शहजाद Vs स्वेत : Rise And Fall 2 के दूसरे ही एपिसोड में मचा घमासान, अब एक्स-पॉलिटिशियन की टीम क्यों दे रही सफाई?
Rise And Fall 2: 'राइज एंड फॉल 2 इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. शो में शहजाद पूनावाला के साथ हुई हाथापाई के बाद स्वेत तोमर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. दूसरे ही एपिसोड में हुई इस घटना के बाद शो का माहौल और कंटेस्टेंट्स के बीच हलचल बढ़ा दी है. वहीं अब एक्स-पॉलिटिशियन की टीम ने सफाई देते हुए पोस्ट शेयर किया है.
एमएक्स प्लेयर की रियलिटी वेब सीरीज 'राइज एंड फॉल 2' को शुरू हुए अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन शो का माहौल पहले ही गरमा गया है. ऑडियंस को यहां कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला, पॉलिटिक्स और टकराव देखने को मिल रहा है. हालांकि, इस बार मामला सिर्फ बहस तक ही नहीं रहा. एक्स-पॉलिटिशियन शहजाद पूनावाला और एक्टर स्वेत तोमर के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई. इस घटना के बाद स्वेत को शो से बाहर कर दिया गया और सोशल मीडिया पर भी इस पूरे मामले की खूब चर्चा होने लगी.
'राइज एंड फॉल 2' के 'अल्टीमेट रूलर' टास्क के दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की मौजूदगी में चल रही बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए. मामला हाथापाई तक पहुंचा और इस दौरान शहजाद की कमीज भी फट गई. घटना के बाद शो के निर्माताओं ने पूरे मामले की जांच की और स्वेत तोमर को शो से बाहर करने का फैसला लिया. स्वेत इससे पहले एमटीवी रोडीज, एमटीवी 'स्प्लिट्सविला' और 'द 50' जैसे रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुके हैं.
वीडियो वायरल हुआ तो टीम ने दी सफाई
शो की इस घटना से जुड़े वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे. इसके बाद शहजाद पूनावाला की टीम ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया. टीम ने इस पोस्ट के जरिए शहजाद के समर्थन में खड़े लोगों का शुक्रिया अदा किया और बिना स्वेत तोमर का नाम लिए उनके फैंस पर निशाना साधा. बयान में शहजाद के साथ हुए कथित व्यवहार और शो में उनके धैर्य का जिक्र किया गया. टीम ने लिखा, 'उन्होंने उसे गाली दी, वो चुप रहे. उन्होंने उसका मजाक उड़ाया, वो चुप रहे. फिर उन्होंने उसे पीटा, वो चुप रहे. शहजाद ने बचपन में ही अपने पिता को खो दिया था. उसकी मां बूढ़ी हो रही है और वैचारिक मतभेदों के कारण उसके अपने भाई के साथ संबंध सही नहीं हैं. वो शो में खेलने, काम करने और अपनी आजीविका कमाने आया था, फिर भी आपने उसे पीछे से गाली दी और उस पर शारीरिक हमला किया.'
'आप उन्हें गाली दे सकते हैं, लेकिन...'
शहजाद की टीम ने अपने बयान में आगे कहा, 'जब आपने अपने शब्दों से उसे उकसाया, तब भी शहजाद ने सही से जवाब दिया और सभी के साथ अच्छा व्यवहार किया. ये उसके बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है. लोग देख रहे हैं. आप उन्हें गाली दे सकते हैं, उन्हें चुप कराने की कोशिश कर सकते हैं या उन्हें दबा सकते हैं, लेकिन आप उसके हौसले को नहीं तोड़ सकते. वो हर दिन पहले से ज्यादा मजबूत होकर फिर से उठेगें.' पोस्ट के आखिर में टीम ने लिखा, 'इस अपार प्रेम और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद.' वहीं, दूसरी तरफ स्वेत ने भी इस पूरे विवाद पर अपनी बात रखी और सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ बातों को लेकर अपना पक्ष बताया.
स्वेत ने बताया, आखिर हुआ क्या था?
सिवेट ने अपने इंस्टाग्राम व्लॉग में कहा कि उन्होंने शहजाद को पीछे से नहीं मारा था, बल्कि उनका कॉलर पकड़ा था. उन्होंने कहा, 'कई लोगों ने मुझसे कहा कि मैंने उसे पीछे से मारा. सच कहूं तो, जब मैं उसकी तरफ चल रहा था, तो वो मुड़ गया. इसलिए अगर आप अगला वीडियो देखेंगे, तो मैं उसके आमने-सामने हूं, मैंने उसे कॉलर से पकड़ रखा है.' उन्होंने आगे कहा, 'फिर मुझे उसके साथ पांच सेकंड का समय मिला जब हमारे आसपास कोई और नहीं था. अगर मैं उसे मारना चाहता, तो वहीं पीट देता. मैं बस उसका कॉलर पकड़े हुए था. कम से कम 20 मिनट तक लगातार उकसावा चलता रहा'.