इस बार हीरा नहीं, बेशकीमती मुकुट चुराने का प्लान: यामी गौतम-सनी कौशल की फिल्म से जुड़ा ये 'विलेन', क्या है नया ट्विस्ट?
यामी गौतम और सनी कौशल की फिल्म 'चोर निकल के भागा 2' की कास्ट में सागर तुगनैत जुड़ गए हैं. क्रूज शिप पर आधारित यह हाइस्ट थ्रिलर फिल्म 17 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
साल 2023 में आई थ्रिलर फिल्म 'चोर निकल के भागा' के सीक्वल को लेकर फैंस के बीच काफी बज बना हुआ है. यामी गौतम और सनी कौशल की यह फिल्म इस बार एक नई कहानी और नए माहौल के साथ 17 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है. इसी बीच फिल्म की टीम में एक्टर सागर तुगनैत के जुड़ने की खबर सामने आई है.
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी और अजय सिंह के निर्देशन में तैयार 'चोर निकल के भागा 2' का प्रीमियर 17 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा. इस सीक्वल में यामी गौतम, सनी कौशल और शरद केलकर अपने पुराने किरदारों में फिर से नजर आएंगे. इनके अलावा एक्ट्रेस श्रेया चौधरी भी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन रही हैं, जिससे फिल्म की कास्ट और ज्यादा दिलचस्प हो गई है.
प्लेन के बाद अब क्रूज शिप पर होगा खेल
पहली फिल्म की कहानी एक विमान में हीरे की चोरी के आसपास घूमती थी, जहां प्लेन हाईजैक होने के बाद हालात पूरी तरह बदल जाते हैं. वहीं, इस बार सीक्वल की कहानी एक क्रूज शिप पर सेट की गई है. मेकर्स के मुताबिक, इस फिल्म में एक कीमती मुकुट चुराने की साजिश दिखाई जाएगी, जिसके चलते कहानी में धोखे, सस्पेंस और कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलेंगे.
देखें वीडियो-
फिल्म की कास्ट में एक्टर सागर तुगनैत के जुड़ने से दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है. यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि क्रूज शिप पर होने वाली इस चोरी की कहानी में सागर के किरदार को कैसे फिट किया जाता है और वह किस तरह के ट्विस्ट लाते हैं. संभवत: वो एक निगेटिव किरदार निभा सकते हैं.
एक्शन और नेगेटिव रोल में दिख चुके हैं सागर
सागर तुगनैत इससे पहले भी कई प्रोजेक्ट्स में एक्शन और नेगेटिव किरदारों से अपनी पहचान बना चुके हैं. वे अपनी हालिया फिल्म Gunmaaster G9 में इमरान हाशमी के सामने विलेन के रोल में नजर आने वाले हैं, जो 27 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है. ऐसे में 'चोर निकल के भागा 2' में उन्हें एक नए अंदाज में देखना फैंस के लिए खास अनुभव हो सकता है.
पुरानी कास्ट की वापसी, नए चेहरों की एंट्री और क्रूज शिप की नई लोकेशन के साथ यह फिल्म दर्शकों को एक फ्रेश थ्रिलर अनुभव देने का वादा कर रही है. अब सभी की नजरें 17 दिसंबर पर टिकी हैं, जब यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.