App

अगर जयपुर में शेयरिंग ऑटो ले रहे हैं तो हो जाएं सावधान! एक्टिव है यह खतरनाक गैंग

जयपुर में 24 घंटे के भीतर चोरी की 11 वारदातें सामने आई हैं. चोर बाइक, स्कूटी और 10 चक्का डंपर तक ले गए. वहीं, ऑटो में सफर कर रही महिलाओं के मंगलसूत्र और जेवरों से भरे पर्स भी चोरी हुए.

अगर जयपुर में शेयरिंग ऑटो ले रहे हैं तो हो जाएं सावधान! एक्टिव है यह खतरनाक गैंग
Image Credit: जयपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर चोरी की 11 वारदातें सामने आईं.

राजधानी जयपुर में वाहन चोरों और शातिर बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. शहर के अलग-अलग थाना इलाकों में 24 घंटे में चोरी की 11 वारदातें सामने आई हैं. कहीं घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोर ले उड़े तो कहीं पार्किंग में खड़ी बाइक को निशाना बनाया. विश्वकर्मा इलाके में चोर एक 10 चक्का डंपर ही पार कर ले गए. वहीं, करधनी में ऑटो में सफर कर रही महिला का मंगलसूत्र और शिप्रापथ में बुजुर्ग महिला का जेवरात से भरा पर्स चोरी कर लिया गया.

जवाहर सर्किल इलाके से तीन बाइक चोरी
जवाहर सर्किल थाना इलाके में चोरी की तीन अलग-अलग वारदातें दर्ज हुई हैं. पहली वारदात में पत्रिका गेट से 26 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे एक TVS अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई. भरतपुर निवासी संभव शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई.

दूसरी वारदात जवाहर सर्किल तोरण गेट की पार्किंग की है. यहां 27 अक्टूबर की रात करीब 8:14 बजे आशीष मीणा की काले रंग की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. पीड़ित ने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा. तीसरी वारदात मालवीय नगर की कल्याण कॉलोनी में हुई. यहां 26 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे जैन मंदिर के पास गेट पर खड़ी संजीत यादव की मोटरसाइकिल चोरी हो गई.

डंपर तक ले उड़े चोर
विश्वकर्मा थाना इलाके में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. राजबैनी नगर रोड नंबर-17 स्थित प्लॉट नंबर 57 पर खड़ा 10 चक्का डंपर चोरी हो गया. डंपर मालिक राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, उन्होंने 28 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे डंपर प्लॉट पर खड़ा किया था. अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे चालक सुनील जाट वहां पहुंचा तो डंपर गायब मिला.

अलग-अलग इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी
खोह नागोरियान थाना इलाके की इंदिरा गांधी नगर स्थित उदयगिरी अपार्टमेंट से लाखन सिंह मीणा की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. पीड़ित ने सुबह बाइक संभाली तो वह गायब मिली. बजाज नगर थाना इलाके में महावीर नगर प्रथम स्थित सेठी हॉस्पिटल के पास से पुष्कर गुर्जर की मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई. झोटवाड़ा थाना इलाके में महाराणा प्रताप स्कूल कांटा चौराहे से गिरिराज जलुथरिया की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला दर्ज हुआ है. वैशाली नगर थाना इलाके के नेमी नगर एक्सटेंशन में 20 अक्टूबर की शाम मकान बाहर से बनवारी लाल शर्मा की मोटरसाइकिल चोरी हो गई. वहीं, मानसरोवर थाना इलाके में रायन इंटरनेशनल स्कूल के बाहर से 20 अक्टूबर को हेमंत जैन की स्कूटी चोरी हो गई थी. इस मामले में भी अब मुकदमा दर्ज किया गया है.

ऑटो में महिला का मंगलसूत्र पार
करधनी थाना इलाके में रावण गेट से ऑटो में सवार होकर घर लौट रही महिला का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है. सुरजमल रेगर ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी रावण गेट से ऑटो में बैठकर मूर्तिनगर मीनावाला स्थित घर पहुंची थीं. घर पहुंचने पर गले में मंगलसूत्र नहीं मिला. आशंका है कि ऑटो में सफर के दौरान किसी ने मंगलसूत्र चोरी कर लिया.

शेयरिंग ऑटो में बुजुर्ग महिला का पर्स चोरी
शिप्रापथ थाना इलाके में भी शातिर महिला द्वारा चोरी की वारदात सामने आई है. मुरलीपुरा निवासी 76 वर्षीय चंद्रमणि अपनी बेटी के घर जाने के लिए अग्रवाल फार्म तक बस से पहुंचीं. इसके बाद उन्होंने शेयरिंग ऑटो लिया, जिसमें पहले से एक महिला और बच्ची बैठी हुई थीं.

पीड़िता के अनुसार, ऑटो में बैठने के दौरान महिला ने उनका ध्यान भटकाया और लेडीज पर्स निकाल लिया. पर्स में सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी की अंगूठी, पायजेब, बिछिया, 2 हजार रुपए नकद, घर और अलमारी की चाबियां सहित अन्य सामान रखा था.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More