फवाद खान के नाम से क्यों मचता है बवाल? पाकिस्तानी शो से लेकर पॉलिटिकल कमेंट तक जुड़ा विवादों का सफर
भारत और पाकिस्तान दोनों जगह खास पहचान बनाने वाले एक्टर फवाद खान का नाम अक्सर विवादों से जुड़ता रहा है. शो 'बरजख' की थीम से लेकर 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विवादित टिप्पणी और अब नेटफ्लिक्स सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' तक उनका नाम लगातार हेडलाइन्स में देखने को मिलता रहा है.
पाक एटंरटेनमेंट इंडस्ट्री में कुछ ही ऐसे आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने अपनी शानदार एक्टिंग और चार्मिंग पर्सनैलिटी से सरहदों के आर-पार एक जैसा प्यार बटोरा है. फवाद खान उन्हीं कुछ सितारों में से एक हैं. पाकिस्तान के टीवी सीरियल्स से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले फवाद ने 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है' जैसे सुपरहिट शोज के जरिए न केवल अपने मुल्क में, बल्कि भारत के घर-घर में भी खास जगह बना ली. उन्होंने अपनी सादगी और गहरी अदाकारी से इंडियन्स ऑडिंयस के दिल में एक खास जगह बना ली, जिससे धीरे-धीरे उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुल गए.
सोनम कपूर के साथ फिल्म 'खूबसूरत' से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाले फवाद ने इसके बाद 'कपूर एंड संस' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी हिट फिल्मों में काम करके अपने टैलेंट का लोहा मनवाया. हालांकि, जितनी तेजी से उनकी पॉपुलैरिटी का ग्राफ ऊपर चढ़ा, उतनी ही तेजी से उनके नाम के साथ विवादों की एक लंबी लाइन भी जुड़ती चली गई. कभी उनके प्रोजेक्ट्स के कंटेंट को लेकर सवाल उठे, तो कभी सीमा पार के तनाव और राजनीतिक बयानों ने उन्हें सुर्खियों ला खड़ा कर दिया.
LGBTQ थीम पर छिड़ा घमासान, हटाया गया शो
फवाद खान के करियर के सबसे फेमस विवादों में से एक उनकी वेब सीरीज 'बरजख' से जुड़ा रहा है. जिंदगी चैनल और यूट्यूब पर रिलीज हुए इस शो में फवाद खान और सनम सईद की जोड़ी लंबे वक्त बाद साथ नजर आई थी, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट थी. लेकिन शो के स्ट्रीम होने के बाद इसमें दिखाए गए एक LGBTQ लव एंगल को लेकर पाकिस्तान और सोशल मीडिया के एक बड़े तबके में तीखी नाराजगी भड़क उठी.
क्रिटिक्स ने इस कंटेंट को सामाजिक और धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ बताते हुए मेकर्स और कलाकारों को जमकर ट्रोल किया. देखते ही देखते विरोध इतना बढ़ गया कि मेकर्स को बैकफुट पर आना पड़ा और लोगों की भावनाओं का हवाला देते हुए इस शो को यूट्यूब से हटाने का फैसला लेना पड़ा, जिससे क्रिएटिव फ्रीडम पर एक नई बहस छिड़ गई.
'ऑपरेशन सिंदूर' पर टिप्पणी, एंटी-इंडिया बयानबाजी का आरोप
फिल्म और एंटरटेनमेंट की दुनिया से निकलकर फवाद खान कई बार सीधे तौर पर राजनीतिक विवादों के घेरे में भी आ चुके हैं. ऐसा ही एक बड़ा बवाल तब खड़ा हुआ, जब भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर फवाद खान की एक टिप्पणी सामने आई. इस सैन्य कार्रवाई को लेकर की गई उनकी टिप्पणी और उसे एक शर्मनाक कदम बताने वाले बयान ने भारत के लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया.
सोशल मीडिया पर इंडियन यूजर्स और कई संगठनों ने इसे सीधा 'एंटी-इंडिया स्टेटमेंट' करार देते हुए फवाद खान को ट्रोल किया. लोगों का कहना था कि जिस देश ने उन्हें इतना प्यार, सम्मान और काम दिया, उसी देश की सुरक्षा कार्रवाई पर सवाल उठाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है. इस घटना के बाद देश के लोगों में उनके प्रति नाराजगी और भी गहरी हो गई.
फिल्म 'अबीर गुलाल' को लेकर खड़ा हुआ बवाल
इंडिया और पाक के बीच तनावपूर्ण रिश्तों का सीधा असर फवाद खान के बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स पर भी साफ तौर पर देखने को मिला है. जब ये खबर सामने आई कि फवाद खान बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर के साथ रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'अबीर गुलाल' की मदद से हिंदी सिनेमा में वापसी करने जा रहे हैं, तो एक बार फिर विरोध के आवाज तेज हो गई.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना सहित कई संगठनों और सिने बॉडीज ने पाक कलाकारों के भारत में काम करने पर लगे प्रतिबंध का हवाला देते हुए इस फिल्म की रिलीज का कड़ा विरोध किया. राजनीतिक दलों और सोशल मीडिया पर उठते विरोध के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर खतरा मंडराने लगा और आखिर में ये प्रोजेक्ट ऑडियंस तक पहुंचने से पहले ही विवादों की भेंट चढ़ गया.
नेटफ्लिक्स सीरीज पर सियासी और इंडस्ट्री की जंग
फवाद खान के विवादों की लिस्ट में उनकी मोस्टअवेटेडस और मोस्टपॉपुलर नेटफ्लिक्स सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भी पीछे नहीं रही. पाक की इस पहली बड़ी नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज में फवाद खान के साथ माहिरा खान और सनम सईद जैसे बड़े सितारे शामिल हैं. जैसे ही इस प्रोजेक्ट से जुड़ी अपडेट्स सामने आईं, भारत में इसके बैन और रिलीज रोकने की मांग उठने लगी.
भारतीय फिल्म संगठनों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म को चेतावनी देते हुए पाक कंटेंट पर रोक लगाने की बात कही, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के राजनीतिक गलियारों से भी इस मुद्दे पर तीखा रिएक्शन सामने आया. इस तरह ये सीरीज अपनी कहानी से ज्यादा दो देशों के बीच चल रही सियासी खींचतान का मुद्दा बन गई.
बैन की राजनीति और कलाकारों की दोहरी चुनौती
फवाद खान के आसपास उठने वाले हर बवाल के पीछे साल 2016 के बाद बदली वो सिचुएशन्स भी हैं, जब उरी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर रोक लगा दी गई थी. उस दौर में भी करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' की रिलीज को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसमें फवाद खान ने एक अहम भूमिका निभाई थी.
तब से लेकर आज तक, जब भी फवाद खान किसी इंडियन प्रोडक्शन या इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म की मदद से इंडियन फैंस के सामने आने की कोशिश करते हैं, तो पुरानी यादें और पॉलिटिकल सेंसिटिविटी फिर से ऊपर पर आ जाती है.
पॉपुलैरिटी-विवादों के बीच चलता फवाद खान का नाम
आज फवाद खान एक ऐसे मुकाम पर खड़े हैं, जहां उनके चाहने वालों की संख्या करोड़ों में है, लेकिन उनके हर कदम पर विवादों का साया भी मंडराता रहता है. चाहे वो 'बरजख' जैसा बोल्ड और सेंसिटिव टॉपिक हो, 'अबीर गुलाल' के जरिए बॉलीवुड में कमबैक करने की कोशिश हो या फिर पॉलिटिकल बयानबाजी से निकला गुस्सा हो, फवाद खान का नाम सुर्खियों में बने रहने की गारंटी बन चुका है.