'वड़ा पाव था मेरा पक्का साथी', मुंबई में संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हुए रवि किशन; सुनाया किस्सा
रवि किशन ने मुंबई में अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद किया है. एक्टर ने बताया कि उस दौर में वड़ा पाव उनका सबसे पक्का साथी हुआ करता था. उन्होंने अपने मुश्किल दिनों का किस्सा साझा करते हुए बताया कि कैसे तमाम चुनौतियों के बीच उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई.
एक्टर और राजनेता रवि किशन ने हाल ही में मुंबई में बिताए अपने मुश्किल दिनों के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने याद किया कि जब वे शहर में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब 'वड़ा पाव' उनका सबसे बड़ा साथी बन गया था. रवि किशन ने यह बात क्विज रियलिटी शो 'कोन होनार करोड़पति' में कही. इस दौरान उन्होंने मुंबई के अपने शुरुआती दिनों और उस सफर के बारे में बताया, जिसने उन्हें एक संघर्षरत कलाकार से एक सफल अभिनेता और सांसद बना दिया.
उन्होंने याद किया कि कैसे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही उनका लगातार साथी बन गया था. उन्होंने कहा, "वो बहुत खूबसूरत दिन थे. मेरे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही मेरा सच्चा साथी था. मैंने पूरा मुंबई पैदल घूमा है, तब जब इसे बॉम्बे कहा जाता था. लोग चलकर आगे बढ़ते हैं लेकिन मैं आज जहां हूं, वहां रेंगकर पहुंचा हूं. मैं धीरे-धीरे ऊपर उठा हूं."
रवि किशन ने सुनाए मुंबई के संघर्ष के दिन
रवि ने ये भी याद किया कि मुंबई से उनका नाता एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में करियर शुरू होने से काफी पहले से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि उनका जन्म बांद्रा में हुआ था और बाद में हालात बदलने पर वो अपने परिवार के साथ वापस बनारस चले गए थे.
सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री पर केंद्र सरकार सख्त, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को भेजा नोटिस; 7 दिन में मांगा जवाब
उन्होंने यह बताया कि उनके पिता दूध का बिजनेस करते थे और मुंबई में बचपन के दौरान वो गणपति विसर्जन की झांकियां देखते थे. इन्हीं झांकियों में नाचते हुए उन्हें डांस में दिलचस्पी पैदा हुई थी. रवि किशन ने कहा कि उनके मुश्किल भरे वो साल एक कलाकार के तौर उनके सफर का एक अहम हिस्सा बन गए थे.
रवि किशन के बारे में
रवि किशन की बात करें, तो वह अपने बेहतरीन अभिनय के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल मीम्स और ट्रेंड्स के बीच भी नजर आते हैं. अभिनेता ने कहा कि वह अपने वायरल मीम्स को बहुत पसंद और इंजॉय भी करते हैं.
Analysis: एक तरफ पाकिस्तानी ड्रामों की फैन फॉलोइंग, दूसरी तरफ बैन की मांग; क्या चाहते हैं भारतीय दर्शक?
अभिनेता रवि किशन जल्द ही अनुपम खेर की फिल्म खोसला का घोसला-2 में नजर आएंगे. यह फिल्म एक बार फिर मध्यमवर्गीय परिवार के संघर्ष, जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों और एक बड़े ठग की वजह से पैदा होने वाली उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएंगी. इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत भागिया ने किया है और इसमें पुरानी कास्ट के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)