)
हॉलीवुड सिंगर और एक्टर निक जोनास ने हाल ही में अपना 34वां बर्थडे सेलिब्रेट किया. इस खास मौके पर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर अपने पूरे बर्थडे वीक के जश्न की अनसीन फोटो-वीडियो सेयर कीं. तस्वीरों में निक अपनी पत्नी और बॉलीवुड-हॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और बेटी मालती मैरी के साथ फुर्सत के पल बिताते नजर आ रहे हैं. फैंस को उनका ये फैमिली अंदाज खूब भा रहा है. निक ने अपने इस खास बर्थडे वीक को यादगार और परफेक्ट बनाने का पूरा श्रेय प्रियंका को दिया है. निक का बर्थडे 17 सितंबर को था, जो उन्होंने पूरे वीके सेलिब्रेट किया.
निक जोनास ने अपने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए अपनी पत्नी के लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मेरे जन्मदिन का ये पूरा हफ्ता एकदम परफेक्ट रहा, इसके लिए प्रियंका का बहुत-बहुत धन्यवाद’. निक के इस पोस्ट पर फैंस के साथ-साथ दुनिया भर के तमाम सेलेब्स भी जमकर प्यार बरसा रहे हैं. वायरल हो रही पहली तस्वीर में निक और प्रियंका गोल्फ कोर्स पर एक-दूसरे के साथ सुकून भरा समय बिताते नजर आ रहे हैं. वहीं, दूसरी फोटो में पूरा परिवार एक साथ गोल्फ खेलता और धूप का आनंद लेता दिखाई दे रहा है.
निक ने जो फोटो शेयर की हैं, उनमें उनके बर्थडे केक की झलक भी दिखाई दे रही है. ये एक बेहद शानदार चॉकलेट केक था, जिस पर लकड़ी के डिजाइन वाला एक खास टॉपर लगा हुआ था, जिस पर लिखा था, ‘हैप्पी बर्थडे 34 निक’. इस लजीज केक को चॉकलेट बार्स, कुकीज और ढेर सारे मार्शमैलो के साथ सजाया गया था. इसके साथ ही निक ने नन्हीं मालती मैरी की भी एक बहुत ही प्यारी फोटो शेयर की है, जिसमें मालती कलपफुल ड्रेस में एक चेयर पर आराम से बैठी नजर आ रही है. एक और फोटो में निक-प्रियंका रोमांटिक किस करते नजर आ रहे हैं.
निक के इस पोस्ट से कुछ दिन पहले खुद प्रियंका चोपड़ा ने भी अपने पति को जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयां दी थीं. प्रियंका ने निक के साथ कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर करते हुए एक दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा था, ‘उस खास इंसान को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई जो हर दिन हमारे सारे सपनों को सच करता है. हम आपसे बेइंतहा प्यार करते हैं गागा’. प्रियंका का अपने पति के लिए ये निकनेम फैंस को काफी पसंद आया था. सोशल मीडिया पर दोनों का ये प्यार और बॉन्डिंग हमेशा ही लोगों का दिल जीत लेती है और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिला.
निक जोनास और प्रियंका चोपड़ा का रिश्ता साल 2018 में शुरू हुआ था, जब दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था. कुछ ही महीनों की डेटिंग के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया. दिसंबर 2018 में राजस्थान के खूबसूरत शहर जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में दोनों की शादी हुई थी. कई दिनों तक चले इस ग्रैंड वेडिंग इवेंट में हिंदू और ईसाई दोनों ही रीति-रिवाजों से शादी की सभी रस्में निभाई गई थीं. इस शादी की तस्वीरें और वीडियो दुनिया भर में खूब वायरल हुए थे और तब से लेकर आज तक ये कपल हर जगह सुर्खिों में छाया रहता है.
शादी के करीब चार साल बाद ये कपल पहली बार माता-पिता बना. साल 2022 में इनके घर बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास का जन्म हुआ, जो सरोगेसी के जरिए दुनिया में आई थी. अब मालती इनके जीवन का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुकी हैं. वहीं, अगर करियर की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही भारतीय सिनेमा में शानदार वापसी करने जा रही हैं. वे मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली की आने वाली बड़ी फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आने वाली है. इस फिल्म में प्रियंका के साथ साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी लीड रोल में नजर आने वाले हैं.