बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने आखिरकार अपने नाम से जुड़ रही आईटी रेड की खबरों पर चुप्पी तोड़ दी है. दरअसल, करीब एक हफ्ते पहले आयकर विभाग ने फिल्म निर्माता वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़ी जगहों पर छापेमारी की थी. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें फैलने लगीं कि इस कार्रवाई का निशाना रकुल प्रीत भी थीं. इन मिसलीडिंग दावों से परेशान होकर एक्ट्रेस ने पबल्किली पर अपना प्वाइंट रखा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर सफाई पेश की है, जिसमें एक्ट्रेस ने साफ कहा कि इस जांच से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें बिना वजह इस पूरे विवाद में घसीटा जा रहा है.
हिंदी फिल्म 'यारियां' फेम एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने सोमवार दोपहर को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ये साफ किया है कि पिछले कई दिनों से चल रहे आईटी रेड से उनका कोई लेना-देना नहीं है और न ही वो कोई सच छुपा रही हैं. एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट के जरिए ये साफ कर दिया है कि ये महज एक अफवाह है, जिसे कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है.
रकुल ने अपने इस नोट में अफवाह फैलाने वाले लोगों को फटकार लगाते हुए लिखा, 'ये देखकर दुख होता है कि खुद को ऑनलाइन रिपोर्टर कहने वाले लोगों और कुछ मेनस्ट्रीम मीडिया पत्रकारों के बीच बिना फैक्ट्स की जांच किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का चलन बढ़ता ही जा रहा है. इसलिए आइए, एक बार और हमेशा की तरह सच बता दें. वो तलाशी मुझसे जुड़ी नहीं थी.' एक्ट्रेस ने अपने फैमिली बैकग्राउंड के बारे में जिक्र करते हुए बताया कि 'सबको पता होना चाहिए कि मैं आर्म्ड फोर्सेस के बैकग्राउंड से आती हूं और इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं था.'
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'मैंने कड़ी मेहनत से ये मुकाम हासिल किया है और एक जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाली नागरिक के तौर पर 20 साल की उम्र से ही अपने टैक्स भर रही हूं. मैं व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की तरफ से किसी भी तरह के गैर-कानूनी विदेशी पैसे के लेन-देन में शामिल नहीं हूं.' इतना ही नहीं, उन्होंने बेनामी संपत्ति होने की अफवाहों पर भी चुप्पी तोड़ते हुए लिखा, 'मैं ये भी कहना चाहूंगी कि मेरे पास देश या विदेश में किसी के भी नाम पर कोई बेनामी संपत्ति नहीं है. न तो मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ति तोहफे में दी है और न ही मेरे उसूल ऐसे हैं कि मैं महंगे तोहफे किसी से ले लूं'.
इंटरनेट पर लगातार फैल रहीं इन अफवाहों पर जवाब देते हुए रकुल ने कहा, 'मैं उन सभी लोगों से गुजारिश करती हूं जिन्होंने ये झूठी, गलत भावना और अटकलों पर बेस्ड खबरों को छापा हैं वो उन्हें वापस लें और सच बताएं. मैं समझती हूं कि मीडिया का कारोबार चलाने वाले हर व्यक्ति पर, चाहे वो कितना भी बड़ा क्यों न हो, अपने कमर्शियल दबाव होते हैं. लेकिन ये सच की कीमत पर नहीं हो सकता और किसी की इज्जत और रोजी-रोटी की कीमत पर तो बिल्कुल नहीं.'
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कथित तौर पर रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और मुंबई में पैनोरमा स्टूडियो से जुड़ी कई जगहों पर तलाशी ली थी. मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने संदिग्ध वित्तीय गड़बड़ियों की जांच के तहत 12 जगहों पर तलाशी ली. अधिकारियों ने कथित तौर पर उन आरोपों की जांच की कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फंड देने के बहाने विदेशों में पैसा भेजा गया था.