SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ना किसी का डर, ना चुप रहने की आदत: धनुष को खुला चैलेंज देने वाली सुपरलेडी के वो 5 विवाद, अकेले ही पूरी इंडस्ट्री से भिड़ गईं एक्ट्रेस

साउथ इंडस्ट्री की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा 18 नंवबर, 2026 को अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं. उन्होंने इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में अपनी दमदार पहचान सिर्फ फिल्मों से ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक अंदाज और हिम्मत से भी बनाई है. एक्ट्रेस ने डटकर हर मुश्किल का मुकाबला करते हुए हमेशा अपनी शर्तों पर स्टारडम कायम रखा है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 17, 2026, 20:54 IST | Updated: Nov 17, 2026, 21:40 IST
Join

सिनेमा की दुनिया में स्टारडम पाना और उसे सालों-साल बरकरार रखना हर किसी के बस की बात नहीं होती, लेकिन साउथ फिल्म इंडस्ट्री की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा ने इस बात को कई बार साबित किया है कि असफलता या विवाद उनके बुलंद हौसलों को कभी नहीं डिगा सकते हैं. 18 नवंबर, 2026 को नयनतारा अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं. 'माया', 'नियमम', 'जवान' और 'गोल्ड' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाली ये अदाकारा आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं.

नयनतारा ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में जो मुकाम हासिल किया है, वो अपने आप में एक मिसाल है. लेकिन उनका ये सफर सिर्फ सफलताओं तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके जीवन का एक ऐसा पहलू भी है जो उनकी बेबाकी और लड़ने की जिद को बयां करता है. नयनतारा का नाम जितना उनकी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाना जाता है, उतना ही वो अपने बेबाक अंदाज और जिंदगी के बड़े-बड़े तूफानों का डटकर मुकाबला करने के लिए भी पहचानी जाती हैं.

'बॉस लेडी' का दमदार अंदाज

साउथ सिनेमा के इतिहास में शायद ही कोई ऐसा कलाकार होगा जिसने इतने बड़े और गंभीर विवादों का सामना करने के बाद भी अपने स्टारडम को और अधिक मजबूत किया हो. चाहे बात कानूनी पचड़ों की हो, धार्मिक या राजनीतिक बहसों की या फिर निजी जिंदगी पर उठने वाले सवालों की हो, एक्ट्रेस नयनतारा ने हर मुश्किल परिस्थिति का अकेले ही सामना किया है और साबित कर दिया है कि वो किसी के आगे झुकने वाली नहीं हैं.

पहला विवाद- धनुष के साथ कानूनी जंग और एक खुला खत

नयनतारा और कलाकार-निर्माता धनुष के बीच हुआ विवाद इंडस्ट्री का सबसे बड़ा हॉट टॉपिक बन गया था. नेटफ्लिक्स पर आई उनकी डॉक्यूमेंट्री 'नयनतारा: बियॉन्ड द फेयरी टेल' में उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'नानुम राउडी धान' के महज तीन सेकंड के बीटीएस (BTS) फुटेज के इस्तेमाल को लेकर धनुष ने 10 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेज दिया था.

इस बात से नाराज होकर नयनतारा ने चुप बैठने के बजाए धनुष को एक लंबा-चौड़ा और बेहद तीखा खुला खत लिखा, जिसमें उन्होंने धनुष के ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन व्यवहार पर खुलकर सवाल उठाए. उनके इस निडर और बेबाक कदम ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया और ये साबित कर दिया कि वो किसी के दबाव में आने वाली नहीं हैं.

दूसरा विवाद- तिरुपति मंदिर में जूते पहनने -फोटोग्राफी का बखेड़ा

नयनतारा की पर्सनल लाइफ और उनकी आस्था भी कई बार पब्लिक स्टेज पर बड़े विवादों का केंद्र रही है. निर्देशक विग्नेश शिवन के साथ अपनी शादी के तुरंत बाद, जब वो भगवान का आशीर्वाद लेने तिरुपति मंदिर पहुंची थीं, तो वहां उनके जूते पहनकर चलने और फोटो खिंचवाने को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. मंदिर के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगने के बाद मामला काफी तूल पकड़ गया था. हालांकि, स्थिति को संभालते हुए उनके पति विग्नेश शिवन ने तुरंत श्रीवारी देवस्थानम से माफी मांगी थी, लेकिन इस घटना ने मीडिया और फैंस के बीच काफी सुर्खियां बटोरी थीं।.

तीसरा विवाद- 'अन्नपूर्णी' ओटीटी मामला - धार्मिक भावनाओं पर बवाल

नयनतारा की फिल्म 'अन्नपूर्णी' को लेकर भी सिनेमा की दुनिया में जबरदस्त हंगामा मचा था. इस फिल्म के एक सीन को लेकर ये आरोप लगाया गया था कि इसने कुछ लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. विवाद इतना बढ़ा कि न सिर्फ सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट की मांग उठी, बल्कि इसे नेटफ्लिक्स ओटीटी प्लेटफॉर्म से भी हटाना पड़ा. इस पूरे विवाद के दौरान फिल्म से जुड़े लोगों को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, लेकिन नयनतारा के फैंस का सपोर्ट इस मुश्किल वक्त में भी उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा रहा.

चौथा विवाद- सरोगेसी के नियमों की जांच- कानूनी प्रोसेस

साल 2022 में जब नयनतारा और विग्नेश शिवन सरोगेसी के जरिए जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने, तो इस खुशखबरी के साथ ही एक कानूनी विवाद भी जुड़ गया. तमिलनाडु सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जांच के आदेश दिए कि क्या उनकी सरोगेसी प्रोसेस देश के तय नियमों और कानूनों के दायरे में हुई थी या नहीं. इस अचानक आई कानूनी जांच ने उनके परिवार को कुछ समय के लिए मुश्किल में डाल जरूर डाला, लेकिन बाद में सारे दस्तावेजों और नियमों के सही पाए जाने पर उन्हें पूरी तरह से क्लीन चिट मिल गई, जिससे ट्रोलर्स का मुंह बंद हो गया.

पांचवा विवाद- सीवी शनमुगम की टिप्पणी - बेबाक चुप्पी

फिल्मी दुनिया के अलावा नयनतारा को कई बार राजनीतिक बयानों और टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा है. एआईएडीएमके (AIADMK) के सीनियर नेता सीवी शनमुगम द्वारा उनके पहनावे और पब्लिकली लाइफस्टाइल को लेकर की गई एक राजनीतिक टिप्पणी ने काफी विवाद पैदा किया था. इस तरह के बयानों ने ये दिखाया कि कैसे एक सक्सेसफुल फीमेल आर्टिस्ट को अक्सर राजनीतिक बयानों का निशाना बनाया जाता है. हालांकि, नयनतारा ने ऐसे विवादों पर कभी भी सस्ता रिएक्शन देने के बजाए अपने काम और अपनी गरिमा से जवाब देना बेहतर समझा.

एक दशक लंबा सफर और कॉन्फिडेंस

नयनतारा का 41वां जन्मदिन इस बात का जश्न है कि कैसे उन्होंने हर आंधी और हर विवाद का सामना करते हुए खुद को साउथ सिनेमा की  'लेडी सुपरस्टार' के रूप में स्थापित किया है. चाहे सिस्टम से भिड़ना हो या अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना हो, उन्होंने हर बार ये साबित किया है कि उनका स्टारडम किसी एक हिट या फ्लॉप फिल्म का मोहताज नहीं है, बल्कि ये उनके मजबूत इरादों और कभी हार न मानने वाली पर्सनैलिटी का असर है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES