SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'ये तो साधु बन गई थी ना?' अवॉर्ड मिला तो खुशी से नाच उठीं ममता कुलकर्णी! बच्चों संग डांस का Video Viral, ट्रोलर्स ने उड़ाया मजाक

Mamata Kulkarni Trolled: बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी और डांस स्टेप्स से 90s में लाखों-करोड़ों दिलों पर राज किया था. लेकिन साल 2025 में उन्होंने संन्यास ले लिया और वो साधु बन गईं. वहीं हाल ही में राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में उन्हें अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जहां उन्होंने 90 के दशक के पॉपुलर गानों पर डांस किया. उनका ये अंदाज देखकर इंटरनेट यूजर्स हैरान रह गए और उन्हें जमकर ट्रोल कर दिया.

Written By Jyoti Rajput
Published: Sep 27, 2026, 11:57 AM IST | Updated: Sep 27, 2026, 12:50 PM IST
Image Credit: बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी हुईं ट्रोल
Join

ममता कुलकर्णी एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं, जिसके पीछे की वजह उनका हालिया वायरल वीडियो है. इस वीडियो में वो अपने 90 के दशक के मशहूर गानों पर डांस करती नजर आ रही हैं. जयपुर में आयोजित 14वें राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में ममता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. अवॉर्ड लेने पहुंचीं ममता ने कार्यक्रम में मौजूद स्टूडेंट के साथ जमकर डांस भी किया. जैसे ही उनकी फिल्मों के गाने बजे, ममता ने भी पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं. उन्हें 'घातक' के 'कोई जाए तो ले आए', 'करण अर्जुन' के 'एक मुंडा मेरी उम्र का' और 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' के 'लम्बा लम्बा घूंघट' जैसे गानों पर थिरकते देखा गया. देखते ही देखते कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.

सोशल मीडिया पर ममता के डांस से ज्यादा चर्चा उनके लुक की हुई. स्टेज पर वो ग्लैमरस आउटफिट में नजर आईं, जो उनके उस साध्वी रूप से काफी अलग था, जिसमें वो पिछले कुछ समय से दिखाई देती रही हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके नए वीडियो को उनके पुराने बॉलीवुड अवतार से जोड़ना शुरू कर दिया. कुछ लोगों को उनका ये अंदाज पसंद आया, तो कुछ ने उनके आध्यात्मिक जीवन को लेकर मजाकिया टिप्पणियां भी कीं.

'साध्वी बन गई थीं ना?' सोशल मीडिया यूजर्स ने किया ट्रोल

मामता का वीडियो सामने आने के बाद इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह के कमेंट आने लगे. कुछ यूजर्स ने उनके संन्यास को याद करते हुए मजाक किया. किसी ने लिखा, 'भाई ये तो संन्यासी हो गई थी', तो किसी ने पूछा, 'ये तो साधु बन गई थी ना?' एक यूजर ने लिखा कि उन्होंने तो संन्यास ले लिया था, जबकि एक अन्य ने उनके महामंडलेश्वर बनने का जिक्र किया. कुछ कमेंट्स में उनके आध्यात्मिक सफर और अब दिख रहे ग्लैमरस अंदाज के बीच अंतर पर भी चुटकी ली गई. लेकिन हर रिएक्शन निगेटव नहीं था. कई लोगों ने ममता की तारीफ करते हुए उन्हें अपनी जनरेशन का सुपरस्टार बताया और कहा कि वो आज भी बेहद खूबसूरत लगती हैं.

महाकुंभ में लिया था संन्यास

ममता कुलकर्णी के आध्यात्मिक सफर की बात करें, तो उन्होंने 24 जनवरी 2025 को प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान संन्यास लिया था. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने संगम पर पिंडदान अनुष्ठान किया और उन्हें श्री यमाई ममता नंद गिरि नाम दिया गया. इसके बाद उन्हें किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर नियुक्त किया गया. हालांकि, उनकी नियुक्ति को लेकर अखाड़े के भीतर विवाद भी सामने आया. फरवरी 2025 में ममता ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने की बात कही थी. बाद में उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ और वो अपनी आध्यात्मिक यात्रा जारी रखेंगी. ऐसे में उनका हालिया ग्लैमरस अंदाज सामने आने के बाद लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.

24 साल बाद मुंबई लौटी थीं ममता

ममता कुलकर्णी 90 के दशक में बॉलीवुड के पॉपुलर चेहरों में शामिल थीं. ‘आशिक आवारा’, ‘वक्त हमारा है’, ‘क्रांतिवीर’, ‘करण अर्जुन’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘घातक’ और ‘चाइना गेट’ जैसी फिल्मों ने उन्हें खास पहचान दिलाई. साल 1994 में उन्हें ‘आशिक आवारा’ के लिए फिल्मफेयर लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला था. इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली और करीब 24 साल तक मुंबई से दूर रहीं. दिसंबर 2024 में वो मुंबई वापस लौटी थीं. उनके नाम का संबंध विक्की गोस्वामी से भी जोड़ा गया और साल 2016 में ठाणे पुलिस ने एक ड्रग मामले में उनका नाम आरोपी के तौर पर लिया था. ममता ने इन आरोपों से इनकार किया था. साल 2024 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ मामले की कार्यवाही खारिज कर दी और कहा कि मुकदमा आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सबूत नहीं थे.

बॉलीवुड वापसी नहीं, लेकिन पुरानी यादें जरूर लौटीं

मुंबई लौटने के बाद ममता ने साफ कहा था कि उनका फोकस बॉलीवुड में वापसी करने के बजाय अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर है. लेकिन राजस्थान फिल्म फेस्टिवल का स्टेज कुछ अलग ही तस्वीर दिखाता नजर आया. जैसे ही उनकी पुरानी फिल्मों के गाने बजे, 90 के दशक की वही ममता लोगों के सामने दिखाई दीं, जिन्हें फैंस ने कभी बड़े पर्दे पर खूब पसंद किया था. उनके डांस के वीडियो वायरल होने के बाद अब सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी फिल्मों और गानों की भी चर्चा होने लगी है. फिलहाल ममता ने बॉलीवुड में वापसी को लेकर कोई नई अनाउंसमेंट नहीं की है. लेकिन इतना जरूर है कि उनके कुछ मिनट के इस डांस ने उनकी 90s वाली यादों को एक बार फिर लोगों के बीच ताजा कर दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES