)
Mushtaq Khan Death: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री को काफी तगड़ा झटका लगा है. इंडस्ट्री में चारों तरफ शोक की लहर फैल गई है. उनके दोस्तों और सहयोगियों ने उन्हें नम आंखों से याद किया है. अनुपम खेर, राजपाल यादव, अनीस बज्मी और संजय मिश्रा जैसी जानी-मानी हस्तियों ने दिवंगत एक्टर के साथ अपनी यादें शेयर की हैं. इसके साथ ही बॉक्स ऑफिस सेमी हिट फिल्म 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक अलग बात शेयर की.
फिल्म 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने ट्विटर (अब X) पर मुश्ताक खान की एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए खुलासा किया कि वे जल्द ही एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले थे. उन्होंने लिखा, 'हम साथ काम करने वाले थे मुश्ताक जी, आप कितने बेहतरीन कलाकार थे और क्या विरासत छोड़ गए हैं. ओम शांति!'
We were supposed to work together Mushtaq ji, what an actor you were, what a legacy you left! ॐ शांति https://t.co/pcduUhwby6
— Dr. Vishal Chaturvedi #विष (@filmervishal) September 25, 2026
वहीं, दूसरी ओर गुरुवार को एक्टर राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर मुश्ताक खान की एक तस्वीर शेयर कर बताया कि वे निधन से केवल 2 घंटे पहले ही उनसे मिले थे. राजपाल यादव ने लिखा, 'आज दोपहर मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया था, उनसे बात की. उन्होंने मुझे देखा, हाथ मिलाया और हमारी बातों को सुनकर प्रतिक्रिया भी दे रहे थे. मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस इंसान से मैं दो घंटे पहले मिला और हाथ मिलाया, वह अब हमारे बीच नहीं है. हम सभी ईश्वर के फैसले के आगे नतमस्तक हैं. मुश्ताक भाई एक लोकप्रिय व्यक्ति और अभिनेता थे और हमेशा रहेंगे. भारी मन से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.'
'वेलकम' फिल्म के निर्देशक अनीस बज्मी ने भी सोशल मीडिया पर मुश्ताक भाई (जिन्हें वे प्यार से 'बालू' कहते थे) के जाने पर गहरा सदमा जताया. उन्होंने लिखा, 'मुश्ताक भाई के जाने से निशब्द हूं. वह एक बेहतरीन कलाकार और बेहद खूबसूरत इंसान थे. अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार व प्रियजनों को यह दुख सहने की ताकत दें.'
मुश्ताक खान का गुरुवार की शाम करीब 7 बजे निधन हो गया था. वे कैंसर से जंग लड़ रहे थे और उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल की आईसीयू में गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया था. उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने बताया कि मुश्ताक जी को पहले भी फेफड़ों का कैंसर यानी लंग कैंसर हुआ था और वे ठीक हो चुके थे. हालांकि, 8 दिन पहले कैंसर दोबारा उभर आया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. यह कैंसर का आखिरी स्टेज था.
बता दें कि मुश्ताक खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 1980 में आई फिल्म 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से की थी. वे बॉलीवुड की कई फेमस फिल्मों में अपने यादगार किरदारों के लिए जाने जाते हैं. इनमें 'वेलकम', 'आशिकी', 'मुझसे शादी करोगी' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी कई फिल्मों के नाम शामिल हैं.