'बेरोजगार एक्टर...' काम नहीं मिला तो प्रोटेस्ट में पहुंचे, एक्ट्रेस पायल का इमरान खान पर सीधा अटैक
इमरान खान के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और देश छोड़ने का नोटिस मिलने पर पायल रोहतगी ने बोला तीखा हमला. जानिए पूरा मामला और क्या है ओसीआई कंट्रोवर्सी.
बॉलीवुड में जब भी कोई पॉलिटिकल ड्रामा होता है, तो सोशल मीडिया पर हंगामा मचना तय है. इस बार निशाने पर हैं बॉलीवुड एक्टर इमरान खान, जिन पर 'फॉरेनर्स एक्ट' के तहत भारत छोड़ने का नोटिस जारी हुआ है. इस पर एक्ट्रेस पायल रोहतगी ने इमरान को सीधा 'बेरोजगार एक्टर' बताते हुए कहा है कि बिना नागरिकता समझे प्रोटेस्ट में कूदना सिर्फ पब्लिसिटी पाने का एक आसान तरीका है.
मामला 10 अक्टूबर का है जब मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन चल रहा था. इस प्रोटेस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी. अचानक वहां बॉलीवुड एक्टर इमरान खान भी शामिल हो गए. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कई लोगों के साथ इमरान खान को भी हिरासत में ले लिया. मामला तब और पेचीदा हो गया जब जांच में सामने आया कि इमरान खान के पास भारतीय नागरिकता है ही नहीं, बल्कि वह तो अमेरिकी पासपोर्ट होल्डर हैं और उनके पास भारत का ओसीआई कार्ड है.
पायल रोहतगी ने बोला तीखा हमला
लंबे समय से पर्दे से दूर चल रहीं एक्ट्रेस पायल रोहतगी ने इस पूरे मामले पर आईएएनएस से बात करते हुए इमरान खान को आड़े हाथों लिया. पायल ने बहुत ही बेबाक अंदाज में कहा कि इमरान खान को राजनीति की बिल्कुल भी समझ नहीं है. वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि एक अमेरिकी नागरिक हैं. पायल ने कहा कि जब आप दूसरे देश के नागरिक हैं, यहां रह रहे हैं, काम कर रहे हैं और शादी भी कर चुके हैं, तो आपको ऐसी बेवकूफी भरी हरकतों से बचना चाहिए. पायल ने चुटकी लेते हुए कहा कि शायद उन्हें पता भी नहीं है कि उनके वीजा का स्टेटस क्या है.
'पब्लिसिटी पाने के लिए प्रोटेस्ट में जाते हैं बेरोजगार एक्टर्स'
पायल रोहतगी यहीं नहीं रुकीं. उन्होंने बॉलीवुड के उन स्टार्स पर तंज कसा जिनके पास आजकल काम नहीं है. पायल का कहना था कि जब एक्टर्स के पास कोई प्रोजेक्ट्स नहीं होते, तो वे पब्लिसिटी हासिल करने के लिए विरोध प्रदर्शनों में पहुंच जाते हैं. चूंकि मीडिया ऐसे प्रोटेस्ट को बड़े पैमाने पर कवर करती है, इसलिए कई बेरोजगार एक्टर्स को लगता है कि यहां जाने से वे फिर से खबरों में आ जाएंगे. पायल के मुताबिक इमरान खान का यह कदम भी सिर्फ और सिर्फ लाइमलाइट में रहने की एक कोशिश थी.
28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश
इस प्रोटेस्ट में शामिल होना इमरान खान को काफी महंगा पड़ गया है. फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस यानी एफआरआरओ ने इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का सख्त निर्देश दिया है. अथॉरिटी का कहना है कि एक विदेशी नागरिक होने के नाते किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेना 'फॉरेनर्स एक्ट' का सीधा उल्लंघन है. इमरान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
(इनपुट आईएएनएस से भी)