विदेश का बहाना और LOC का खतरा: आखिरकार साइबर सेल पहुंचे रैपर हनी सिंह, 2 घंटे तक चली पूछताछ
Yo Yo Honey Singh: कॉन्सर्ट में दिए गए एक बयान पर जब मुश्किलें बढ़ीं, तो आखिरकार रैपर यो यो हनी सिंह महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हो गए. पूछताछ से बचने के लिए विदेश में होने का बहाना और लुकआउट सर्कुलर का खतरा बना हुआ था, लेकिन वकीलों के साथ आखिरकार हनी सिंह पहुंचे, इस दौरान उनसे करीब दो घंटे तक तीखे सवाल-जवाब किए गए.
म्यूजिक की दुनिया में अपने एनर्जेटिक गानों से लाखों दिलों पर राज करने वाले यो यो हनी सिंह इन दिनों अपने गानों और एल्बम से ज्यादा कानूनी पचड़ों को लेकर खबरों में छाए हुए हैं. हाल ही में रैपर को महाराष्ट्र साइबर सेल के ऑफिस के बाहर भारी सिक्योरिटी के बीच देखा गया. दरअसल पिछले साल 1 मार्च, 2025 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट हुआ. आरोप है कि इस पब्लिक मंच पर परफॉर्मेंस के दौरान हनी सिंह ने अपने किसी गाने की कुछ ऐसी लाइनें गाईं, जिन्हें समाज के एक ग्रुप ने बेहद आपत्तिजनक और अश्लील माना.
इस लाइव परफॉर्मेंस के तुरंत बाद, अधिवक्ता रूपाली पंवार समेत कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए महाराष्ट्र साइबर सेल में ऑफिशियली शिकायत दर्ज कराई शिकायतकर्ताओं ने अपनी इस शिकायत में कहा कि इस तरह के अश्लील बोल न केवल महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं, बल्कि सोशल मीडिया के दौर में कम उम्र के बच्चों और लोगों पर भी इसका बेहद गलत असर डाल रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत में भी इस पर सवाल उठे, जहां सुनवाई के दौरान गानों की लैंग्वेज को लेकर कड़ी आपत्ति जताई गई.
तीन बार समन टालने का खेल
रैपर के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी और हनी सिंह को जांच में शामिल होने के लिए एक के बाद एक तीन बार समन भेजे. हालांकि, हर बार रैपर की तरफ से पेश न होने को लेकर कई बहाने बनाए गए. शुरुआती दौर में हनी सिंह और उनकी लीगल टीम ने विदेश में होने का बहाना बनाकर पेश होने के लिए समय मांगा था. इतना ही नहीं, हाल ही में उन्होंने 22 अक्टूबर,2026 को पेश होने के लिए एक नई अर्जी दी थी, जिसे महाराष्ट्र साइबर सेल ने साफ तौर पर खारिज कर दिया.
लुकआउट सर्कुलर का डर था
खबरों के मुताबिक, साइबर सेल का रवैया इस मामले में बेहद सख्त था और उन्हें साफ मैसेज दे दिया गया था कि बार-बार तारीखें आगे नहीं बढ़ाई जाएंगी. महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों का रुख इस कदर कड़ा हो चुका था कि अगर हनी सिंह इस बार भी पेश नहीं होते, तो उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) यानी देश छोड़ने पर रोक लगाने का प्रोसेस शुरू करने की पूरी तैयारी थी. जैसे ही इस कानूनी फंदे की भनक रैपर और उनकी टीम को लगी, उनके सारे बहाने धरे के धरे रह गए और वो तुरंत साइबर सेल के ऑफिस पहुंच गए.
आखिरकार, हाजिर हुए हनी सिंह
तमाम टालमटोल के बाद हनी सिंह भारी सुरक्षा के बीच और अपनी वकीलों की टीम को साथ लेकर महाराष्ट्र साइबर सेल के दफ्तर पहुंचे. वहां जांच अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे तक लगातार तीखे सवाल-जवाब किए और उनका बयान दर्ज किया. वहीं दो घंटे की लगातार पूछताछ के बाद जब हनी सिंह बाहर निकले, तो उनके चेहरे पर तनाव साफ झलक रहा था. फिलहाल, इस मामले में अगर अदालत और साइबर सेल का शिकंजा और कसा, तो यो यो हनी सिंह की मुश्किलें आने वाले दिनों में और ज्यादा बढ़ सकती हैं.