इंडियन एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दो दिग्गज रजनीकांत और मिथुन चक्रवर्ती लगभग तीन दशक बाद एक बार फिर पर्दे पर के साथ नजर आने वाले हैं. साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल यानी 'जेलर 2' बहुत जल्द सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाला है. इस फिल्म में थलाइवा रजनीकांत एक बार फिर अपने धांसू अंदाज में नजर आएंगे, तो वहीं उनके अपोजिट खलनायक की भूमिका में मिथुन दा का खतरनाक अंदाज देखने को मिलेगा. हाल ही में हुए 'जेलर 2' सुपर शो के दौरान खुद रजनीकांत ने फिल्म से जुड़ा एक ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर हर कोई अपनी हंसी नहीं रोक पाया.
इस इवेंट के दौरान अपनी स्पीच में रजनीकांत ने बताया कि इस फिल्म के लिए मिथुन चक्रवर्ती को राजी करना मेकर्स के लिए आसान नहीं था. जब प्रोडक्शन टीम ने मिथुन दा से खलनायक का रोल निभाने के लिए कॉन्टैक्ट किया, तो उन्होंने शुरुआत में इसे बिना समय गवाए ठुकरा दिया. मिथुन दा ने हैरानी जताते हुए कहा, 'मैं रजनीकांत की फिल्म में खलनायक बनूं?'
मिथुन दा ने अपनी बात को पुरा करते हुए आगे कहा, 'रजनीकांत मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं. वो फिल्म में हीरो हैं, मैं खलनायक? क्या मुझे रजनीकांत से मार खानी चाहिए? बिलकुल नहीं, मैं ये नहीं करूंगा.' मिथुन दा ने इतना कहते हुए फिल्म का ऑफर ठुकरा जिया और इस धमाकेदार प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया था. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. रजनीकांत ने बताया कि बाद में वो वेव्स समिट के एक इवेंट में शामिल हुए थे.

इस इवेंट में देश के प्रधानमंत्री भी मौजूद थे और वहीं रजनीकांत की मुलाकात मिथुन चक्रवर्ती से हुई. वहां मिथुन दा ने खुद उनसे इस बारे में बात की और कहा, 'उन्होंने इस फिल्म के लिए मुझसे कॉन्टैक्ट किया है, अगर आप कहेंगे तो मैं ये फिल्म कर दूंगा.' रजनीकांत ने बिना देर किए तुरंत हामी भर दी और कहा, 'बेशक, ये बहुत अच्छा होगा.' इसके बाद बातचीत आगे बढ़ी और मिथुन दा ने अपनी एक अनोखी शर्त रख दी.
रजनीकांत ने आगे बताया कि मिथुन चक्रवर्ती ने फिल्म करने के लिए हां तो कह दिया, लेकिन साथ में एक शर्त भी रखी. मिथुन दा ने कहा, 'ठीक है, लेकिन एक शर्त पर, 'आप न तो मुझे पीटेंगे और न ही मुझ पर गोली चलाएंगे'. इस पर मैंने उनसे कहा, 'मैं निर्देशक से पूछकर वापस आता हूं'. लेकिन मुझे यकीन था कि वो सिर्फ कहने के लिए ऐसा कह रहे थे.' दोस्त की इस मजेदार डिमांड ने वहां मौजूद सभी लोगों को हंसा-हसाकर लोटपोट कर दिया.

आपको बता दें कि 'जेलर 2' से पहले ये दोनों दिग्गज साल 1989 में रमेश सिप्पी की फिल्म 'भ्रष्टाचार' और 1997 की फिल्म 'भाग्य देवता' में साथ काम कर चुके हैं. 'जेलर 2' साल 2023 की सुपरहिट फिल्म 'जेलर' का मच-अवेटेड सीक्वल है. पहली फिल्म में मुथुवेल पांडियन नाम के एक सेवानिवृत्त जेलर की कहानी दिखाई गई थी, जिसका शांति से भरा जीवन तब उलट-पुलट हो जाता है, जब उसका पुलिस अधिकारी बेटा मूर्ति तस्करी के मामले में लापता हो जाता है. ये मोस्ट पॉपुलर फिल्म 15 अक्टूबर, 2026 को ग्लोबल लेवल पर रिलीज होने वाली है.