सीता बनना आसान नहीं था! 'रामायण' के सेट पर ऐसा क्या हुआ कि रो पड़ीं साई पल्लवी?
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म कमाई में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. इसी बीच साई पल्लवी ने बताया कि 'रामायण' के एक सीन के दौरान सेट पर ही वह रोने लग गई थीं.
इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' धमाल मचा रही है. फिल्म में सितारों की भरमार है, लेकिन बड़े पर्दे पर पौराणिक किरदारों को निभाना अपने आप में एक चुनौती है, खासकर तब जब वह किरदार बहुत अधिक पूजनीय हो. हाल ही में साई पल्लवी ने बताया कि जब वह 'रामायण' में देवी सीता का किरदार निभा रही थीं, उस वक्त फिल्म के सेट पर एक भावुक पल घटा था. एक्ट्रेस ने याद करते हुए बताया कि एक सीन में सीता का किरदार निभाने के बाद जब उनकी डायलेक्ट कोच ने उनके पैर छुए, तो वह भावुक होकर रो पड़ी थीं.
हाल ही में साई पल्लवी ने कंटेंट क्रिएटर पल्लवी राज के साथ बातचीत में एक ऐसे पल के बारे में खुलासा किया, जिसने उन्हें 'रामायण' फिल्म के सेट पर भावुक कर दिया और वह रोने लगी थीं. आइए जानते हैं कि ऐसा क्या हुआ कि साई पल्लवी सेट पर ही रोने लगी थीं.
मैं सेट पर हैरान रह गई- साई पल्लवी
साई पल्लवी ने बताया कि 'एक पल ऐसा आया जब मैं बहुत भावुक हो गई थी. एक सीन के बाद मेरी डायलेक्ट कोच ने मेरे पैर छू लिए. मैं हैरान रह गई, क्योंकि उन्होंने मुझे फोन पर बात करते, तैयार होते और बाकी सब चीजें करते हुए देखा था. डायलेक्ट कोच को पता है कि मैं साई पल्लवी हूं, लेकिन कभी-कभी जब आप किसी ऐसे किरदार को निभाते हैं, जिसे आप हर दिन पूजते हैं, जिससे आपका अपनी मां जैसा गहरा जुड़ाव होता है और जब कोई उस किरदार को पूरी तरह से जी लेता है, तो आपको इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह कोई एक्टर है या कोई और इंसान. आपको बस वह प्यार चाहिए होता है.'
यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर राम नाम की आंधी! 'रामायण' ने 8 दिन में तोड़ा 'पठान'-'एनिमल' का रिकॉर्ड, दुनियाभर में 1000 करोड़ पार
'मैं सेट पर ही रो पड़ी थी'
साई पल्लवी ने आगे कहा, 'तो जब उसने ऐसा किया, तो उसके रोने से पहले ही मैं रोने लगी. मैंने कहा, "तुम आखिर कर क्या रही हो?" उस पल मुझे महसूस हुआ कि यह किरदार बहुत सारे लोगों के दिलों को छूता है. इतना सारा प्यार पाकर मैं बहुत विनम्र और भावविभोर हो गई.'
सीता का किरदार निभाने पर साई पल्लवी
इससे पहले, रवि दुबे और रणबीर कपूर के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति' में शामिल होने के दौरान, साई ने माता सीता का किरदार निभाने के बारे में बात की थी. उन्होंने कहा, 'इस बार मैं अपना दिमाग नहीं लगाना चाहती थी. जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं, तो सोचती हूं कि मैं उस किरदार को क्या दे सकती हूं, लेकिन यह पहली बार था जब मैंने सोचा, "मां सीता जैसा किरदार निभाने से मुझे क्या मिल सकता है? इससे मुझे क्या ज्ञान प्राप्त होगा?" इसलिए, मैं इस पूरी प्रक्रिया को एकदम पारदर्शी रखना चाहती थी. मैं इसके बारे में कुछ भी सोच-विचार नहीं करना चाहती थी. मैंने माता सीता से प्रार्थना की और आगे बढ़ गई.'
यह भी पढ़ें- बीमारी के बाद काम पर लौटे अमिताभ बच्चन, KBC के मंच से फैंस को दिया खास संदेश; दिया हेल्थ अपडेट
बॉक्स ऑफिस पर किया 1000 करोड़ का आंकड़ा पार
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं. नमित मल्होत्रा और यश द्वारा निर्मित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.