'रामायण' की ऐतिहासिक फिल्म पर गृहमंत्री अमित शाह ने थपथपाई रणबीर कपूर की पीठ, वायरल हो रही दिल्ली विजिट की ये तस्वीरें
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए 1755 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. इस बड़ी सफलता के बाद पूरी टीम ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका.
बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ने के बाद फिल्म 'रामायण' की पूरी टीम इस वक्त सातवें आसमान पर है. महज 21 दिनों में देश की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने के बाद रणबीर कपूर और साई पल्लवी ने दिल्ली का रुख किया, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से खास मुलाकात की.
रणबीर कपूर, साई पल्लवी, डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने अपने हालिया दिल्ली दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस खास मीटिंग में प्राइम फोकस के बिजनेस हेड नीरज संघई भी उनके साथ मौजूद थे. यह मुलाकात इसलिए भी बेहद खास रही क्योंकि अमित शाह ने 'रामायण' की पूरी टीम की जमकर तारीफ की. उन्होंने बड़े पर्दे पर इस महाकाव्य को इतने भव्य और शानदार तरीके से उतारने के लिए टीम की मेहनत और इस बड़ी उपलब्धि को सराहा.
गुरुद्वारा बंगला साहिब में टेका मत्था
गृह मंत्री से मिलने से पहले रणबीर कपूर, नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी दिल्ली के मशहूर गुरुद्वारा बंगला साहिब भी गए. वहां उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ अरदास की और फिल्म की सफलता के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा किया. दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के एग्जीक्यूटिव मेंबर भूपिंदर सिंह भुल्लर ने इस विजिट की कुछ इनसाइड फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों में रणबीर कपूर गुरुद्वारे के सभी रीति-रिवाजों को पूरा करते हुए और टीम के साथ एक परफेक्ट फ्रेम में पोज देते नजर आ रहे हैं.
बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' की सुनामी, 'पुष्पा 2' को छोड़ा पीछे
कमाई के मामले में 'रामायण' रुकने का नाम नहीं ले रही है और हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है. रिलीज के 21वें दिन के बाद इस फिल्म ने 'पुष्पा 2' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है और अब यह भारत की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. सैकनिल्क (Sacnilk) की रिपोर्ट के मुताबिक, 'पुष्पा 2' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,742.10 करोड़ रुपये था, जिसे 'रामायण' ने 1,755.60 करोड़ रुपये कमाकर पार कर लिया है.
अब निशाने पर 'बाहुबली 2' का बड़ा रिकॉर्ड
वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में अब 'रामायण' से आगे सिर्फ तीन फिल्में हैं. इसमें तीसरे नंबर पर साल 2017 में आई 'बाहुबली 2' है, जिसने दुनिया भर में 1,788.06 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर साल 2026 की ही फिल्म 'धुरंधर 2' है, जिसकी ग्लोबल कमाई 1,813.39 करोड़ रुपये रही है, जबकि पहले नंबर पर 2070.30 करोड़ रुपये के साथ 'दंगल' का कब्जा है.
भारत में 1000 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर
घरेलू बॉक्स ऑफिस की बात करें तो 21 दिनों के बाद भारत में 'रामायण' का नेट कलेक्शन 982.55 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,173.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. हिंदी नेट कलेक्शन में भी 'धुरंधर 2' के बाद यह सबसे तेजी से 700 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है. अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि फिल्म कितने दिनों में भारत में 1000 करोड़ नेट का जादुई आंकड़ा छूती है.
4000 करोड़ के बजट में बनी सबसे महंगी फिल्म
भले ही फिल्म की ओपनिंग थोड़ी मिली-जुली रही थी, लेकिन शानदार वर्ड-ऑफ-माउथ और त्योहारों की छुट्टियों ने इसकी कमाई को जबरदस्त बूस्ट दिया. 4,000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्म माना जा रहा है. दुनिया भर में बड़े लेवल पर प्रमोट हुई इस फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा यश, रवि दुबे और लारा दत्ता भी बेहद अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं.