिर्जा ने खुलासा किया कि फराह खान ने उनके बेटे इजहान को ₹100 का साइनिंग अमाउंट देकर बॉलीवुड में लॉन्च करने का वादा किया था. जानिए इस मजेदार किस्से के बारे में.

पहला 'साइनिंग अमाउंट': क्या सानिया मिर्जा का बेटा बनेगा अगला बॉलीवुड स्टार? फराह खान के ₹100 वाले वादे कहानी हुई वायरल
Image Credit: 8 साल पहले फराह खान ने सानिया के बेटे को दी थी पहली फीस (AI Image)

क्या आपने कभी सुना है कि किसी बच्चे के पैदा होते ही उसे फिल्म का साइनिंग अमाउंट मिल गया हो? कुछ ऐसा ही हुआ है भारत की स्टार टेनिस प्लेयर सानिया मिर्जा के बेटे इजहान के साथ. सानिया मिर्जा ने एक टॉक शो के दौरान एक बहुत ही मजेदार और दिल छू लेने वाला किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि कैसे बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान ने उनके बेटे इजहान को जन्म के कुछ समय बाद ही ₹100 का नोट देकर अपनी अगली फिल्म के लिए साइन कर लिया था. सानिया ने बताया कि वो आज भी उस ₹100 के नोट को एक खास याद के तौर पर संभाल कर रखी हुई हैं.

₹100 के नोट की पूरी कहानी

सानिया मिर्जा नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो 'डबल डेट' पर पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने फराह खान के साथ अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र किया. सानिया ने बताया कि लगभग आठ साल पहले जब उनके बेटे इजहान का जन्म हुआ था, तब फराह खान उससे मिलने आई थीं. फराह ने मजाक-मजाक में सानिया के हाथ में ₹100 का नोट थमाया और कहा, "ये ले साइनिंग अमाउंट, यह बच्चा जब बड़ा होगा तो मैं इसके साथ फिल्म बनाऊंगी."

सानिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि फराह की यह बात भले ही एक मजाक रही हो, लेकिन उन्होंने उस ₹100 के नोट को आज तक बहुत संभाल कर रखा है. यह नोट दोनों की लगभग 20 साल पुरानी दोस्ती का एक बेहद खूबसूरत प्रतीक बन चुका है. हालांकि, साल 2022 में भी फराह खान ने एक पोस्ट डाला था कि उन्होंने इजहान को 500 रुपये देकर एक क्यूट हीरो को साइन कर लिया है. वह पोस्ट भी काफी वायरल हुआ था.

 

 

क्या इजहान का बॉलीवुड में लॉन्च होना तय?

सब जानते हैं कि फराह खान उन डायरेक्टर्स में से हैं जो नए टैलेंट को पहचानना बहुत अच्छी तरह जानती हैं. साल 2007 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ओम शांति ओम' से फराह ने दीपिका पादुकोण को बॉलीवुड में लॉन्च किया था. दीपिका आज इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस हैं. ऐसे में जब सानिया ने फराह के इस ₹100 वाले साइनिंग अमाउंट का जिक्र किया, तो फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या इजहान भी बड़े होकर बॉलीवुड पर राज करेंगे? हालांकि इजहान अभी बहुत छोटे हैं, लेकिन फराह का यह वादा फैंस को काफी पसंद आ रहा है.

क्या पसंद करते हैं इजहान?

जब सानिया से पूछा गया कि क्या इजहान अपनी मम्मी की तरह टेनिस में करियर बनाएंगे, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया. सानिया ने बताया कि वो खुद तो चाहती हैं कि इजहान टेनिस खेले, लेकिन इजहान का दिल फिलहाल फुटबॉल में बसता है. वहीं दूसरी तरफ फराह खान का मानना है कि इजहान के अंदर पूरे फिल्मी कीड़े हैं. फराह के मुताबिक, इजहान को डांस करना और फिल्में देखना बहुत पसंद है. यानी भले ही सानिया उसे कोर्ट पर देखना चाहती हों, लेकिन इजहान का रुझान बॉलीवुड की रंगीन दुनिया और खेल दोनों तरफ है.

क्या कर रहे हैं फराह और सानिया?

काम की बात करें तो सानिया मिर्जा ने साल 2023 में प्रोफेशनल टेनिस से संन्यास ले लिया था. अपने शानदार करियर में उन्होंने छह ग्रैंड स्लैम टाइटल्स अपने नाम किए. रिटायरमेंट के बाद भी सानिया टीवी शो, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और बड़े इवेंट्स में छाई रहती हैं. वहीं दूसरी ओर फराह खान भी अपने डायरेक्शन और कोरियोग्राफी के साथ-साथ डिजिटल वर्ल्ड में काफी एक्टिव हैं. उनका यूट्यूब चैनल काफी पॉपुलर है, जहां वो बॉलीवुड सेलेब्स के साथ कुकिंग और मस्ती भरे वीडियो शेयर करती रहती हैं. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More