)
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 8 महीने से जारी सैन्य तनातनी फिर तेज होने की आशंका जताई जा रही है. ईरान ने अमेरिकी निर्मित 'LUCAS' अटैक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है. तेहरान का कहना है कि यह ड्रोन होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर उड़ान भर रहा था, जिसे ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने ट्रेस करके हवा में ही ब्लास्ट कर दिया.
ईरान के सरकारी टीवी IRIB ने सेना के हवाले से यह रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका के एक ड्रोन को होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर उड़ान भरते देखा गया था. उसे ट्रैक करके होर्मुज के ऊपर ही उसे तबाह कर दिया गया. खबर के मुताबिक, कश्म द्वीप के निवासियों ने भी शहर के उत्तर-पश्चिम में कई भीषण धमाकों की आवाजें सुनीं. इसके साथ ही, द्वीप के आसमान में धुएं का गुबार उठते भी देखा गया.
ईरान की IRGC ने LUCAS ड्रोन को गिराने से ठीक पहले एक अन्य अमेरिकी 'MQ-1 प्रेडेटर' ड्रोन को कश्म द्वीप के दक्षिण में तबाह करने की बात कही. इन दावों की अब तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही अमेरिकी सेना ने अपने नुकसान के बारे में कोई बयान जारी किया है. लेकिन इतना तय है कि ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम अभी खत्म नहीं हुआ है और वह इनके जरिए लगातार अमेरिका के ड्रोनों को निशाना बना रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के दो ड्रोन नष्ट करने के ईरान के दावे से कुछ घंटे पहले यूएस ने भी ऐसा ही दावा किया. यूएस आर्मी की सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में कहा कि उसने बहरीन को निशाना बनाकर भेजे गए IRGC के कई ड्रोन्स को रास्ते में ही रोककर नष्ट कर दिया.
CENTCOM के बयान के मुताबिक, ईरान के ड्रोन अटैक में अमेरिकी उपकरणों और सैनिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. बहरीन के अधिकारियों ने भी यही बात दोहराई. उन्होंने कहा कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने मुल्क की ओर आने वाले खतरों को नाकाम कर दिया. जब ईरान के ये हमले हुए तो बहरीन की राजधानी मनामा में सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया गया. इसके साथ ही, लोगों को जान बचाने के लिए सुरक्षित इलाकों में जाने के लिए कहा गया.
जियो-पॉलिटिकल एक्सपर्टो के मुताबिक, ईरान का कश्म द्वीप और बहरीन, दोनों ही रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील हैं. असल में कश्म द्वीप दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट के मुहाने पर स्थित है. वहीं बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है. इस मुख्यालय के जरिए अमेरिका पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिकी समुद्री अभियानों की कमान संभालता है.
ईरान का कहना है कि बहरीन से उसकी कोई दुश्मनी नहीं है. वह उस पर हमले वहां लगे अमेरिकी रडार और डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने के लिए कर रहा है. ऐसा करके वो क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का बदला ले रहा है.