Ramayana vs Godzilla: इंडिया में डरी, लेकिन विदेशों में कहीं रामायण को चोट न पहुंचा दे 'गॉडजिला', दिवाली पर छिड़ी महाजंग
दिवाली पर 'रामायण' और 'गॉडजिला माइनस जीरो' का बड़ा क्लैश देखने को मिल सकता है. हालांकि, यह इंडिया में नहीं, लेकिन विदेशों में कड़ी टक्कर देने की आशंका है. ट्विटर पर आए शुरुआती रिव्यूज में कौन आगे निकल रहा है? जानिए पूरी रिपोर्ट.
इस दिवाली सिनेमाघरों में सिर्फ पटाखे नहीं फूटने वाले, बल्कि ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी टक्कर होने जा रही है जिसका अंदाजा किसी ने नहीं लगाया था. एक तरफ है भारत की सबसे महाकाय पौराणिक कथा पर बनी फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड', जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं. वहीं दूसरी तरफ है जापान का खूंखार मॉन्स्टर, जो 'गॉडजिला माइनस जीरो' के रूप में तबाही मचाने आ रहा है.
दोनों ही फिल्में नवंबर 5 को रिलीज होने जा रही हैं और रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने इनके स्पेशल स्क्रीनिग्स रखे थे. अब सोशल मीडिया, खासकर एक्स पर इन दोनों फिल्मों के अर्ली रिएक्शंस और रिव्यूज की बाढ़ आ गई है. फैंस से लेकर इंटरनेशनल क्रिटिक्स तक सब अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस शुरुआती रेस में कौन बाजी मार रहा है? चलिए, आपको विस्तार से बताते हैं कि क्रिटिक्स का मूड क्या कह रहा है.
क्या अर्ली रिव्यूज ने बिगाड़ा खेल?
रणबीर कपूर स्टारर और नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' की पहली स्क्रीनिंग लॉस एंजिल्स में रखी गई थी. 30 अक्टूबर तक फिल्म के रिव्यूज पर एम्बारगो लगा था, लेकिन जैसे ही रिव्यू बाहर आए, लोगों का मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिला. अंतर्राष्ट्रीय मीडिया और क्रिटिक्स ने फिल्म के स्केल और विजन की तारीफ तो की है, लेकिन कुछ जगहों पर फिल्म थोड़ी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही है.
स्क्रीन रैंट ने फिल्म के टेक्निकल डिपार्टमेंट की तारीफ करते हुए लिखा, "अगर सिर्फ विजुअल और टेक्निकल लेवल पर देखें, तो रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड एक बहुत ही शानदार और इम्प्रेसिव सिनेमैटिक अचीवमेंट है." IndieWire ने फिल्म के भव्य रूप को सराहा और कहा, "इस फिल्म को 'Epic' कहना शायद एक घिसा-पिटा शब्द लगे, लेकिन इसके अलावा कोई और शब्द इस फिल्म के स्केल को बयां ही नहीं कर सकता." लेकिन कहानी का दूसरा पहलू थोड़ा अलग है. हर बार की तरह इस बार भी CGI और पेसिंग को लेकर क्रिटिक्स ने सवाल खड़े किए हैं.
IGN ने अपने रिव्यू में काफी तीखी बात लिखी. उन्होंने लिखा, "एक बेहद ही भव्य और शानदार फिल्म घटिया एक्शन, आंखों को चुभने वाले CGI और अजीब AI लिप सिंकिंग की शिकार हो गई. दुर्भाग्य से, यह केवल पार्ट 1 बनकर रह गया है."
3 घंटे 15 मिनट की लंबाई पर क्या कहा?
रामकथा इतनी विशाल है कि इसे तीन घंटे में समेटना किसी भी डायरेक्टर के लिए आसान काम नहीं है. यही बात कुछ क्रिटिक्स ने उठाई है. फिल्म का रनटाइम 3 घंटे और 15 मिनट है, जिसकी वजह से कई क्रिटिक्स को लगा कि फिल्म जरूरत से ज्यादा भरी हुई है. एक क्रिटिक ने तो यहां तक सुझाव दे दिया कि इतनी बड़ी कहानी को किसी फिल्म में ठूंसने की बजाय HBO के 'गेम्स ऑफ थ्रोंस' जैसी कोई हाई-बजट टेलीविजन सीरीज बनानी चाहिए थी. इससे कहानी के हर पहलू को खुलकर सांस लेने का मौका मिलता. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसके बावजूद आम दर्शक इस फिल्म के भव्य कैनवास में खो सकते हैं और इसका मजा ले सकते हैं.
जापानी मॉन्स्टर का ट्विटर पर तहलका
अब बात करते हैं जापान की तरफ से आई सुनामी यानी 'गॉडजिला माइनस जीरो' की. ऑस्कर विजेता डायरेक्टर ताकाशी यामाज़ाकी की यह फिल्म 2023 में आई सुपरहिट 'गॉडजिला माइनस वन' का सीधा सीक्वल है. फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर न्यूयॉर्क फिल्म फेस्टिवल में हुआ था, लेकिन इस हफ्ते टोक्यो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल से पहले हुई प्रेस स्क्रीनिग्स के बाद इंटरनेट पर जो रिएक्शंस आ रहे हैं, वे होश उड़ाने वाले हैं.
फिल्म को रॉटन टोमैटोज पर 51 रिव्यूज के आधार पर 92% Rating मिली है, जो किसी भी मॉन्स्टर फिल्म के लिए बहुत बड़ी बात है. ट्विटर पर फैंस और क्रिटिक्स इसे गॉडज़िला फ्रेंचाइजी का अब तक का सबसे बेहतरीन सीक्वल बता रहे हैं.
"यह तो गॉडजिला की 'द डार्क नाइट' है"
सोशल मीडिया पर लोग इस फिल्म की तारीफों के पुल बांध रहे हैं. लोगों का कहना है कि इसमें सिर्फ तबाही नहीं है, बल्कि इमोशन्स और इंसानी ड्रामा भी कूट-कूट कर भरा है. एक दर्शक ने लिखा, "यह सच में इस पूरे साल की सबसे एपिक फिल्म है. इसमें कुछ ऐसे सीन्स हैं जिन्हें देखकर आपकी आंखें फटी की फटी रह जाएंगी." एक अन्य फैन ने कहा, "एक जोर से गरजने वाली, इमोशनल और धमाकेदार मॉन्स्टर मूवी. एक्शन सेट्स इतने खूबसूरत हैं कि इन्हें सिर्फ और सिर्फ बड़ी स्क्रीन यानी IMAX में ही देखा जाना चाहिए."
एक और क्रिटिक ने फिल्म की तुलना मास्टरपीस फिल्मों से कर दी. उन्होंने कहा, "#GodzillaMinusZero इस फ्रेंचाइजी की अब तक की सबसे बेहतरीन फॉलो-अप फिल्म है. अगर इसकी तुलना करनी हो, तो यह 'गॉडजिला माइनस वन' के लिए वही है जो 'गॉडफादर पार्ट 2' अपनी पहली फिल्म के लिए थी. Toho स्टूडियो को इसके लिए एक और ऑस्कर मिलना चाहिए."
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों से तुलना करते हुए एक यूजर ने लिखा, "कल रात फिल्म देखी. अगर माइनस वन इस फ्रेंचाइजी की Oppenheimer थी, तो माइनस जीरो इसकी THE DARK KNIGHT है. यह बहुत इमोशनल है, इंटेंस है और काइजु एक्शन में जरा भी निराश नहीं करती. अब तक का सबसे खतरनाक Ghidorah देखने को मिला है."
BFI IMAX में फिल्म देखने वाले एक शख्स ने लिखा, "मुझे नहीं लगा था कि मैं कभी किसी गॉडजिला फिल्म को देखकर रो पड़ूंगा, लेकिन यहां ऐसा हुआ. इसमें ऐसे इंसान हैं जिनकी आप सच में परवाह करते हैं और विजुअल इफेक्ट्स कमाल के हैं."
बजट छोटा, धमाका बड़ा!
आपको बता दें कि 2023 में आई 'Godzilla Minus One' का बजट महज 15 मिलियन डॉलर (लगभग 125 करोड़ रुपये) था, लेकिन उसने दुनियाभर में 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की और 2024 में बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का ऑस्कर अवार्ड भी जीता. टोहो स्टूडियोज ने 'Godzilla Minus Zero' का जो ऑफिशियल सिनॉप्सिस जारी किया है, वह भी काफी डरावना और दिलचस्प है.
सिनॉप्सिस-
"युद्ध ने जापान को Zero पर धकेल दिया था, और गॉडज़िला ने इसे माइनस में पहुंचा दिया. उस बात को दो साल बीत चुके हैं, और देश ने बड़ी मुश्किल से अपनी शांति वापस पाई थी. लेकिन जैसे ही इंसानियत ने राहत की सांस ली, एक नया खतरा आ गया जिसने पल भर में सब खत्म कर दिया. अब कोई तीसरा मौका नहीं मिलेगा. सब कुछ यहीं खत्म होता है."
बॉक्स ऑफिस क्लैश और भारत का गणित!
अगर ग्लोबल लेवल पर देखें, तो अर्ली रिव्यूज के मामले में 'Godzilla Minus Zero' ने 'Ramayana' पर बढ़त बना ली है. जहां रामायण के विजुअल्स और पेसिंग को लेकर क्रिटिक्स थोड़े बंट गए हैं, वहीं गॉडज़िला को एकतरफा प्यार मिल रहा है. लेकिन भारतीय बॉक्स ऑफिस का गणित थोड़ा अलग होने वाला है. भारत में रणबीर कपूर की 'Ramayana' को लेकर जो दीवानगी है, उसे हिला पाना किसी जापानी मॉन्स्टर के बस की बात नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में रामायण को बिना किसी रुकावट के सोलो रिलीज का फायदा मिलेगा, क्योंकि 'Godzilla' की इंडियन रिलीज डेट को आगे खिसका दिया गया है.
इंटरनेशनल मार्केट में भले ही Godzilla की दहाड़ तेज सुनाई दे रही हो, लेकिन देसी ऑडियंस के दिलों पर तो रणबीर कपूर और नितेश तिवारी की 'Ramayana' ही राज करने वाली है. अब देखना यह होगा कि 5 नवंबर को जब ये दोनों फिल्में पूरी तरह से दर्शकों के सामने होंगी, तो पब्लिक किस पर अपना प्यार लुटाती है.