बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने हाल ही में अपने पिता और इंडस्ट्री के दिग्गज लेखक सलीम खान के साथ कुछ बेहद खास पल शेयर किए हैं, जिसकी तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एक्स पर शेयर की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों में बाप-बेटे की इस जोड़ी का काउबॉय अवतार फैंस को खूब पसंद आ रहा है. वहीं सलमान ने इन रेयर मोमेंट्स को शेयर करते हुए अपने पिता के लिए एक दिल छू लेने वाला मैसेज लिखा है, जिसमें उन्होंने सलीम खान के रॉक-सॉलिड रुतबे और उनके साथ के हर एक दिन की अहमियत को बयां किया है.
सलमान खान द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में वो अपने पिता के कंधों पर झुककर प्यार बरसाते हुए नजर आ रहे हैं, इस दौरान दोनों ने एक जैसा स्टाइल काउबॉय हैट को कैरी किया है.सलमान ने अपने एक्स (ट्विटर) और इंस्टा पर इस खास पल को शेयर करते हुए लिखा, 'हाउडी पार्टनर, 91 पर 1 के पास एक है, बाप-बाप होता है, वो असली मॉन्स्टरहै'.
सलमान खान ने अपनी इस पोस्ट में आगे लिखा, 'हम सब के बाप में है दम वंदे मातरम. एक और दिन नहीं होता एक और दिन कम होता है, क्या आप लोग समझ गए? भगवान दयालु हैं ..' सलमान का ये कैप्शन उनके पिता के लिए उनके बेइंतहा प्यार और सम्मान को साफ तौर पर बयां कर रहा है. एक्टर ने इस पोस्ट को उस समय शेयर किया, जब उनके पिता के जन्मदिन को महज 39 दिन रह गए हैं. दरअसल सलीम खान 24 नवंबर को अपना 92वां जन्मदिन मनाएंगे और आने वाले इस खास दिन को और ज्यादा खास बनाते हुए सलमान खान ने पिता के साथ अनदेखी फोटोज शेयर की हैं.
Howdy partner hee haw at 91 at 1 having one, baap baap hota hai, he is the real monster, hum sab ke baap mein hai dum Vande Mataram. Ek aur din nahi hota ek aur din kam hota hai, u guys get it? God’s been kind .. https://t.co/ZnQICzvn7a
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) October 14, 2026
ये किसी से छिपा नहीं है कि सलमान खान अपने पिता को अपनी फिटनेस और जिंदगी का सबसे बड़ी इंस्पिरेशन मानते हैं. इससे पहले एक इंटरव्यू में सलमान ने खुलासा किया था कि उनके पिता इस उम्र में भी कितने एक्टिव हैं. उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि जब मैं उस उम्र का हो जाऊंगा, तो मुझे उनके जैसा दिखना चाहिए. वो बांद्रा बैंडस्टैंड के तीन चक्कर लगाते हैं, पिलाटेस, योगा और थोड़ा-बहुत वेट ट्रेनिंग भी करते हैं. वो अपने आसपास की चीजों में दिलचस्पी रखते हैं और वो समय के साथ चलते हैं. वो हमसे हमारी सोच के अनुसार बात करते हैं और मेरे भतीजों से ऐसे बात करते हैं, जैसे वो उनकी उम्र के हों.'

अपनी पर्सनल लाइफ के साथ-साथ सलमान खान अपने काम को लेकर भी खबरों में छाए रहते हैं. हाल ही में वो करण जौहर के पॉपुलर शो 'कॉफी विद करण 9' में पहले गेस्ट बनकर शमिल हुए, जहां करिश्मा कपूर भी एक स्पेशल सेगमेंट का हिस्सा बनी थीं. वहीं फिल्मों की बात करें तो, वो जल्द ही अपूर्वा लखिया की फिल्म 'मातृभूमि' में चित्रांगदा सिंह के साथ दिखने वाले हैं, जिसकी रिलीज डेट में अब तक कई बार बदलाव हो चुके हैं. इसके अलावा, वो वामशी पेडिपल्ली की फिल्म 'SVC63' में नयनतारा के साथ ईद 2027 पर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. फिल्मों से अलग हटकर इन दिनों वो अपने पॉपुलर और कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को लेकर इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे हैं.

अगर बात करें सलीम खान के करियर की, तो उन्होंने इंडियन सिनेमा को एक नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है. उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर 'सलीम-जावेद' की मशहूर जोड़ी बनाई, जिसने 1970 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा का रूप ही बदल दिया. इस जोड़ी ने 'शोले', 'दीवार', 'जंजीर', 'डॉन' और 'त्रिशूल' जैसी ब्लॉकबस्टर और कल्ट क्लासिक फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी, जिन्होंने अमिताभ बच्चन को 'एंग्री यंग मैन' के रूप में स्थापित किया. सिनेमा की दुनिया में उनके योगदान और बेहतरीन स्क्रिप्ट राइटिंग के लिए उन्हें हमेशा एक लीजेंड के तौर पर याद किया जाता है.