SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिवाली पर बॉक्स ऑफिस पर छाई 'रामायण', रणबीर कपूर की फिल्म ने चौथे दिन कमाए 56 करोड़; 500 करोड़ के करीब पहुंची कमाई

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर मेगा बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी है. फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. दिवाली के दिन फिल्म का काफी अच्छा कलेक्शन रहा. इतना ही नहीं, दिवाली के दिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने ऐतिहासिक कमाई की है. आइए आंकड़ों पर नजर डालते हैं-

Written By Kajol Gupta
Published: Nov 09, 2026, 07:13 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 07:25 AM IST
Image Credit: दिवाली पर 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका
Join

बॉक्स ऑफिस पर डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है और जमकर धमाल मचा रही है. इस फिल्म को दो पार्ट्स में बनाया गया है. पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में, सुपरस्टार यश लंकापति रावण के किरदार में और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं. जब से फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है, तब से हर किसी की नजर केवल इसकी कमाई पर है.

दिवाली के खास फेस्टिव सीजन में फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है. फिल्म ने अपनी शानदार कहानी और विजुअल इफेक्ट्स के दम पर हर किसी का दिल जीत लिया है. सिनेमाघरों में फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है. रणबीर कपूर की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी धूम मचाई है. इसका अंदाजा फिल्म के दिवाली कलेक्शन से ही लगाया जा सकता है, जो कि काफी ऐतिहासिक रहा है.

फिल्म में काफी तगड़ी स्टारकास्ट

अगर फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो वह काफी बड़ी और शानदार है. फिल्म में लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे और भगवान हनुमान के किरदार में सनी देओल दमदार एक्शन करते नजर आएंगे. वहीं, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, अरुण गोविल, अनुपम खेर, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी दमदार किरदारों में नजर आए हैं. दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर रणबीर कपूर के राम और यश के लंकापति रावण के किरदारों के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है. फिल्म के विजुअल्स और शानदार इफेक्ट्स को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा कदम बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें- बचपन में खूब फोड़े पटाखे, अब क्यों रकुल प्रीत ने बना ली इनसे दूरी? बोलीं- 'रामायण' खोलेगी ग्लोबल रास्ते

मेकर्स ने पानी की तरह बहाया पैसा

वहीं, अगर खबरों की मानें तो मेकर्स ने फिल्म पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया है. बताया जा रहा है कि इस फिल्म के पहले पार्ट को बनाने में ही मेकर्स करीब 1600 से 2000 करोड़ रुपये तक लगा चुके हैं. अगर फिल्म के दोनों पार्ट्स को जोड़ें तो इसका कुल बजट 4000 करोड़ रुपये के पार जा सकता है. फिल्म को दमदार हॉलीवुड स्टाइल में पेश करने के लिए इंटरनेशनल टेक्नीशियंस की मदद ली गई है.

5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' ने सही मायनों में दर्शकों के दिलों-दिमाग पर तगड़ी छाप छोड़ी है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के खास मौके पर 'रामायण' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अपनी धाक जमाते हुए 56 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्डतोड़ कमाई की है.

दिवाली के दिन की दमदार कमाई

आपको जानकर हैरानी होगी कि इससे पहले कोई भी फिल्म भारतीय सिनेमा में दिवाली के दिन इतनी ज्यादा कमाई करने में कामयाब नहीं हुई है. इस बात का अंदाजा पहले ही लगाया जा रहा था कि 'रामायण' कमाई के मामले में अपनी काफी मजबूत दावेदारी पेश करेगी. फिलहाल, फिल्म वैसा ही करती नजर भी आ रही है.

रणबीर कपूर की 'रामायण: पार्ट 1' ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया इतिहास रच दिया है. रिलीज के चौथे दिन के कलेक्शन को जोड़ दिया जाए तो इस माइथोलॉजिकल फिल्म का नेट कारोबार 238 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. दिवाली के दिन भी लोग रणबीर कपूर की 'रामायण' फिल्म को देखने के लिए थिएटर पहुंचे थे.

200 पार पहुंचा फिल्म का कलेक्शन

दिवाली जैसे खास और बड़े फेस्टिव सीजन को देखते हुए मेकर्स ने फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया था, ताकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में इसका अच्छा फायदा मिल सके. इसका अंदाजा 'रामायण' के अब तक के कलेक्शन से भी लगाया जा सकता है. फिल्म ने पहले दिन 25,200 शोज से भारत में नेट 64.85 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 23,316 शोज से 48.05 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 23,696 शोज से 69.80 करोड़ रुपये और चौथे दिन 21,707 शोज से 56.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. यानी अब तक फिल्म ने भारत में कुल नेट कलेक्शन 238.85 करोड़ रुपये कर लिया है.

वहीं, फिल्म ने अब तक भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ रुपये कर लिया है और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 499.20 करोड़ रुपये कर लिया है. ऐसे में फिल्म से अभी भी काफी उम्मीदें हैं कि यह बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा धमाल मचा सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES