'मुझे खुद अपना पिता बनना पड़ा...', महेश भट्ट से कैसे बिगड़े बेटे राहुल भट्ट के रिश्ते? बोले- 'पापा थे भी, और नहीं भी'
Rahul Bhatt Opens Up Relationship With Dad Mahesh Bhatt: बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर महेश भट्ट के बेटे राहुल भट्ट ने हाल ही में हुई बातचीत में इस बात का खुलासा किया कि अभी भी उनके पिता ही घर का सारा खर्च उठाते हैं. उन्हें फिलहाल कुछ देखना नहीं पड़ता है. अपने बचपन को लेकर भी उन्होंने बताया कि मां भले ही दुखी थीं, लेकिन वो उनका ख्याल रखते थे.
Rahul Bhatt Opens Up Relationship With Dad Mahesh Bhatt: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर महेश भट्ट की पहली पत्नी किरण से हुए बेटे राहुल भट्ट जब बड़े हो रहे थे, तब महेश भट्ट अपने करियर में काफी ज्यादा व्यस्त थे. हाल ही में राहुल ने अपने पिता के साथ अपने 'टूटे हुए' रिश्ते पर खुलकर बात की है. उन्होंने अपने बचपन और सालों से चले आ रहे रिश्ते के बारे में खुलकर बात की है.
अपने बचपन और सालों से चले आ रहे रिश्ते को याद करते हुए राहुल ने बताया कि उन्हें महसूस हुआ कि महेश भट्ट उनके लिए थोड़े उदासीन रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने दोनों के बीच बातचीत की कमी (कम्युनिकेशन गैप) का भी जिक्र किया.
मुझे खुद अपना पिता बनना पड़ा- राहुल भट्ट
दरअसल, हाल ही में राहुल ने सिद्धार्थ कनन से बात करते हुए बताया कि, 'मुझे खुद अपना पिता बनना पड़ा. मेरे पिता वहां थे, लेकिन फिर भी वह नहीं थे. वह ऐसे कारणों से मेरे प्रति थोड़े उदासीन रहे हैं, जिन्हें वही सबसे बेहतर जानते हैं. मैं अपने पिता से प्यार करता हूं, उनका सम्मान करता हूं, लेकिन मैं अपने पिता जैसा नहीं हूं. यह एक टूटा हुआ रिश्ता है.' राहुल ने आगे बताया कि उन्हें अपने पिता के साथ हमेशा 'बातचीत की समस्या' का सामना करना पड़ा है.
तलाक के बाद की दूसरी शादी
महेश भट्ट और किरण साल 1970 के दशक में एक-दूसरे से अलग हो गए थे, हालांकि, कानूनी तौर पर दोनों 1988 में अलग हुए थे. इसके बाद डायरेक्टर महेश भट्ट ने साल 1988 में एक्ट्रेस सोनी राजदान से शादी कर ली, जिनसे उनकी दो बेटियां आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट हैं.
सौतेली मां सोनी राजदान से कैसा है राहुल का रिश्ता?
अपनी सौतेली मां के साथ अपने रिश्ते पर चर्चा करते हुए राहुल ने सोनी राजदान को 'बहुत अच्छी' और 'गर्मजोशी से भरी' बताया, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें लगता है कि उनका रिश्ता ज्यादातर सिर्फ एक औपचारिकता है. राहुल ने आगे कहा, 'वे मुझे फोन करते हैं, लेकिन यह सब एक औपचारिकता है.'
क्या महेश भट्ट आज भी पहली पत्नी की मदद करते हैं?
राहुल ने कहा कि महेश भट्ट के साथ उनके रिश्ते में तनाव के बावजूद, उनके पिता लगातार किरण का ख्याल रखते हैं और उनका समर्थन करते हैं. राहुल ने बताया, 'मेरी मां उदास रहा करती थीं. वह घर पर ही रहती थीं. घर में काफी नकारात्मकता थी. किसी को कोई दिलचस्पी नहीं थी, कोई बातचीत नहीं होती थी. माहौल काफी अजीब था. लेकिन वह (महेश भट्ट) एक बेहतरीन इंसान हैं. मैं उनका सम्मान करता हूं. वह मेरी मां का ख्याल रखते हैं और मैं इस बात की भी कद्र करता हूं. जब भी आर्थिक तंगी आती है तो वह मदद के लिए मौजूद रहते हैं. उस लिहाज से मैं एक आलीशान जिंदगी जी सकता हूं. मैं घर का अकेला कमाने वाला नहीं हूं, मेरे पिता घर के खर्च उठाते हैं.'
राहुल भट्ट की खुद की आर्थिक स्थिति कैसी है?
राहुल ने यह भी जोड़ा कि वह खुद भी एक आरामदायक जिंदगी कमाने में काबिल हैं और आर्थिक रूप से पूरी तरह से आत्मनिर्भर हैं. हालांकि, घर चलाने की जिम्मेदारी मेरी नहीं है. क्योंकि मेरे पिता ही घर का सारा खर्च उठाते हैं.
बता दें कि महेश भट्ट ने बताया था कि जब राहुल पर साल 2008 में मुंबई हमलों के आरोपी डेविड हेडली से दोस्ती करने का आरोप लगा था, तो उन्होंने राहुल का साथ दिया और इससे वे एक-दूसरे के करीब आए थे. डायरेक्टर ने बताया था कि 'जब वह मुश्किल दौर में आया, तो परिवार एक साथ आ गया. राहुल को एहसास हुआ कि जिस पिता के बारे में उसे लगता था कि वे साथ नहीं हैं, वे असल में कभी दूर गए ही नहीं थे. धीरे-धीरे हमने अपने रिश्ते को फिर से बनाना शुरू किया और मैंने उससे कहा कि वह मेरे प्रति अपने गुस्से का इस्तेमाल अपने लक्ष्यों को पाने के लिए करे और उसने ऐसा कर दिखाया.'