'आपको शर्म आनी चाहिए', सीता को लड़ते देख भड़के मुकेश खन्ना; रामायण मेकर्स को लगाई फटकार
'रामायण' में साईं पल्लवी के सीता वाले किरदार के फाइट सीन को लेकर मुकेश खन्ना ने नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने फिल्म के मेकर्स पर सवाल उठाते हुए उन्हें जमकर फटकार लगाई और कहा कि सीता को इस तरह लड़ते हुए दिखाना गलत है.
दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने नितेश तिवारी की 'रामायण' में माता सीता के चित्रण की आलोचना की है. उन्होंने खास तौर पर उस सीन पर आपत्ति जताई है, जिसमें माता सीता को एक एक्शन सीक्वेंस करते हुए दिखाया गया है. अपने हालिया व्लॉग में 'शक्तिमान' फेम अभिनेता ने कहा कि वाल्मीकि की रामायण में माता सीता को एक योद्धा के रूप में नहीं दिखाया गया है. उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा के इस स्पष्टीकरण पर भी सवाल उठाया कि यह सीक्वेंस वाल्मीकि की रामायण पर आधारित नहीं था.
मुकेश खन्ना ने अपने नए व्लॉग में रामायण के मेकर्स पर श्रद्धेय पाठ के साथ क्रिएटिविटी की आजादी लेने और कहानी में अपनी व्याख्याएं पेश करने का आरोप लगाया. उन्होंने आगे सवाल किया कि क्या निर्माता फिल्म के कथित 4,000 करोड़ रुपये के बजट और सोर्स के प्रति सच्चे रहने की तुलना में इसकी वसूली को प्राथमिकता दे रहे थे.
मुकेश खन्ना ने रामायण के मेकर्स पर सवाल उठाए
उन्होंने अपने वीडियो में कहा, 'रामायण फिल्म रिलीज हुई जिसे रामायण कहा जा रहा है और उसके अंदर पूरे देश में बस चिपकी हुई है और अहम मुद्दा कमाई का हो गया है कि हमने 400 करोड़ रुपये बनाए और 4000 करोड़ रुपये उसे कैसे वापस लाए? ये मुद्दा बन गया है. ये नहीं कि हम आपको रामायण की कथा ठीक-ठीक सुना रहे या नहीं.'
रावण को विलेन से ज्यादा क्यों दिखा रही 'रामायण'? यश के बयान से फिर छिड़ी बहस, 20 साल पहले भी मचा था बवाल
उन्होंने आगे साफ किया कि उन्होंने रामायण नहीं देखी है और उनके कमेंट सिर्फ अब तक जारी किए गए प्रमोशनल मटेरियल और दर्शकों के रिएक्शन और क्रिटिक्स रिव्यू पर आधारित हैं. उन्होंने वाल्मीकि के महाकाव्य को रूपांतरित करते समय फिल्म निर्माताओं द्वारा क्रिएटिव लिबर्टी लेने के फैसले पर सवाल उठाया और मूल ग्रंथ की प्रमाणिकता को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने आगे कहा, 'क्या हमारे सबसे बड़े महाकाव्यों रामायण और महाभारत के साथ छेड़छाड़ करना उनमें कुछ घटाना या जोड़ना और अपनी कल्पना को फिल्म में डालना - क्या यह छेड़छाड़ जायज है?'
फिल्म में सीता के फाइट सीक्वेंस के बारे में बात करते हुए खन्ना ने कहा, 'क्या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सीता माता रानी झांसी की तरह फाइट कर रही हैं या आजकल की हीरोइनें जो मर्दाना बन जाती हैं? मैंने वाल्मिकी जी की रामायण पढ़ी. उसमें कहीं भी ऐसा नहीं लिखा है कि सीता जी ने कभी भी जाकर फाइट की है. वो एक मर्यादा पुरूषोत्तम की पत्नी थीं, जिन्हों ने सेवा भाव दिखाया है. अगर वो फाइटर होती तो वो रावण से क्यों लड़ती.'
रामायण के मेकर्स पर मुकेश खन्ना का तीखा हमला
उन्होंने यह भी कहा कि वह निर्माता नमित मल्होत्रा के इस स्पष्टीकरण से हैरान रह गए कि फिल्म में माता सीता का एक्शन सीक्वेंस वाल्मिकी की रामायण से प्रेरित नहीं था. वरिष्ठ अभिनेता ने शेयर किया, 'मैं तब सदमे में था जब निर्माता ने दावा किया कि उन्होंने वाल्मिकी की रामायण से वह स्पेशल सीन नहीं लिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने इसे अदभुत रामायण पुस्तक से लिया है. रामायण एक ही थी जो वाल्मिकी जी ने लिखी थी. वह रामायण के बारे में बोलने की हिम्मत कैसे कर सकते हैं? ये हिम्मत आप किसी और धर्म में करके दिखाएंगे. क्या आप कुरान या बाइबिल से छेड़छाड़ कर सकते हैं? अगर नहीं तो आपकी हमारी गीता और रामायण से छेड़ने की हिम्मत कैसे हुई. शर्म आनी चाहिए आपको.'
'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर पलट दी बाजी, फर्स्ट मंडे 'धुरंधर 2' को पछाड़ा; 5वें दिन की कमाई उड़ा देगी होश
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आए हैं. मोस्ट अवेटेड यह महागाथा दिवाली से ठीक पहले 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. तब से यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है.