न 100 करोड़ न 150 करोड़... Ramayana ने पहले दिन उम्मीद से बेहद कम की कमाई, लोगों को खूब आई पसंद; लेकिन कलेक्शन में नहीं दिखा दम
रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड मेगा बजट फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, जिसको ऑडियंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है, लेकिन 5 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ने हर किसी को हैरान कर दिया. फिल्म की ओपनिंग डे की कमाई को लेकर कई अनुमान लगाए गए थे, जिसके मुताबिक फिल्म उतनी कमाई कर ही नहीं पाई.
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी भारी-भरकम बजट वाली फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच कई महीनों से काफी हलचल मची हुई थी. जैसे ही 5 नवंबर को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, हर किसी का ध्यान इसके पहले दिन के कलेक्शन पर टिक गया. रिलीज से पहले जिस तरह का माहौल और हाइप देखने को मिला, उसे देखकर यही लग रहा था कि ये फिल्म रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगी. सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार इसी पर बात कर रहे थे और पूरा माहौल ऐसा बन गया था कि पहले ही दिन थिएटर्स दर्शकों से पूरी तरह खचाखच भर जाएंगे.
अक्सर दीवाली से ठीक पहले लोग त्योहार की तैयारियों में इतने उलझे रहते हैं कि सिनेमाघरों की तरफ रुख नहीं करते. इसी वजह से इस समय को फिल्मों के लिए थोड़ा सुस्त माना जाता है, लेकिन मेकर्स ने ये बड़ा रिस्क उठाया और फिल्म को पहले ही रिलीज कर दिया, ताकि आगे चलकर दीवाली की लंबी छुट्टियों पर खूब कमाई की जा सके. इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों और रिव्यूअर्स को पूरा यकीन था कि फिल्म का बजट और सितारों का रुतबा हर अड़चन को पीछे छोड़ देगा. माहौल ऐसा बन चुका था मानो ये फिल्म पहले ही दिन 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना देगी.
100 करोड़ की उम्मीद, 64 करोड़ पर सिमटी
जब फिल्म ट्रेड एनालिटिक्स वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़े सामने आए तो तस्वीर पूरी तरह उलट नजर आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. इस फिल्म को 25,200 से ज्यादा शोज मिलने और करीब 42.96 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग के बावजूद फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन केवल 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन ही जुटा सकी. अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो ये आंकड़ा 77.50 करोड़ रुपये के आसपास रहा.
कहां 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच की तूफानी कमाई के दावे किए जा रहे थे और कहां फिल्म 65 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई, जिससे ट्रेड में मायूसी छा गई. हालांकि, पहले दिन की कमाई में ‘रामायण: पार्ट 1’ ने ‘धुरंधर’ (28 करोड़), ‘पठान’ (57 करोड़), ‘एनिमल’ (63 करोड़) और ‘दृश्यम 2’ (62 करोड़) को पीछे छोड़ दिया.
हिंदी ने संभाली लाज, दक्षिण में रही सुस्त
मेकर्स ने सोचा था कि पूरे देश में झंडा गाड़ेंगे, इसलिए फिल्म को पांच अलग-अलग भाषाओं में उतारा गया, लेकिन खेल उल्टा पड़ गया और असली कमाई बस हिंदी ऑडियंस तक ही सिमट कर रह गई. अकेले हिंदी वर्जन से फिल्म ने 47.50 करोड़ रुपये खींच लिए, मगर बाकी चारों भाषाओं में इसका दम निकल गया. सबको लग रहा था कि साउथ के सिनेमाघरों में फिल्म गर्दा उड़ा देगी, पर वहां तो हालत बेहद पतली रही. कन्नड़ में सिर्फ 7.25 करोड़, तेलुगु में 6 करोड़, तमिल में 2.60 करोड़ और मलयालम में तो महज 1.50 करोड़ रुपये की ही कमाई की. साउथ ऑडियंस ने फिल्म को पूरी तरह ठंडा रिस्पॉन्स दिया.
रणबीर के लिए राहत, पर इंडस्ट्री के लिए झटका
अगर रणबीर कपूर का फिल्मी सफर देखें तो पहले दिन का ये कलेक्शन उनके लिए अब तक की सबसे अच्छी शुरुआत मानी जा रही है. मगर जिस भारी भरकम बजट और बड़े स्केल पर इस पुरानी धार्मिक कहानी को परदे पर उतारा गया था, उस हिसाब से पहले दिन का ये नंबर काफी हल्का नजर आता है. फिल्म बनाने वालों और सिनेमा मालिकों को जिस मैजिकल कलेक्शन की उम्मीद थी, वैसा करिश्मा पहले दिन सिनेमाघरों में नहीं दिखा. अब हर तरफ यही बात चल रही है कि क्या बहुत ऊंची उम्मीदें लगाने की वजह से ही ये शुरुआत आम जनता और फिल्म कारोबारियों को आसानी से नहीं पच रही है.
प्री-दीवाली फिल्मों से बेहतर, फिर भी अधूरी ख्वाहिश
अगर हम पुराने समय से तुलना करें, तो दीवाली से ठीक पहले आने वाली फिल्मों के हिसाब से यह आंकडा सच में काफी बढिया लग रहा है. उस दौर में ‘शानदार’ ने केवल 13.10 करोड, ‘ऐ दिल है मुश्किल’ ने 13.30 करोड और ‘हाउसफुल 4’ ने करीब 19 करोड रुपये से अपनी शुरुआत की थी. पुरानी फिल्मों के मुकाबले ‘रामायण’ ने इस पुराने ढर्रे को तोडा जरूर है, लेकिन जिस फिल्म से पहले ही 100 करोड का आंकडा पार करने की बडी उम्मीद थी, उसका 64.85 करोड रुपये पर आकर अटक जाना किसी बडे झटके से कम नहीं है. अब देखना ये होगा कि आने वाले वीकेंड में यह फिल्म क्या कमाल दिखाती है.