1999 रुपये की टिकट और पाकिस्तानी लिबास की शर्त! बेंगलुरु में भड़का लोगों का गुस्सा; क्या है ‘दर-ए-नजात’ विवाद?
बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा ‘दर-ए-नजात’ की खास स्क्रीनिंग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इवेंट के इनविटेशन कार्ड में मेहमानों को पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने के लिए कहा गया था. सोशल मीडिया पर विरोध के बाद पुलिस हरकत में आई और बिना परमिशन हो रहे इस इवेंट को रद कर दिया गया.
बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने वाली पाकिस्तानी टीवी ड्रामा ‘दर-ए-नजात’ की प्राइवेट स्क्रीनिंग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इस पूरे मामले की जड़ इवेंट का वो इनविटेशन बना, जिसमें आने वाले मेहमानों से पाकिस्तानी ड्रेस कोड फॉलो करने को कहा गया था. जैसे ही इस इवेंट का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इस पर अपनी-अपनी तीखी प्रितिक्रिया देनी और आपत्ति जतानी शुरू कर दी. एक यूजर ने इस ड्रेस कोड पर सवाल उठाते हुए सीधे बेंगलुरु पुलिस से मामले में दखल देने की मांग की. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई.
शिकायत मिलने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने लोकल थाने और सेंट्रल डिवीजन के डीसीपी को तुरंत इस पूरे मामले की पड़ताल करने के निर्देश दिए. जांच के बाद पुलकेशीनगर पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि करते हुए शो की दोनों होने वाली स्क्रीनिंग को रद कर दिया गया. लीड पुलिस कमिश्नर आर. हितेंद्र ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा कि पुलिस को फ्रेजर टाउन में ऐसे किसी इवेंट की जानकारी मिली थी. पुलिस ने आयोजकों से संपर्क किया और बिना परमिशन के हो रहे इस इवेंट को रुकवा दिया. हालांकि, इस पूरे बवाल पर आयोजकों की तरफ से अभी तक कोई सफाई या बयान सामने नहीं आया है.
क्या है ‘दर-ए-नजात’ की कहानी और किसने बनाया?
पाकिस्तानी टीवी जगत का मशहूर शो ‘दर-ए-नजात’ एक इमोशनल और फैमिली ड्रामा लव स्टोरी पर आधारित है, जिसे जानी-मानी पाकिस्तानी राइटर उमेरा अहमद ने लिखा है और साकिब खान ने डायरेक्ट किया है. अगस्त 2026 में पाकिस्तान के एआरवाई डिजिटल चैनल पर शुरू हुआ ये शो अपनी यूनिक कहानी की वजह से चर्चा में है. इसकी कहानी जरयाब नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी प्यार में धोखा मिलने के बाद पूरी तरह बदल जाती है. इसके बाद उसकी मुलाकात अबू बकर नाम के एक सुलझे हुए और नेक दिल इंसान से होती है, जो उसे सही रास्ता दिखाता.
सीरीज की दमदार स्टार कास्ट ने जीता दिल
इस पाकिस्तानी शो की जबरदस्त पॉपुलैरिटी के पीछे इसके मंझे हुए कलाकारों की टीम का बड़ा हाथ है. सीरियल में शेहेरयार मुनव्वर ने अबू बकर का लीड रोल निभाया है, जबकि दुर-ए-फिशान सलीम ने जरयाब के किरदार में जान डालती नजर आएंगी. इनके अलावा नामेर नवाज खान, सबा हमीद, सानिया सईद, नादिया अफगान, फरान ताहिर, रोमैसा खान, सहर हाशमी, महमूद असलम और अदनान जाफर जैसे दिग्गज सितारों ने भी इसमें काम किया है. खासकर अबू बकर के किरदार को सोशल मीडिया पर इतना पसंद किया गया कि भारत में भी इसके फैंस वॉच पार्टी और स्क्रीनिंग रखने लगे.
भारत में क्यों भड़का इस शो को लेकर गुस्सा
असली हंगामा तब शुरू हुआ जब बेंगलुरु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में ‘दर-ए-नजात’ के फैन इवेंट्स रखे जाने की खबरें सामने आईं. सोशल मीडिया पर इन इवेंट्स के पोस्टर वायरल होने लगे, जिनमें टिकट बेचने और खास तौर पर पाकिस्तानी थीम वाले कपड़े पहनकर आने की बात लिखी गई थी. बस फिर क्या था, इस बात पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस बात पर नाराजगी जताई कि आखिर भारत में पाकिस्तानी कंटेंट की इस तरह पब्लिक स्क्रीनिंग की इजाजत कैसे दी जा रही है. जब मामला काफी गर्म हो गया और विरोध बढ़ने लगा, तो पुलिस भी हरकत में आई.
फवाद-माहिरा की सीरीज को लेकर भी मचा बवाल
नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर भी इन दिनों काफी विवाद चल रहा है. इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, हानिया आमिर और अहद रजा मीर जैसे कई मशहूर चेहरे नजर आने वाले हैं. मेकर्स ने जैसे ही इस शो की ग्लोबल रिलीज का ऐलान किया, भारत के फिल्म संगठनों ने इसका खुलकर विरोध शुरू कर दिया. इन संगठनों का साफ कहना है कि साल 2025 की सरकारी एडवाइजरी के मुताबिक, भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर किसी भी पाकिस्तानी शो को स्ट्रीम नहीं किया जाना चाहिए. इसी बीच ‘दर-ए-नजात’ की स्क्रीनिंग का विवाद भी आ खड़ा हुआ.