तेरी बीवी ने जो गलती की है ना... सैफ अली खान को रोहित गोदारा गैंग से मिली धमकी, ऑडियो आया सामने; जांच में जुटी मुंबई पुलिस
मुंबई में बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों के बीच सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है. मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर से जुड़े एंगल को भी खंगाल रही है.
मायानगरी मुंबई में बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. टाइगर श्रॉफ और अमिताभ बच्चन से जुड़ी घटनाओं के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य जीशान अख्तर बताने वाले शख्स ने सैफ अली खान को खुलेआम चेतावनी दी है. इस मामले के सामने आते ही मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है और पूरे केस की गंभीरता से जांच कर रही है.
ऑडियो में क्या कहा?
सामने आए इस वायरल ऑडियो में धमकाने वाला शख्स खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा जीशान अख्तर बताता है. ऑडियो की शुरुआत में वह कहता है कि हां भाई, रोहित गोदारा गैंग से जीशान अख्तर बात कर रहा हूं. इसके बाद वह सीधे सैफ अली खान को संबोधित करते हुए कहता है कि देख जो तेरी बीवी करीना कपूर ने गलती की है, कहीं ऐसा न हो कि इसकी सजा तुझे भुगतनी पड़े. ऑडियो में आगे पुराने हमले का जिक्र करते हुए कहा गया है कि पहले तुझे चाकू लगा था तो तू बच गया था, ऊपर वाले ने बचा लिया था. लेकिन जब हमारी गोली लगेगी, तो कहीं ऐसा न हो कि बाबा सिद्दीकी जैसा हाल हो जाए, इसलिए सुधर जा.
करीना के विवाद और पुराने हमले का जिक्र
इस ऑडियो के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है. ऑडियो में सीधे तौर पर करीना कपूर के हालिया विवाद को इस धमकी की वजह बताया गया है. इसके साथ ही सैफ अली खान पर पहले हुए चाकू वाले हमले की याद दिलाते हुए उन्हें डराने की कोशिश की गई है. गौरतलब है कि ऑडियो में जिस जीशान अख्तर का नाम लिया जा रहा है, वह चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी वांटेड आरोपी है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर अभी इस वायरल ऑडियो की दावे व प्रमाणिकता की जी न्यूज आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं करता है.
क्या है करीना कपूर का पेंडेंट विवाद?
करीना कपूर के दिवाली लुक में पहने गए एक खास 30 कैरेट पन्ने के पेंडेंट से यह विवाद शुरु हुआ, जिस पर कुरान की आयत 'आयतुल कुर्सी' लिखी हुई थी. यह शाही पेंडेंट भोपाल के पूर्व नवाब परिवार की विरासत है और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचा. दिवाली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इस पेंडेंट पर लिखे धार्मिक वाक्य को लेकर विवाद शुरू हो गया था. एक तरफ कुछ लोगों और धर्मगुरुओं ने आयत के इस्तेमाल के तरीके पर आपत्ति जताई, वहीं दूसरी तरफ कई लोगों और संगठनों ने इसे पारिवारिक धरोहर बताते हुए करीना का समर्थन किया था.
मुंबई पुलिस हर एंगल से कर रही है जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक धमकी भेजने वाले व्यक्ति की असली पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है. जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि क्या वाकई इसके पीछे बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी जीशान अख्तर है, या फिर कोई शरारती तत्व या दूसरा गिरोह अख्तर का नाम लेकर मशहूर हस्तियों और सुरक्षा एजेंसियों को डराने की कोशिश कर रहा है. पुलिस साइबर सेल की मदद से इस वायरल ऑडियो के सोर्स और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले अकाउंट की जानकारी जुटा रही है.
पिछले कुछ समय से नॉर्थ इंडिया के गैंगस्टर्स के नाम पर बॉलीवुड सेलेब्स को निशाना बनाने की खबरें लगातार चर्चा में हैं. इससे पहले टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग और अमिताभ बच्चन को खुली धमकी मिलने जैसे मामले सामने आ चुके हैं, और अब सैफ अली खान का नाम इस लिस्ट में जुड़ गया है.