SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चाइबोल रोमांस फॉर्मूला : घिसा-पिटा प्लॉट, फिर भी सुपरहिट... आखिर क्यों कभी फेल नहीं होता K-Drama का ये लव एंगल?

कोरियन ड्रामा का चाइबोल फॉर्मूला चाहे कितनी बार ही क्यों न रिपीट किया जाए, हर बार ये न सिर्फ बॉक्स ऑफिस और नंबर्स में बाजी मरता है, बल्कि फैंस के दिलों पर भी राज करता है. इस तरह के ड्रामा की कहानियां पैसा, प्यार और सुकून की तलाश में घूमती रहती है. आइए जानते हैं कि आखिर ये फॉर्मूला क्या है और हर उम्र के लोगों की ये पहली पसंद कैसे बन जाता है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 30, 2026, 12:50 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 02:31 PM IST
Image Credit: चाइबोल रोमांस फॉर्मूला
Join

कोरियन ड्रामा के मैजिकल वर्ल्ड में कदम रखते ही एक ऐसा नाम सामने आता है, जो हर फैन के दिल की धड़कन बढ़ा देता है और वो कोई और नहीं, बल्कि 'चाएबोल' (Chaebol) यानी साउथ कोरिया के बेहद अमीर और पावरफुल कारोबारी घराने से जुड़ा हुआ है. इस शब्द के आसपास नेटफ्लिक्स की नई सीरीज 'टेक चार्ज ऑफ माई हार्ट', सुपरहिट 'क्वीन ऑफ टियर्स' और 'बिजनेस प्रपोजल', जैसे अमीर वारिसों वाली कहानियों बुनी गई हैं. इन सीरीज में आम और गरीब लड़का या लड़की और अमीर लड़का या लड़की के बीच प्रेम कहानियां हर बार शख्स को स्क्रीन से बांध लेती हैं. अब सबसे अहम सवाल ये उठता है कि आखिर ये घिसा-पिटा और पुराना लगने वाला फॉर्मूला हर बार सुपरहिट कैसे हो जाता है?

K-ड्रामा की दुनिया में अमीरी का मतलब सिर्फ बैंक बैलेंस होना नहीं है, बल्कि एक ऐसी दुनिया है जहां माता-पिता शादी को भी एक कॉर्पोरेट मर्जर मानते हैं. इन शोज में प्यार कभी सीधा नहीं होता है. इसके साथ कॉर्पोरेट जासूसी, बचपन के गहरे ट्रॉमा और कम से कम एक ऐसा रिश्तेदार जरूर जुड़ा होता है जो पूरे परिवार के बिजनेस को तबाह करने की धमकी दे रहा हो. एग्जाम्पल के तौर पर 'क्वीन ऑफ टियर्स' में होंग हे-इन (किम जी-वोन) और बेक ह्यून-वू (किम सू-ह्यून) की कहानी सिर्फ रोमांस की नहीं, बल्कि ईगो, फैमिली प्रेशर और कॉर्पोरेट वॉर की एक बेहतरीन मिसाल है.

कॉन्ट्रैक्ट रोमांस-सुपरनैचुरल ट्विस्ट का तड़का

इस जॉनर की सबसे बड़ी खूबी इसकी फ्लेक्सेबिलिटी है. के-ड्रामा 'बिजनेस प्रपोजल' में शिन हा-री (किम से-जियोंग) अपनी दोस्त के बदले एक ब्लाइंड डेट पर जाती है और अनजाने में अपनी ही कंपनी के CEO कांग ताए-मू (आह्न ह्यो-सियोप) के सामने बैठ जाती है. आम बात को संभालने के लिए शुरू हुआ कॉन्ट्रैक्ट रिलेशनशिप का नाटक धीरे-धीरे असली प्यार में बदल जाता है. वहीं, हाल ही में रिलीज 'टेक चार्ज ऑफ माई हार्ट' इसमें एक सुपरनैचुरल तड़का लगाती है, जहां हीरो एक अमीर वारिस है जिसका आर्टिफिशियल दिल बिजली पर चलता है, और हीरोइना अपने टच से उसे एनर्जी देती है. कहानी भले ही अजीब लगे, लेकिन हर बार फीलिंग्स वही पुरानी और दिल को छूने वाली हैं.

क्या ऑडियंस को बोर नहीं करते ये अमीर वारिस?

कई बार खुद इन शोज के अंदर भी इस बात का मजाक उड़ाया जाता है. 'टेक चार्ज ऑफ माई हार्ट' के लीड कैरेक्टर बेक हो-रंग (किम यंग-क्वांग) खुद ये सवाल उठाते हैं कि राइटर बार-बार अमीर वारिसों के रोमांस पर क्यों लौटते हैं? इसका जवाब राइटर ना बो-बे (चे सू-बिन) बहुत प्यार से देते हैं. वो कहते हैं शायद कहानी जानी-पहचानी हो, लेकिन लोग फिर भी इसका मजा लेते हैं. लोग इन फेंटेसी से भरे पलों को देखना चाहते हैं, क्योंकि वो जानते हैं कि बुनियादी चीजें पुरानी होने के बावजूद जादू नया हो सकता है और कहीं न कहीं वो इसको खुद से रिलेट कर पाते हैं.

जब रोमांस के साथ नजर आई साजिश

चाएबोल ड्रामा सिर्फ मीठी-मीठी बातों तक लिमिटेड नहीं हैं, बल्कि इनमें जबरदस्त सस्पेंस भी होता है. 'व्हाट्स रॉन्ग विद सेक्रेटरी किम?' इसका बेहतरीन एग्जाम्पल है. जहां एक तरफ कंपनी के वाइस-चेयरमैन (पार्क सियो-जून) अपनी रिजाइन देने वाली सेक्रेटरी (पार्क मिन-यंग) से शादी करने की जिद करते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कहानी बचपन की एक छिपाई गई किडनैपिंग और गहरे राज की परतें खोलती है. पैसा इन किरदारों को दुनिया की हर सुख-सुविधा दे सकता है, सिवाए उस सुकून के जो एक सच्चे हमसफर के साथ मिलता है.

सच्चा प्यार नहीं खरीदा जा सकता

आखिरकार, इन कहानियों के बार-बार चलने की असली वजह इनका इमोशनल कोर है. चाएबोल रोमांस हमें ये यकीन दिलाता है कि जिसके पास दुनिया की सारी दौलत और ताकत है, वो भी प्यार के मामले में उतना ही लाचार, मासूम और अकेला हो सकता है, जितना कोई आम इंसान होता है. बैंक के लॉकर या आलीशान बंगले भले ही शेफ हों, लेकिन वो किसी के टूटे हुए दिल या अकेलेपन की गारंटी नहीं ले सकते हैं. यही वजह है कि जब भी कोई नया अमीर वारिस स्क्रीन पर आता है, हम सब एक बार फिर मुस्कुराते हुए उसकी प्रेम कहानी देखने बैठ जाते हैं.

Take Charge of My Heart

'टेक चार्ज ऑफ माई हार्ट' एक फैंटेसी रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है, जिसमें किम यंग-क्वांग और चाए सू-बिन मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. इसकी कहानी एक अमीर चाइबोल वारिस (बेक हो-रंग) के आसपास घूमती है, जिसका आर्टिफिशियल दिल बैटरी पर चलता है और स्क्रीनराइटर हीरोइन (ना बो-बे) के टच से चार्ज होता है. क्लासिक चाइबोल ट्रॉप्स और सुपरनैचुरल तड़के से सजी ये सीरीज अपनी अनोखी और एंटरटेनिंग प्रेम कहानी के चलते ऑडियंस के बीच तेजी से चर्चा में आ गई है.

Queen of Tears

'क्वीन ऑफ टियर्स' कोरियन टीवी हिस्ट्री के सबसे बड़े ब्लॉकबस्टर्स में से एक है, जिसमें किम सू-ह्यून और किम जी-वोन ने लीड रोल निभाया है. कहानी क्वींस डिपार्टमेंट स्टोर की ताकतवर चाएबोल वारिस होंग हे-इन और एक आम परिवार से आए उसके पति बेक ह्यून-वू के बीच होती शादी में ईगो और फैमिली वॉर पर बेस्ड है. ट्रैडिशनल जेंडर डायनामिक्स को उलटते हुए, ये शो अपनी बेहतरीन एक्टिंग और इमोशनल गहराई के दम पर ग्लोबल लेवल पर एक ऐतिहासिक ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुआ.

Business Proposal

'बिजनेस प्रपोजल' एक पॉपुलर रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें आह्न ह्यो-सियोप और किम से-जियोंग मुख्य कलाकारों के रूप में नजर आए हैं. इसमें एक अमीर चाइबोल CEO (कांग ताए-मू) अपनी ही कंपनी की एक कर्मचारी (शिन हा-री) के साथ एक फिक्स्ड ब्लाइंड डेट के बाद 'कॉन्ट्रैक्ट रिलेशनशिप' में बंध जाता है. झूठे रिश्ते से शुरू होने वाली ये मजेदार और हल्की-फुल्की लव स्टोरी अपने बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और क्लासिक अमीर-गरीब फॉर्मूले के कारण दुनियाभर में एक जबरदस्त कमर्शियल हिट साबित हुई.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES