गोल्ड स्मगलर बने पृथ्वीराज सुकुमारन, अब OTT पर दिखेगा ‘खलीफा’ का खतरनाक खेल; हिंदी में भी होगी रिलीज
Khalifa OTT Release: मलयालम एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन की धमाकेदार एक्शन थ्रिलर फिल्म 'खलीफा: द रूलर' ओटीटी पर दस्तक देने वाली है. इस मलयालम एक्टर की फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है. ओटीटी पर इस मलयालम फिल्म को हिंदी के डब वर्जन में भी स्ट्रीम किया जाएगा.
Khalifa OTT Release: मलयालम इंडस्ट्री के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन की धमाकेदार फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है. इस खतरनाक एक्शन फिल्म 'खलीफा: द रूलर' को बीते अगस्त में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, जिसके बाद अब ओटीटी पर स्ट्रीम किया जाएगा. इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नील नितिन मुकेश भी नजर आएंगे. जबकि फिल्म में मोहनलाल और टोविनो थॉमस ने कैमियो किया है. फिल्म की कहानी को थिएटर में दर्शकों ने काफी पसंद किया था.
पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'खलीफा: द रूलर' की कहानी कपड़े की दुकान चलाने वाले बेफिक्र नौजवान की है, जिसे न चाहते हुए भी स्मगलिंग और अपराध की दुनिया में उतरना पड़ता है. फिल्म का डायरेक्शन वैसख ने किया है और इस फिल्म की जमकर तारीफ की गई है. इसमें आपको जबरदस्त एक्शन, शानदार स्टार कास्ट और सरप्राइज एलिमेंट देखने को मिलेंगे. इस शानदार फिल्म को अगर आप थिएटर में नहीं देख पाए थे तो अब आप इसे आराम से घर बैठे देख सकते हैं.
फिल्म को मिली थी काफी तारीफ
सिनेमाघरों में इस एक्शन-पैक्ड फिल्म को काफी तारीफ मिली थी. 20 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज के साथ फिल्म ने लाइफटाइम करीब 45.05 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था, लेकिन फिल्म में एक्टर की परफॉर्मेंस दर्शकों को काफी ज्यादा पसंद आई थी. आपको जानकर हैरानी होगी कि डायरेक्टर वैसख उर्फ एबे अब्राहम की इस फिल्म के सीक्वल का ऐलान हो गया है. अब्राहम द्वारा लिखी गई इस फिल्म के सीक्वल में मोहनलाल लीड किरदार में नजर आएंगे.
क्या है फिल्म 'द रूलर' की कहानी
फिल्म की कहानी की बात करें तो इसका केंद्र कोडुवल्ली, कोझिकोड का रहने वाला मंबराकल आमिर अली है. वह एक बेफिक्र नौजवान है, जो कपड़ों की दुकान चलाता है और अपने पिता मंबराकल यूनुस अली और मां नूरजहां के साथ रहता है. आमिर अली को फिजा से प्यार हो जाता है और वह उससे शादी कर लेता है. लेकिन यहीं बड़ा मोड़ आता है, जब इस बीच उसके पिता की हत्या हो जाती है. इसके बाद हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि उसे स्मगलिंग के धंधे में उतरना पड़ता है. वहीं, आमिर अली के दादा मंबराकल अहमद अली उर्फ बाबा बी कभी सोने की स्मगलिंग करते थे. बाबा की जिंदगी में किए गए काम आगे चलकर आमिर की जिंदगी में कुछ ऐसा प्रभाव डालते हैं कि सब कुछ मिनटों में बदल जाता है. धीरे-धीरे आमिर के परिवार पर खतरा मंडराने लगता है. इतना ही नहीं, आमिर आगे चलकर एक बड़े सिंडिकेट-लेवल का गोल्ड स्मगलर बन जाता है, जो अपने साथ काम करने वाले स्मगलरों की अहमियत को अच्छे से समझता है, लेकिन उसे अपने पिता की मौत का बदला लेना होता है. आगे की कहानी जानने के लिए तो अब आपको फिल्म देखनी ही पड़ेगी.
कब और कहां देखें 'खलीफा: द रूलर'
मेकर्स की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'खलीफा: द रूलर' को आप 9 अक्टूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे. इस मलयालम फिल्म को आप ओटीटी पर हिंदी डब वर्जन में देख पाएंगे.
'खलीफा: द रूलर' की कास्ट में कौन-कौन?
पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'खलीफा: द रूलर' की कास्ट की बात करें तो इसमें लीड किरदार में तो एक्टर पृथ्वीराज ही हैं और बॉलीवुड एक्टर नील नितिन मुकेश ने इस फिल्म से मलयालम इंडस्ट्री में डेब्यू किया है. पृथ्वीराज और नील नितिन मुकेश के अलावा मालविका शर्मा, शम्मी थिलाकन और इंद्रान भी नजर आएंगे. फिल्म में मोहनलाल, टोविनो थॉमस और सौबिन शाहिर ने कैमियो किया है.