)
'ब्रिजर्टन' की कलरफुल, रॉयल और गॉसिप से भरी दुनिया एक बार फिर से सजने जा रही है. अगर आप सोच रहे हैं कि इस बार भी सिर्फ ब्रिजर्टन भाई-बहनों के सिर पर ही प्यार का भूत सवार होगा, तो जरा रूकिए! नेटफ्लिक्स ने इस बार एक ऐसा सरप्राइज तैयार किया है, जिसे सुनकर 'लेडी व्हिसलडाउन' भी अपनी कलम रोक नहीं पाएंगी. जी हां, 'क्वीन शार्लोट' की जबरदस्त सक्सेस के बाद, अब पूरा फोकस ब्रिजर्टन परिवार की सबसे समझदार और प्यारी, यानी लेडी वायलेट पर है.
नेटफ्लिक्स ने अपनी इस पॉपुलर सीरीज का ऑफिशियली नए स्पिन-ऑफ की अनाउंसमेंट कर दी है, जो हमें कहीं और नहीं, बल्कि सीधा वायलेट के गुजरे दिनों की हसीन यादों में ले जाएगा. ओरिजनल सीरीज में रूथ जेमेल जिस लेडी वायलेट का किरदार निभाती हैं, उन्हें हम सबने हमेशा अपने 8 बच्चों के लिए परफेक्ट पार्टनर ढूंढते और शादी करवाते हुए देखा है.
नेटफ्लिक्स ने हर बार की तरह इस बार वायलेट के बच्चों पर फोकस करने के बजाए, उन्हें मेन कैरेक्टर बनाने का फैसला किया है. क्योंकि सबकी जोड़ियां बनाने वाली वायलेट की अपनी भी एक लव स्टोरी है. नई लिमिटेड सीरीज ठीक वहीं से पर्दा उठाएगी. इसमें हम यंग वायलेट लेजर और विस्काउंट एडमंड ब्रिजर्टन के बीच की उस मैजिक केमिस्ट्री को देखेंगे, जिसका जिक्र लगभग हर भाग में किया गया है. वो पहला टच, वो छुप-छुपकर मिलना और शादी तक का सफर, इस बार हम सब कुछ इस शो में देखेंगे.

इस स्पिन-ऑफ की सबसे खास बात ये है कि इस प्रोजेक्ट को खुद शोंडा राइम्स तैयार करेंगी. वो निकोलस नारदिनी के साथ मिलकर इसे लिखने, चलाने और एग्जीक्यूट करने तक की सारी जिम्मेदारियों को खुद संभालेंगी. शोंडा वही नाम हैं जिन्होंने 'क्वीन शार्लोट: ए ब्रिजर्टन स्टोरी' बनाकर न सिर्फ फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया था, बल्कि एमी अवॉर्ड्स भी अपना नाम दर्ज कराया था. ऐसे में वायलेट और एडमंड की इस प्रेम कहानी से भी वही पुरानी कशिश, गहरे जज्बात और 18वीं सदी के शाही ड्रामे की उम्मीद की जा रही है.

सीरीज के मेकर्स ने इस गुड न्यूज को उस समय अनाउंस किया है, जब इस समय लंदन में 'ब्रिजर्टन सीजन 5' की शूटिंग बड़े जोर-शोर से चल रही है. वहीं आने वाले पांचवें सीजन में फैंस परिवार की शर्मीली बेटी फ्रांसेस्का और मिकेला के बीच के दिलचस्प रोमांस को देखने वाले हैं, जबकि सीजन 6 को भी पहले ही ग्रीन फ्लैग दिखाया जा चुका है. ऐसे में सीजन्स के इस लंबे इंतजार के बीच वायलेट की ये प्रीक्वल सीरीज फैंस के लिए किसी ताजा हवा के झोंके जैसी साबित होने वाली है, जो उन्हें इस यूनिवर्स से लगातार जोड़े रखेगी.

'क्वीन शार्लोट' ने हमें किंग जॉर्ज और रानी शार्लोट के प्यार के पीछे छिपे दर्द और मुश्किलों से रूबरू कराया था, ठीक वैसे ही ये नया स्पिन-ऑफ ब्रिजर्टन फ्रेंचाइजी को एक नया मोड़ देगा. ये सिर्फ दो लोगों के मिलने की कहानी नहीं होगी, बल्कि ये बताएगी कि सच्चा प्यार समय के साथ कैसे और गहरा होता जाता है. तो बस, अपने चाय के कप तैयार रखिए, क्योंकि पुराने पन्नों से निकलकर एक बेहद खूबसूरत, शाही और अनकही लव स्टोरी जल्द ही आपके स्क्रीन्स पर आने वाली है.