ना सोशल मीडिया, ना कोई पीआर स्टंट... फिर भी हॉलीवुड के हर बड़े प्रोजेक्ट पर रॉबर्ट पैटिनसन का कब्जा क्यों?
इस समय पूरे सोशल मीडिया और हॉलीवुड की गलियों में सिर्फ रॉबर्ट पैटिनसन का नाम गूंज रहा है. कई लोग इस बात से हैरान हैं कि बिना किसी सोशल मीडिया और पीआर का शोर किए आखिर वो कैसे फैंस और बड़े-बड़े डायरेक्टर्स की पहली पसंद बन रहे हैं.
जब किसी एक्टर की फिल्म आती है, तो महीनों पहले से सोशल मीडिया पर रील्स, मीम्स, पैपराजी स्पॉटिंग और पीआर कैंपेन की बाढ़ आ जाती है. हर कोई हर वक्त ऑनलाइन दिखना चाहता है ताकि खबरों में बना रहे. लेकिन इन सब शोर-शराबे के बीच एक नाम ऐसा है, जो न तो इंस्टाग्राम चलाता है, न एक्स पर एक्टिव है और न ही किसी भारी-भरकम पीआर टीम का सहारा ले रहा है. इसके बावजूद हॉलीवुड के बड़े से बड़े डायरेक्टर्स की पहली पसंद रॉबर्ट पैटिनसन बने हुए हैं.
रॉबर्ट पैटिनसन के करियर की शुरुआत भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. शुरुआत में उन्हें 'हैरी पॉटर एंड द गॉब्लेट ऑफ फायर' में सेड्रिक डिगोरी के रोल से पहचान मिली और फिर 'ट्विलाइट' सीरीज ने उन्हें रातोंरात ग्लोबल सेंसेशन बना दिया. दुनिया भर की लड़कियां उनकी दीवानी हो गईं, पोस्टर दीवारों पर लगने लगे और हर जगह बस उनका ही नाम नजर आने लगा. लेकिन इस अंधाधुंध स्टारडम के बीच उन्हें खुद लगने लगा कि वो एक ही तरह की इमेज में कैद हो रहे हैं.
'ट्विलाइट' के बाद का सन्नाटा
'ट्विलाइट' खत्म होने के बाद रॉबर्ट पैटिनसन के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि अब आगे क्या? जिस शोहरत ने उन्हें ऊंचाई दी थी, वही एक तरह से उनके लिए पिंजरा बनती जा रही थी. मेनस्ट्रीम और कमर्शियल फिल्मों के कई बड़े ऑफर उनके पास आए, लेकिन उन्होंने एक के बाद एक कई प्रोजेक्ट्स को ना कह दिया.
उस दौर में कई लोगों को लगा कि शायद उनका करियर अब ढलान पर है या वो खुद ही मेनस्ट्रीम लाइमलाइट से दूर जा रहे हैं. असली बदलाव तब आया, जब उन्होंने बड़े बजट की चमक-दमक छोड़कर इंडी यानी इंडिपेंडेंट फिल्मों का रुख किया. 'गुड टाइम', 'द लॉस्ट सिटी ऑफ जेड' और 'द लाइटहाउस' जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें देखकर ऑडियंस और क्रिटिक्स दोनों चौंक गए.
इन फिल्मों में न तो कोई ग्लैमर था और न ही कोई आसान रास्ता, बल्कि कच्चापन, अजीबोगरीब हाव-भाव और गहरी मानसिक उलझनें थीं. इन्हीं जोखिम भरे किरदारों ने साबित कर दिया कि रॉबर्ट पैटिनसन सिर्फ एक 'चॉकलेट बॉय' या रोमांटिक हीरो नहीं हैं, बल्कि एक बेहद गंभीर और मंझे हुए एक्टर हैं.
बड़े प्रोजेक्ट्स और डायरेक्टर्स की पहली पसंद
इसी वर्सटैलिटी और अपने काम के प्रति ईमानदारी ने उन्हें एक बार फिर हॉलीवुड के सेंटर में ला खड़ा किया. जब 'द बैटमैन' के लिए नए चेहरे की तलाश हुई, तो शुरुआत में कई लोगों ने उन पर सवाल उठाए, लेकिन जब फिल्म आई तो उनके काम की खूब तारीफ हुई. अब 'द बैटमैन: पार्ट II' को लेकर भी ऑडियंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखी जा रही है और लोग उन्हें फिर से उस डार्क और गंभीर कैरेक्टर में देखना चाहते हैं.
इसके अलावा बड़े प्रोजेक्ट्स की लिस्ट में 'ड्यून: पार्ट थ्री' का नाम भी जुड़ता नजर आता है, जो अपने आप में बताता है कि साइंस-फिक्शन और बड़े स्केल की फिल्मों में भी उनकी मांग कितनी बढ़ गई है. वहीं अगली 'जेम्स बॉन्ड' फिल्म को लेकर भी उनके नाम की चर्चाएं खूब जोर पकड़ती हैं, क्योंकि उनमें एक ऐसी कूलनेस और सीरियसनेस दिखती है जो इस किरदार के लिए काफी फिट मानी जाती है. बड़े डायरेक्टर्स को जब किसी दमदार किरदार के लिए ऐसा एक्टर चाहिए होता है, जो स्क्रिप्ट और परफॉर्मेंस पर पूरा ध्यान दे सके, तो रॉबर्ट का नाम सबसे ऊपर आता है.
बिना पीआर-सोशल मीडिया के बढ़ता जादू
सबसे दिलचस्प बात ये है कि यह सब बिना किसी सोशल मीडिया अकाउंट और बिना किसी नॉन-स्टॉप पीआर प्लानिंग के हो रहा है. आमतौर पर एक्टर्स अपनी पर्सनल लाइफ, जिम सेशन, वेकेशन या फिल्म सेट की छोटी-छोटी अपडेट शेयर करके ऑडियंस और फैंस से जुड़े रहते हैं. लेकिन रॉबर्ट पैटिनसन की लाइफ में एक मिस्ट्री है, जो ऑडियंस को उनके बारे में जानने के लिए और ज्यादा एक्साइटेड करती है.
पब्लिक आई से बनाई दूरी
जब कोई एक्टर हर दिन अपनी राय नहीं रखता या हर छोटी बात पर कैमरे के सामने नहीं आता, तो उसकी हर फिल्म और हर इंटरव्यू अपने आप खास बन जाता है. उनकी फैन फॉलोइंग इसलिए बढ़ रही है क्योंकि लोग उन्हें सोशल मीडिया की चमक से नहीं, बल्कि सीधे बड़े पर्दे पर उनके काम से जानते हैं. आज के दौर में जहां सब कुछ जरूरत से ज्यादा दिखता है, वहां रॉबर्ट पैटिनसन की ये खामोशी और अपने काम पर फोकस ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है.