)
Ramayana Costume Designers Luxury Home: आपने बॉलीवुड में सितारों के आलीशान घर तो अक्सर देखे होंगे, लेकिन आज हम आपको उस इंसान का घर दिखाने जा रहे हैं, जिसे देखने के बाद आप कहेंगे कि यह घर है या आर्ट म्यूजियम? आज हम फिल्मों के कलाकारों के लुक और भव्यता को खास बनाने वाले डिजाइनर रिम्पल और हरप्रीत के बारे में बात कर रहे हैं. इन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' और वेब सीरीज 'हीरामंडी' के कलाकारों के कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं. इतना ही नहीं, अब रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' के कलाकारों के भी कॉस्ट्यूम डिजाइन कर रहे हैं.
हाल ही में बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर फराह खान, डिजाइनर रिम्पल और हरप्रीत के दिल्ली स्थित घर पहुंचीं. फराह ने डिजाइनर रिम्पल और हरप्रीत के घर का दौरा किया. इस दौरान फराह को उनके घर में एक से एक महंगे और एंटीक कलेक्शन, प्राचीन पेंटिंग्स और शानदार इंटीरियर डिजाइन देखने को मिला. इस इंटीरियर डिजाइन को देखने के बाद फराह उसे देखती ही रह गई.
फेमस डिजाइनर रिम्पल और हरप्रीत को इस आलीशान घर को बनाने में काफी लंबा समय लगा है. उन्होंने बताया कि करीब करीब 10,800 वर्ग फीट में फैले इस घर को तैयार करने में उन्हें करीब 5 साल का समय लगा है. इस घर के लिए उन्हें कलाकृतियों के अनोखे खजाने को जुटाने में लंबा समय लगा है.
बता दें कि डिजाइनर का घर नई दिल्ली के वसंत कुंज स्थित ग्रीन एवेन्यू में है. यह घर किसी आलीशान महल या कला संग्रहालय से कम नहीं है. यहां पर मौजूद ऊंची छतें, कई मंजिलों को जोड़ने वाली लिफ्ट, स्विमिंग पूल, महंगे आर्टवर्क और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाई गई प्राचीन वस्तुएं नजर आएंगी. इस घर की खासियत यह है कि इसके हर हिस्से में कला और डिजाइन की अलग ही झलक देखने को मिलती है.
सबसे पहले घर में घुसते ही फराह खान की नजर वहां सजी नायाब कलाकृतियों पर पड़ी. इनमें मशहूर भारतीय आधुनिक कलाकार एफ. एन. सूजा की एक पेंटिंग भी शामिल है. इस पेंटिंग को देखने के बाद फराह खान ने कहा कि इस कलाकृति को तो किसी म्यूजियम में होना चाहिए था.
एफ.एन. सूजा भारतीय आधुनिक कला के प्रमुख कलाकारों में गिने जाते हैं और उनकी पेंटिंग की नीलामी करोड़ों रुपये में लग चुकी है. दरअसल, एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में उनकी एक अनटाइटल्ड पेंटिंग नीलामी में करीब 1.08 करोड़ रुपये में बिकी थी.