SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सुकेश एक्सटॉर्शन केस: पेशी में गायब रहीं नोरा फतेही, कोर्ट ने लगाई फटकार, कहा- हल्के में न लें...

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के जबरन वसूली मामले में नोरा फतेही आज कोर्ट में पेश नहीं हुईं. राउज एवेन्यू कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए नया समन जारी किया है और 6 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया है.

Reported By Arvind Singh Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 02, 2026, 12:21 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 12:28 PM IST
Image Credit: सुकेश मामले में टली सुनवाई, कोर्ट ने नोरा फतेही की पेशी से छूट की अर्जी पर जताई नाराजगी (फाइल फोटो)
Join

बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस नोरा फतेही एक बार फिर से कानूनी पचड़े में घिरती नजर आ रही हैं. सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े चर्चित 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई चल रही थी, लेकिन आज नोरा कोर्ट में पेश नहीं हुईं. एक्ट्रेस के वकील ने कोर्ट में अर्जी देकर उनकी व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी, जिस पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. जज का साफ कहना था कि पिछले आदेश के बावजूद कोर्ट में पेश न होना सही नहीं है और अदालत की प्रक्रिया को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता.

कोर्ट ने जारी किया नया समन और दी अगली तारीख

आज की सुनवाई के दौरान नोरा के वकील की तरफ से पेशी से छूट की मांग रखी गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए कड़ी फटकार भी लगाई. कोर्ट ने साफ कर दिया कि इस मामले में ढिलाई नहीं बरती जाएगी. स्थिति को देखते हुए अदालत ने नया समन जारी किया है और अब नोरा फतेही को गवाही देने के लिए आगामी 6 नवंबर को कोर्ट में अनिवार्य रूप से पेश होना होगा. इस आदेश के बाद से एक बार फिर से यह मामला मीडिया की सुर्खियों में आ गया है.

क्या है सुकेश चंद्रशेखर और नोरा का कनेक्शन?

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह पूरा विवाद ठग सुकेश चंद्रशेखर के जरिए किए गए 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली और धोखाधड़ी कांड से जुड़ा हुआ है. इस मामले में जांच एजेंसियों ने कई बॉलीवुड हस्तियों से पूछताछ की थी, जिसमें नोरा फतेही का नाम भी शामिल रहा है. जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि सुकेश ने कई महंगे तोहफे और लग्जरी कारें अभिनेत्रियों को गिफ्ट की थीं. इसी सिलसिले में गवाह के तौर पर नोरा का बयान और कोर्ट में उनकी गवाही बेहद अहम मानी जा रही है, जिस पर लगातार कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

साजिश में सुकेश के साथ कई मददगार

जनवरी 2023 में पेश की गई सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज के नाम बतौर गवाह शामिल किए गए थे. इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग में दर्ज एक शिकायत से हुई थी. इसमें बताया गया था कि सुकेश चंद्रशेखर ने सलाखों के पीछे रहते हुए लगभग 200 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया. यह एफआईआर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी, अदिति सिंह द्वारा दर्ज करवाई गई थी.

अदिति सिंह का आरोप था कि सुकेश ने फर्जी सरकारी अफसर बनकर उनसे संपर्क साधा और उनके पति की जेल से रिहाई कराने का झांसा दिया. इसी आड़ में उसने उनसे एक मोटी रकम ऐंठ ली. जांच-पड़ताल में यह खुलासा हुआ कि इस आपराधिक साजिश में सुकेश के साथ कई अन्य मददगार भी शामिल थे.

नोरा फतेही का सुकेश केस से कनेक्शन

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में ईडी ने नोरा फतेही को तलब कर पूछताछ की थी. यह मामला साल 2021 की शुरुआत का है. बयान के दौरान नोरा ने जानकारी दी कि सुकेश और उसकी पत्नी ने उन्हें एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया था, जहां परफॉर्मेंस के एवज में उन्हें कैश के बदले कीमती उपहार दिए गए थे.

नोरा के इस बयान के बाद जांच एजेंसियों ने उन लग्जरी गिफ्ट्स की जांच शुरू की, जिनमें एक बीएमडब्ल्यू कार और गुच्ची का बैग जैसी महंगी चीजें शामिल थीं. अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सुकेश के साथ उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था और वे खुद इस जालसाज का शिकार हुई थीं. नोरा के मुताबिक, जैसे ही उन्हें किसी गड़बड़ी का आभास हुआ, उन्होंने सुकेश से अपना नाता पूरी तरह तोड़ लिया.

हालांकि, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब सुकेश ने एक हैंडरिटेन लेटर जारी कर यह दावा किया कि उसने नोरा को मोरक्को के कैसाब्लांका में मकान खरीदने के लिए करोड़ों रुपये दिए थे. सुकेश ने नोरा को 'विक्टिम कार्ड' खेलने का ड्रामा बंद करने की चेतावनी दी और उनकी पुरानी बातचीत सार्वजनिक करने की धमकी दी. इसके अतिरिक्त, उसने यह भी आरोप लगाया कि नोरा को जैकलीन के साथ उसके रिश्तों से जलन थी और वह जैकलीन से ब्रेकअप करने के लिए उसे दिन में कई-कई बार फोन करके विनती किया करती थी.

रिपोर्ट: अरविंद सिंह

यह भी पढ़ें: पन्नू का प्लान, ग्रैफिटी का गेम हुआ फेल: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले रची गई बड़ी साजिश, दिल्ली पुलिस ने कैसे 3 आरोपियों को दबोचा?

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अरविन्द सिंह ज़ी न्यूज़ में सीनियर जर्नलिस्ट हैं. पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव है. वह मुख्यत: सुप्रीम कोर्ट की रिपोर्टिंग करते हैं. इसके अलावा देशभर में कोर्ट से आने वाली बड़ी ख़बरों पर भी उनकी नज़र रहती है. कानून की जटिल, तकनीकी खबरों को सरल अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है, इन्होंने जामिया यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES