56 दिन बाद OTT पर कालीन भैया का भौकाल: 338 करोड़ कमाने के बाद ऑनलाइन स्ट्रीम हुई Mirzapur मूवी; वीकेंड पर यहां देखें
सिनेमाघरों में 338 करोड़ से ज्यादा का भौकाल काटने के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अब ओटीटी पर आ गई है. कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की पुरानी दुश्मनी और नया खेल अब आपके मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा. अगर बड़े पर्दे पर देखने से चूक गए थे, तो जानिए पूरी डिटेल.
सिनेमाघरों में ऑडियंस का दिल जीतने के बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ घर-घर दस्तक दे दी है. पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की जबरदस्त अदाकारी से सजी ये क्राइम थ्रिलर फिल्म 30 अक्टूबर से ओटीटी पर स्ट्रीम होने जा रही है, जो लोग थियेटर जाकर कालीन भैया और गुड्डू पंडित की खूनी जंग देखने से चूक गए थे, उनके लिए अब शानदार मौका है कि वे आराम से अपने घर पर बैठकर वीकेंड पर इस पूरी कहानी का टीवी या मोबाइल पर लुत्फ उठा सकते हैं.
बड़े पर्दे पर 4 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने टिकट काउंटर पर जमकर नोट छापे. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने शुरुआती 28 दिनों के अंदर बॉक्स ऑफिस पर 229.60 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया था. भारत में इसका टोटल ग्रॉस कलेक्शन 273.22 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था. वहीं, विदेश में बैठी ऑडियंस ने भी दिल खोलकर प्यार लुटाया. वहां इसने 65.30 करोड़ कमाए. इस तरह दुनिया भर में फिल्म ने 338.52 करोड़ की बंपर कमाई की थी.
फिल्म की पुरानी दुनिया में वापसी
फिल्म की कहानी ओटीटी पर स्ट्रीम हुई वेब सीरीज को आगे बढ़ाने के बदले ऑडियंस को पुराने दौर में वापस ले जाती है. फिल्म का पूरा स्क्रीनप्ले कालीन भैया के फैले हुए कारोबार और उनके वर्चस्व के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देती है. कहानी में असल भूचाल तब आता है, जब जैसलमेर का बड़ा तस्कर बब्बन यादव नशीले सामान की भारी खेप लेकर अचानक गायब हो जाता है. इस एक घटना ने पूरे शहर के सियासी और ताकतवर इक्वेशन को पूरी तरह हिलाकर रख दिया.
मुन्ना और गुड्डू के बीच तनातनी
अपने बने-बनाए रुतबे और धंधे को बचाने के लिए कालीन भैया को एकदम नई चुनौतियों से जूझना पड़ता है. इसी उथल-पुथल के बीच मुन्ना त्रिपाठी, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के आपसी रिश्तों में खिंचाव आने लगता है. इस मुश्किल घड़ी में सबकी वफादारी और नीयत की कड़ी परीक्षा होती है. कहानी में जिस तरह से नए मोड़ आते हैं, वो ऑडियंस को स्क्रीन से एक पल के लिए भी हटने का मौका नहीं देते. अगर आप इसे थिएटर में देखने से चुक गए तो अब घर बैठे देख लें.
कलाकारों की शानदार टोली
बड़े पर्दे पर लोगों का दिल जीतने वाली ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी ने हमेशा की तरह कालीन भैया के रोल में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी. अली फजल ने गुड्डू और दिव्येंदु ने मुन्ना के रूप में पूरा दम भरा है. इनके अलावा रवि किशन, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, अभिषेक बनर्जी, हर्षिता गौर, राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा और सोनल चौहान जैसे उम्दा कलाकारों ने अपने अभिनय से जान फूंकी है. ये सभी मिलकर पर्दे पर पुराना रोमांच फिर जिंदा कर देते हैं.
प्राइम वीडियो पर देखिए पूरा भौकाल
बदले, सियासत और उलझे हुए रिश्तों का ये पूरा ताना-बाना अब प्राइम वीडियो पर ऑनलाइन देखा जा सकता है. पूर्वांचल के मिजाज और इन किरदारों को बेपनाह प्यार देने वाले फैंस के लिए ये मौका किसी बड़े त्योहार से कम नहीं है. वीकेंड पर घर में बैठकर दोस्तों या परिवार के साथ इस रोमांचक सफर का आनंद लिया जा सकता है. ये फिल्म एंटरटेनमेंट का पूरा डोज लेकर सीधे आपके घर की टीवी स्क्रीन या मोबाइल पर आ पहुंची है, तो इस वीकेंड इसको देखना न भूलें.