)
राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिन भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बादलों का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज 30 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर समेत कई संभागों में बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि 31 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ होने और अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर थमने की संभावना है. वहीं बारिश के चलते कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज हुई तथा अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर व सर्वाधिक बारिश 40 एमएम पावता जयपुर में दर्ज की गई.
पश्चिमी विक्षोभ आज परिसंचरण तंत्र के रूप में पंजाब के उत्तरी भागों के ऊपर अवस्थित है. आज 30 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है. जयपुर, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है.
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी आज 30 अक्टूबर को बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है. 31 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान में तथा 1 नवंबर से पूर्वी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है.
मौसम विभाग ने आज 30 अक्टूबर को राज्य के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. दौसा, टोंक, बूंदी, सवाई माधोपुर, अलवर, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटा, करौली तथा भरतपुर जिले शामिल हैं. इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, वज्रपात तथा हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है.