App

Ramayana ने एडवांस बुकिंग में रचा इतिहास: क्या दिवाली पर तोड़ेगी बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड? लाखों में बिक चुके टिकट

दिवाली से ठीक पहले रिलीज होने वाली नमित मल्होत्रा की महागाथा ‘रामायण’ एडवांस बुकिंग में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना रही है. रिलीज से पहले ही लाखों टिकट बिक चुके हैं. क्या बड़े पर्दे पर श्रीराम तोड़ पाएंगे बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड?

Ramayana ने एडवांस बुकिंग में रचा इतिहास: क्या दिवाली पर तोड़ेगी बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड? लाखों में बिक चुके टिकट
Image Credit: ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग ने रचा इतिहास

नमित मल्होत्रा की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ थिएटर्स में नया इतिहास रचने को एकदम तैयार है. बीते 20 सालों में ऐसा पहली बार देखने को मिला है, जब किसी हिंदी फिल्म ने दिवाली से ठीक पहले आकर एडवांस बुकिंग में इतना जबरदस्त माहौल बनाया हो. 5 नवंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म को देखने के लिए लोगों के बीच गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. टिकट काउंटर पर जिस तेजी से सीटें भर रही हैं, उसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया. अब हर तरफ बस यही चर्चा है कि प्रभु श्रीराम की ये गाथा प्री-दिवाली बॉक्स ऑफिस का पुराना ट्रेंड पूरी तरह बदल कर रख देगी.

बॉलीवुड में हमेशा माना जाता रहा है कि दिवाली पर फिल्में रिलीज करना घाटे का सौदा है. त्योहार की खरीदारी, साफ-सफाई और घर के कामों में लोग इतने उलझे रहते हैं कि सिनेमाघर जाने की फुर्सत नहीं मिलती, लेकिन डायरेक्टर नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायण’ ने इस पुरानी बात को पूरी तरह झुठला दिया है. अच्छी बात ये है कि लोग सिर्फ पहले दिन का टिकट नहीं कटा रहे, बल्कि आगे के कई दिनों के लिए भी धड़ाधड़ बुकिंग कर रहे हैं. इससे साफ जाहिर होता है कि लोगों को इस फिल्म पर बहुत ज्यादा भरोसा हो चुका है और इसको बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं.

मल्टीप्लेक्स चेन में उमड़ा टिकटों का सैलाब

देशभर के सिनेमाघरों में इस नई फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर लोगों में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. सिर्फ PVR INOX की बात करें तो वहां अब तक 4 लाख से ज्यादा टिकट सेल हो चुकी हैं. इस फिल्म को मिल रहे प्यार पर पीवीआर आईनॉक्स के चीफ बिजनेस प्लानिंग एंड स्ट्रैटेजी कमल ज्ञानचंदानी ने भी अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘ऑडियंस की तरफ से मिल रहा ये रिस्पॉन्स सच में बहुत बड़ा है. दिवाली से पहले ऐसी खास फिल्म को लेकर लोगों में भारी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है’, जिस तेजी से टिकट बुक हो रहे हैं, लगता है 10 लाख टिकटें आराम से सेल हो जाएंगी.

पूरे परिवार के साथ देखने का एक्सपीरियंस

सिनेपोलिस इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर देवांग संपत ने भी फिल्म को लेकर अपना भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ दिवाली से ठीक पहले वाले हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर एक नया मील का पत्थर साबित होने जा रही है. उनके सिनेमाघरों में टिकटों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है. उन्होंने बताया कि इस फिल्म का इमोशनल और सांस्कृतिक जुड़ाव हर उम्र के लोगों से है. यही खूबी इसे पूरे परिवार के साथ बड़े पर्दे पर देखने का एक बहुत ही शानदार एक्सपीरियंस बनाती है. सिनेपोलिस के लिए ये मौका और भी बड़ा है, क्योंकि वे भारत में अपनी 500 स्क्रीन पूरी होने का जश्न भी मना रहे हैं.

ऑस्कर विजेताओं और दिग्गजों का भव्य संगम

इस ऐतिहासिक फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने किया है. उनके साथ 8 बार ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी और साउथ के सुपरस्टार यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने हाथ मिलाया है. इस पूरी कहानी को दो बड़े पार्ट्स में पर्दे पर उतारा जाएगा. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को पूरी दुनिया के थिएटर्स में रिलीज होगी, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज होगी. शानदार वीएफएक्स और शानदार सेट्स के साथ बनी ये फिल्म भारतीय सिनेमा के स्तर को दुनिया भर में एक नई पहचान दिलाने का काम करेगी.

देशभर की कई भाषाओं में होगा बड़ा धमाका

ये महागाथा भारत में हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम जैसी प्रमुख भाषाओं में बड़े स्केल पर दिखाई जाएगी. ऑडियंस को बेहतरीन एक्सपीरियंस देने के लिए इसे आईमैक्स जैसे सबसे बड़े और प्रीमियम थिएटर फॉर्मेट में भी लाया जा रहा है. भारत के बाहर पूरी दुनिया में इस फिल्म को रिलीज करने और बांटने का काम सोनी पिक्चर्स संभालेगा. वहीं, भारत के हिंदी भाषी राज्यों में इसके डिस्ट्रीब्यूशन की पूरी जिम्मेदारी करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के हाथों में सौंपी गई है. बड़े बैनर और मजबूत कहानी के साथ ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More